Powered By Blogger

गुरुवार, 30 अक्तूबर 2014

सृष्टि की प्रथम फसल जौ की खेती : सीमित लागत अधिक मुनाफा

डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर
प्राध्यापक (सस्यविज्ञान बिभाग)
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषकनगर, रायपुर (छत्तीसगढ़)
          
              भारत में जौ (बारले) की खेती प्राचीनकाल (9000 वर्ष पूर्व ) से होती आ रही है। भारत में धार्मिक रूप से जौ  का विशेष महत्व है । चैत्र प्रतिपदा से हिन्दू नववर्ष के प्रारंभ के साथ ही बड़े नवरात्र शुरू होते हैं। ये नौ दिन माता की आराधना के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। नवरात्रि में देवी की उपासना से जुड़ी अनेक मान्यताएं हैं और  उन्ही में से एक है नवरात्रि पर घर में जवारे या जौ लगाने की। नवरात्रि में जवारे इसलिए लगाते हैं क्योंकि माना जाता है कि जब शृष्टि की शुरूआत हुई थी तो पहली फसल जौ ही थी। इसलिए इसे पूर्ण फसल कहा जाता है। यह हवन में देवी-देवताओं को चढ़ाई जाती है । बसंत ऋतु  की पहली फसल  जौ ही होती है। जिसे हम माताजी को अर्पित करते है जिसके  पीछे मूल भावना  यही है कि माताजी के आर्शीवाद से पूरा घर वर्ष भर धनधान्य से परिपूर्ण बना रहे।

क्यों करें जौ की खेती
               भूली बिसरी प्राचीन फसलों में से एक जौ, के  महत्व को आज के आधुनिक युग में वो पहचान नहीं मिल रही है जिसकी वह असली हकदार है।   भारत की धान्य फसलों में  गेहूँ के बाद दूसरा स्थान जौ का आता है। प्राचीन काल से ही जौ का प्रयोग मनुष्यों के लिए भोजन तथा जानवरों के दाने के लिए किया जा रहा है। हमारे देश मे जौ का प्रयोग रोटी बनाने के लिए शुद्ध रूप मे और चने के साथ मिलाकर बेझर के रूप में किया जाता है। जौ और चना को भूनकर पीसकर सत्तू बनाये जाते है। सत्तू का सेवन ग्रीष्म ऋतू में  स्वस्थ्य के लिए लाभकारी होता है। इसके अलावा जौ का प्रयोग माल्ट बनाने में किया जाता है जिससे बीयर एवं व्हिस्की का निर्माण किया जाता है। आमतौर पर  जौ का प्रयोग जानवरों के चारे व दाने तथा मुर्गी पालन हेतु उत्तम दाने के लिए किया जाता है। जौ के दाने में 11.12 प्रतिशत प्रोटीन, 1.8 प्रतिशत फाॅस्फोरस, 0.08 प्रतिशत कैल्सियम  तथा 5 प्र्रतिशत रेशा पाया जाता है। जौ खाद्यान  में बीटा ग्लूकॉन की अधिकता और ग्लूटेन की न्यूनता जहाँ एक ओर मानव रक्त में कोलेस्ट्रॉल स्तर को कम करता है, वही दूसरी ओर सुपाच्यता व शीतलता प्रदान करता है। इसके सेवन से पेट सबंधी गड़वड़ी , वृक में पथरी बनना तथा आंतो की गड़वड़िया दूर होती है। आज जौ का सबसे ज्यादा उपयोग पर्ल बारले, माल्ट, बियर , हॉर्लिक्स , मालटोवा टॉनिक,दूध मिश्रित बेवरेज आदि बनाने में बखूबी से किया जा रहा है। मानव स्वस्थ्य के लिए बेहद उपयोगी इस खाद्यान्न फसल की सबसे बड़ी खूबी यह है की इसकी खेती कम पानी, सीमित खाद एवं उर्वरक एवं सभी तरह की भूमियों  में लहलहाती रहती है। वर्तमान जलवायु  परिवर्तन का इस फसल की बढ़वार एवं उत्पादन पर ख़ास फरक नहीं पड़ता है यानी कृषि जलवायु की कठिन परिस्थितियों में भी इसे सफलता पूर्वक उगाया जा सकता है। गेंहू से पहले परिपक्वता, प्रमुख रोगों के प्रति अवरोधिता और समस्याग्रस्त भूमिओं में भी अच्छी उपज इस फसल की  विशेषताओं में चार चाँद लगा देते है। कम लागत में  फसल से पौष्टिक और अधिक उपज मिलें हर किसान की यही चाहत होती है और  जौ की खेती से यह चाहत पूरी हो सकती है। 
                   भारत में हरित क्रांति के फलस्वरूप प्राचीन फसलों का क्षेत्रफल निरंतर घटता जा रहा है। जो के स्थान पर अब गेंहू, सरसों और अन्य रबी फसलों ने ले लिया है।   भारत  में लगभग 616.5 हजार हैक्टर  में जौ  की खेती प्रचलित है जिससे 1958 किग्रा. प्रति हैक्टर की दर   से लगभग 1207.1 हजार टन उत्पादन प्राप्त होता है । उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक क्षेत्र  में जौ  की खेती  की जा रही है । इसके बाद राजस्थान और  मध्य प्रदेश का स्थान आता है । उत्पादन में राजस्थान के बाद उत्तर प्रदेश एवं  मध्य प्रदेश का क्रम आता है जबकि औसत उपज के मामले  में पंजाब प्रथम स्थान (3364 किग्रा. प्रति हैक्टर), हरियाणा द्वितिय (2680 किग्रा.) व राजस्थान तीसरे स्थान (2380 किग्रा.) पर रहा है । मध्य प्रदेश में जौ  की खेती लगभग 83.2 हजार हैक्टर में होती है जिससे 1251 किग्रा. प्रति हैक्टर के हिसाब से 104.1 हजार टन उत्पादन प्राप्त लिया जा रहा है । छत्तीसगढ़ में जौ  की खेती सिर्फ 3.8 हजार हैक्टर में होती है  जिससे 842 किग्रा. प्रति हैक्टर औसत  उपज के हिसाब से करीब 3.2 हजार टन उत्पादन प्राप्त होता है । इस प्रकार से जौ के उत्पादन में प्रादेशिक भिन्नता बहुत अधिक है, जिसकी वजह से इसकी औसत उपज काफी कम है। व्यसायिक क्षेत्रों में जौ की बढ़ती मांग को देखते हुए इसका प्रति इकाई उत्पादन बढ़ाना नितांत आवश्यक है।  किसान भाई यदि जौ उत्पादन की वैज्ञानिक विधियों  का अनुसरण करें तो उन्हें भरपूर उतपादन और आमदनी हो सकती है।

जौ की उपज बढ़ाने की  नवीनतम उत्पादन तकनीक.
उपयुक्त जलवायु           
                जौ शीतोष्ण  जलवायु की फसल है लेकिन उपोष्ण  जलवायु में भी इसकी खेती सफलतापूर्वक की जाती है। गेहूँ की अपेक्षा जौ की फसल प्रतिकूल वातावरण  अधिक सहन  कर सकती है।  इसलिए  उत्तर प्रदेश के पूर्वी नम और  गर्म भागों  में जहाँ गेहूँ की पैदावार ठीक नहीं होती है, जौ की फसल अच्छी होती है । बोने के समय इसे नम, बढ़वार  के समय ठंडी और फसल पकने के समय सूखा  तथा  अधिक तापमय शुष्क वातावरण की आवश्यकता होती है । फसल वृद्धि के समय 12 से 15 डिग्री  सेंटीग्रेडे तापक्रम तथा पकने के समय 30 डिग्री  सेंटीग्रेडे तापक्रम की आवयकता पड़ती है। जौ की खेती 60 से 100 सेमी. वार्षिक वर्षा वाले क्षेत्रों में सफलतापूर्वक की जा सकती है। इसकी जलमाँग कम होने के कारण सूखा ग्रस्त  क्षेत्रों के लिए यह उपयुक्त फसल है। नमी अधिक होने पर (विशेषकर पकने से पहले¨) रोगों  का प्रकोप अधिक होता है । जौ  सूखे के प्रति गेहूँ से अधिक सहनशील है, जबकि पाले  का प्रभाव इस फसल पर अधिक होता है ।
खेती के लिए उपयुक्त मिट्टियाँ 
            जौ की खेती लगभग सभी   प्रकार की मिट्टियो  में आसानी से की जा सकती है परन्तु इसके लिए अच्छे जल निकास वाली  मध्यम दोमट मिट्टी जिसकी मृदा अभिक्रिया 6.5 से 8.5 के मध्य हो, सर्वोत्तम होती है। भारत में जौ की खेती अधिकतर रेतीली भूमि में कि जाती है। चूने की पर्याप्त  मात्रा वाली मृदाओं में जौ  की बढवार अच्छी होती है । इसमें क्षार सहन करने की शक्ति गेहूँ से अधिक होती है इसलिये इसे कुछ क्षारीय (ऊसर) भूमि में भी सफलता पूर्वक जा सकता है ।
भूमि की तैयारी
               जौ  के लिए गेहूँ की भाँति खेत  की तैयारी की आवश्यकता नहीं होती  है ।  खरीफ की फसल काटने के पश्चात् खेत में मिट्टी पलटने वाले हल से एक गहरी जुताई करने के बाद 3 - 4 बार देशी हल से जुताइयाँ करनी चाहिए। प्रत्येक जुताई के बाद पाटा चलाकर खेत को समतल कर लेना चाहिए। इससे भूमि मे नमी संरक्षण भी होता है। भारी मृदाओ में बखर चलाकर भी खेत तैयार किया जाता है। भूमि की बारीक ज¨त ह¨ने पर फसल अच्छी आती है ।
उन्नत किस्में  का चयन   
भारत के बिभिन्न जौ  उत्पादक क्षेत्रों  के लिए जौ  की उन्नत  किस्मों  की संस्तुति निम्नानुसार की गई है ।
1. उत्तर पश्चिम मैदानी क्षेत्र(पंजाब, हरयाणा, राजस्थान, पश्चिम उत्तरप्रदेश) .:
(अ) सिंचित समय से बोआईः DWRUB-52, RD-2552, RD-2035,  DWR28, RD-2668, RD-2592, BH-393 और  PL-426
(ब) सिंचित देर से बोआईः RD-2508 और  DL-88 (माल्ट के लिए )
(स) असिंचित समय से बोआईः गीतांजली , RD-2508, RD-2624, RD-2660 और  PL-419
2. उत्तर पूर्वी मैदानी क्षेत्र (पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार, झारखण्ड, पूर्वी मध्य प्रदेश)
(अ) सिंचित समय से बोआईः K-508, K-551, DL-36  RD-2503, NDB-1173,  नरेंद्र बार्ली -2
(ब) सिंचित देर से बोआईः DL-36,K -329, RD-2508, NDB-209 और K-329
(स) असिंचित समय से बोआईः K-603, K-560 और  JB-58
3 . मध्य क्षेत्र (मध्य प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़):
(अ) सिंचित समय से बोआईः RD-57, PL-751, RD-2035, RD-2552 और  RD-2052

(ब) असिंचित समय से बोआईः JB-58
4. दक्षिण क्षेत्र (महाराष्ट्र, कर्नाटक ): सिंचित समय से बोआईः BCU-73, DL-88, M-130
5. उत्तरी पहाड़ी क्षेत्र :(उत्तरांचल , हिमाचल प्रदेश, जम्मू -कश्मीर, आदि ): असिंचित : HBL-113, HBL276, BHS-352, VLB-1 and VLB-56
जौ की प्रमुख छिलकायुक्त किस्मों  की विशेषताएं
1. ज्योति: यह किस्म 13-135 दिन में पककर तैयार हो जाती है तथा पकने पर बालियाँ जमीन की ओर थोडी झुक जाती है। इसके पौधे सीधे ऊँचे होते हैं। दाने सुनहरे रंग के होती है जिनमें 14. 5ः प्रोटीन होती है। उपज क्षमता 35-40 क्विटल प्रति हेक्टेयर है।
2. विजया: यह किस्म 120-125 दिन मे पकने वाली किस्म सिचित व असिंचिंत क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है। बाली में 60. 65 दाने होते हैं दानो मे लगभग 11-12.5 प्रतिशत प्रोटीन होती है। इसकी उपज क्षमता 25 - 30 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है।
3. आजाद: यह सिंचित व असिंचित क्षेत्रो के लिए उपयुक्त है। फसल अवधि 125 - 130 दिन व सिंचित क्षेत्रों मे 30 - 35 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज प्रप्त होती है। दाने का रंग भूरा होता है।
4. आर. एस. 6: यह 115 - 120 दिन में पककर तैयार हो जाती है सिंचित व असिंचित क्षेत्रो के लिए उपयुक्त है। इसके दानें मे लगभग 8 प्रतिशत प्रोटीत होती है। अतः माल्ट बनाने के लिए उपयुक्त किस्म है। उपज क्षमता 35 - 40 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है।
5. रतना: यह किस्म 110 - 120 दिन में पककर तैयार हो जाती है। इसके पौधों ऊचे होते है। दाने सुनहरे रंग के होते है जिनमें 14 प्रतिशत प्रोटीन होती है। उपज क्षमता 25 - 30 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है। असिंचित शुष्क क्षेत्रों तथा क्षारीय ऊसर भूमि में उगाने के लिए उपयुक्त है।
6. रणजीत (डीएल-70): यह एक छः कतारी अर्ध बौनी किस्म है जो सिंचित क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है। फसल 120 - 125 दिन में पकती ह। दाने छोटे तथा आकार में समान होते है। इससे 30-35 क्विंटल  दाना प्रति हेक्टेयर प्राप्त होता है।
7. डीएल-88: यह अर्द्ध बौनी किस्म देर से बुआई करने के लिए उत्तम है। उपन क्षमता 35 - 40 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है।
8. आरडी-57: यह छः पंक्तियों वाली अर्ध बौनी किस्म है। माल्ट बनाने के लिए उपयुक्त है। फसल 120 - 130 दिन में पकती है। इससे 30 - 35 क्विंटल  दाना प्रति हेक्टेयर प्राप्त होता है।
9. आरडी-31: यह अर्ध बौनी किस्म है जो सिंचित क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है। इससे 30 - 32 क्विंटल  दाना प्रति हेक्टेयर प्राप्त होता है।
जौ की प्रमुख छिलका रहित किस्मों  की विशेषताएं
1. करण-4: यह 100-110 दिन मे तैयार होने वाली छिलका रहित किस्म है। इसका पौधा अर्द्ध बौना तथा पत्तियाँ पतली होती है। दाना गेहूँ की तरह, छिलका रहित, सरबती तथा सख्त होता है। इसकी औसत उपज 40-45 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है।
2. करण-19: यह 130 दिन में तैयार होने वाली छिलका रहित किस्म है। इसका पौधा अर्द्ध बौना तथा पत्तियाँ पतली होती है। दान चमकदार, छिलका रहित, मोटा तथा कठोर होता है। इसकी औसत उपज 40 - 45 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है।
बोआई का समय
            जौ बोने का उचित समय मध्य अक्टूबर से मध्य नवम्बर तक है। असिंचित क्षेत्रों में 15 - 30 नवम्बर तक बोआई कर देनी चाहिए। सिंचित अवस्था में पछेती बोआई 15 - 20 नवम्बर तक की जा सकती है। देरी से बोनी करने पर फसल पर गेरूई रोग का प्रकोप होता है जिससे उपज कम हो जीत है।
बीज दर एवं बोजोपचार
             स्वस्थ्य और  पुष्ट बीज ही बोने हेतु प्रयुक्त करना चाहिए । बीज की मात्रा बोने की विधि और  खेत  में नमी के स्तर पर निर्भर करती हैं। सिंचित अवस्था एवं समय से हल के पीछे पंक्तियों में बोआई करने पर 75 - 90 किग्रा. तथा असिंचित दशा में बोआई करने के लिए 80-100 किग्रा. बीज लगता है। सीड ड्रील से बोआई करने पर 80 - 90 तथा डिबलर से 25 - 30 किग्रा. प्रति हेक्टेयर बीज की आवश्यकता पड़ती है। बोआई से पहले बीज को  वीटावैक्स या  बाविस्टीन 2.5 ग्रा. प्रति किग्रा. बीज की दर उपचारित करना आवश्यक है।
बोआई विधियाँ     
             परंपरागत रूप से किसान जौ  की बुआई छिटकवाँ बिधि से करते आ रहे है, जिससे प्रति इकाई अपर्याप्त पौध संख्या होने की वजह से उन्हें काफी कम उत्पादन मिल पाटा है।  अधिकतम उपज लेने हेतु जौ को सुविधानुसार  अग्र प्रस्तुत किसी एक विधि से बोया जाना चाहिए ।
1 .हल के पीछे कूंड़ मेंः इस विधि में हल से कूंड़ निकाले  जाते है और  उसमें हाथ से या हल में नाई बांधकर बीज डाला जाता है । इसमें बीज समान गहराई पर और  पंक्तियों  में पड़ता है । अतः बीज अंकुरण अच्छा ह¨ता है । आमतौर  पर जौ  और  गेहूँ की बोआई इसी विधि से की जाती है ।
2 .सीड ड्रिल द्वाराः यह पशु या ट्रेक्टर चलित एक मशीन है जिसका  बिभिन्न फसलों की कतार बुआई  हेतु प्रयोग किया जाता है । बोआई की यह सर्वोत्तम विधि है जिसमें बीज कतार में एक निश्चित दूरी तथा समान गहराई पर गिरते है । इसमें बीज दर भी आवश्यकतानुसार निश्चित की जा सकती है ।
3 .डिबलर द्वाराः यह एक ऐसा यन्त्र  है जिसमें नीचे की तरफ लगभग 7-10 सेमी. लम्बी खूटियाँ लगी होती है । जब इसे भूमि पर रखकर दबाते है  तो भूमि में समान दूरी पर छेद हो  जाते है, जिनमे बीज बो  दिया जाता है । यह विधि तभी उचित रहती है जब बीज की मात्रा काफी कम हो और बोआई सिमित  क्षेत्रफल  में करनी होती है । कम बीज को अधिक क्षेत्र  में बोने के लिए यह विधि अच्छी मानी जाती है । इस विधि में समय और  श्रम ज्यादा लगता है।  अतः जौ की बोआई करने के लिए यह विधि आर्थिक रूप से लाभकारी  नहीं है ।
पौध अन्तरण एवं बीज बोने की गहराई                  
                अच्छी  उपज के लिए प्रति इकाई पर्याप्त पौध संख्या स्थापित होना अनिवार्य है। इसके लिए पंक्ति से पंक्ति की सही दूरी पर बुआई करना जरूरी होता है। सामान्यतौर पर जौ  की दो  पंक्तियों  के बीच 22 - 25 सेमी. की दूरी  उपयुक्त रहती हैं। सिंचित परिस्थित और समय से बोआई के लिए पंक्ति से पंक्ति की दूरी 20 - 22 सेमी. रखी जानी चाहिए । इससे अधिक दूरी रखने पर पौधों  की संख्या कम हो  जाती है तथा उपज घट जाती है । साथ ही इससे कम दूरी रखने पर पौधे  ज्यादा घने हो  जाते है, जिससे  उनमें बालियां  छोटी बनती है । बीज बोने की गहराई पर भूमि में उपलब्ध नमी की मात्रा का विशेष प्रभाव पड़ता है । यदि भूमि में नमी की मात्रा  काफी है तो  बीज 5 सेमी. की गहराई पर पड़ना चाहिए । परन्तु नमी की कमी होने पर बीज को  7.5 सेमी की गहराई तक भी डाला जा सकता है । इससे अधिक गहरा बोने पर बीज अंकुरण कम होता है क्योंकि बीज का प्रांकुरचोल  छोटा होने के कारण भूमि के अन्दर ही रह जाता है । दूसरी ओर, अधिक उथला  बोने पर बीज भूमि के सूखे क्षेत्र   में आ जाता है और  अंकुरित नहीं हो  पाता । अतः बीज का नम मिट्टी में गिरना आवश्यक है । सामान्यतौर  पर जौ  की बोआई खेत  में 5-7.5 सेमी की गहराई पर की जाती है ।
खाद एवं उर्वरक
                  जौ से अधिकतम उपज लेने के लिए बोआई की परिस्थिति के अनुसार खाद एवं उर्वरक का प्रयोग किया जाना चाहिए। सिंचित समय से बोआई हेतु 60 किग्रा. नत्रजन, 30 किग्रा. फाॅस्फोरस और 20 किग्रा. पोटाश प्रति हेक्टेयर देना चाहिए। असिंचित (बारानी) दशा में 30 किग्रा. नत्रजन, 20 किग्रा. फाॅस्फोरस और 20 किग्रा. पोटाश प्रति हेक्टेयर देना उचित रहता है। सिंचित दशा में नत्रजन की आधी मात्रा तथा फाॅस्फोरस व पोटाश की पूरी मात्रा बोआई के समय कूड़ में 8 - 10 सेमी. की गहराई पर बीज के नीचे देनी चाहिए। शेष आधी नत्रजन को दो बराबर भाग में बाँटकर पहली व दूसरी सिंचाई के समय देना लाभप्रद रहता है। असिंचित दशा में तीनों उर्वरकों को बोआई के समय कूड़ में दिया जाना चाहिए।
अधिक उपज के लिए सिंचाई                     
                 जौ   को  गेहूँ की अपेक्षा कम पानी की आवश्यकता होती है परन्तु  अच्छी उपज लेने के लिए 2 - 3 सिंचाइयाँ की जाती है। पहली सिंचाई फसल में कल्ले फूटते समय  (बोने के 30 - 35 दिन बाद), दूसरी बोने के 60 - 65 दिन बाद व तीसरी सिंचाई बालियों में दूध पड़ते समय  (बोने के 80 - 85 दिन बाद) की जानी चाहिए। दो सिंचाई का पानी उपलब्ध होने पर पहली सिंचाई कल्ले फूटते समय बोआई  के 30 - 35 दिन बाद व दूसरी पुष्पागम  के समय की जानी चाहिये। यदि सिर्फ एक ही सिंचाई का पानी उपलब्ध है तब कल्ले फूटते समय (बोआई के 30 - 35 दिन बाद) सिंचाई करना आवश्यक है। प्रति सिंचाई 5 - 6 सेमी. पानी लगाना चाहिए। दूध पड़ते समय सिंचाई शान्त मौसम में करनी चाहिए क्योंकि इस समय फसल के गिरने का भय रहता है। जौ के खेत में जल निकासी का भी उचित प्रबन्ध आवश्यक है।
खरपतवार नियंत्रण
               जौ में प्रायः निराई-गुड़ाई की आवश्यकता नहीं होती है। सिंचित दशा में खरपतवार नियंत्रण हेतु नीदनाशक दवा 2,4-डी सोडियम साल्ट (80%) या 2,4-डी एमाइन साल्ट (72%) 0.75 किग्रा. प्रति हेक्टेयर को 700-800 लीटर पानी में घोलकर बोआई के 30 - 35 दिन बाद कतार में छिड़काव करना चाहिए, इससे । इससे चैड़ी पत्ती वाले खरपतवार नियंत्रित रहते हैं। मंडूसी और जंगली जई के नियंत्रण के लिए आइसोप्रोटुरान  75   डव्लू पी 1 किग्रा या पेंडीमेथालिन (स्टोम्प) 30 ई सी 1. 5 किग्रा प्रति हेक्टेयर को 600 - 800 ली. पानी मे घोलकर बोआई के 2 -3 दिन बाद  छिड़काव करना चाहिए।
फसल चक्र     
              आमतौर पर जौ  के लिए वे सभी फसल चक्र अच्छे रहते है, जो  गेहूँ के लिए  उपयुक्त होते है । सामान्यतौर  पर खरीफ की  सभी फसलें  यथा धान, मक्का, ज्वार, बाजरा, मूंगफली, मूंग आदि के उपरांत जो  की फसल ली जा सकती है । रबी की सभी फसलें (गेहूँ, चना, मटर, सरसों  आदि ) के साथ जौ  की मिलवां या अंतरफसली खेती  की जा सकती है । असिंचित क्षेत्रों में जौ  को  प्रायः चना, मटर या मसूर के साथ ही मिलाकर ब¨या जाता है ।
कटाई एवं गहाई    
            गेहूँ फसल की अपेक्षा जौ की फसल जल्दी पकती है। नवम्बर के आरम्भ में बोई गई फसल मार्च के अन्तिम सप्ताह में पक कर तैयार हो जाती है। इस फसल की एक बार चारे के लिए काटने के बाद दाने बनने के लिए छोड़ देने पर भी अच्छी उपज प्राप्त हो जाती है।  पकने के बाद फसल की कटाई तुरन्त कर लेनी चाहिए अन्यथा दाने खेत में झड़ने लगते हैं  और दानों में 18  - 20  प्रतिशत नमी रहने पर कटाई करते हैं। कटाई हँसियाँ से या बड़े स्तर पर कम्बाइन हारवेस्टर से की जा सकती है। कटाई के बाद फसल को खलिहान में 4 - 5 दिन सुखाने के बाद बैलों की दाॅय चलाकर या शक्ति चालित थ्रेशर से मड़ाई कर लेनी चाहिए। इसके बाद ओसाई कर दाना साफ कर लेना चाहिए। थ्रेसर से मड़ाई व ओसाई एक साथ हो जाती है ।
उपज एवं भंडारण
                जौ की उन्नत किस्मों से सिंचित अवस्था  में 40 - 50  क्विंटल  तक दाना तथा 45 - 55  क्विंटल  प्रति हेक्टेयर तक भूसे की उपज प्राप्त की जा सकती है। असिंचित जौ की फसल से 7 - 10 क्विंटल  प्रति हेक्टयर दाने की उपज प्राप्त की जाती है। अब बाजार में किसान को जौ उपज का अच्छा लाभ  भी मिल जाता है। यदि उपज को बचा के रखना है तो अच्छी तरह सुखाने के बाद जब दानों में नमी का अंश 10-12 % रह जाये, उचित स्थान पर भंडारण करते है।   
नोट : लेख की अनुमति के बिना इस लेख को कही भी पुनः प्रकाशित ना किया जावें। यदि किसी पत्र पत्रिका में प्रकाशित करना चाहते है तो लेखक की अनुमति लें तथा लेख में लेखक का नाम और पता आवश्यक रूप से देने का कष्ट करेंगे।

मंगलवार, 28 अक्तूबर 2014

विदेशी मुद्रा कमाएं औषधीय फसल ईसबगोल लगाएं


डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर 
प्रोफेसर (एग्रोनॉमी ),कृषि महाविद्यालय,
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय,कृषकनगर, रायपुर (छत्तीसगढ़)

                   भारतवर्ष में औषधीय पौधों से विदेशी मुद्रा अर्जित करने में ईसबगोल(प्लेंटेगो ओवाटा ) का अग्रणीय स्थान है।  विश्व भर में भारत इसका प्रमुख उत्पादक व निर्यातक देश है।इस फसल से लगभग 120 करोड़ की विदेशी मुद्रा सालाना अर्जित की जाती है।  भारत में ईसबगोल का उत्पादन का एकाधिकार अब तक गुजरात एवं पश्चिमी  राजस्थान का है। परन्तु अब इसकी खेती हरियाणा  बिहार राज्यों सहित  मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में भी प्रारंभ हो गई है। ईसबगोल एक वर्षीय महत्वपूर्ण औषधीय पौधा है। इसके पौधे लगभग 30-50 सेमी. तक ऊँचे होते है तथा इनसे 20 - 25 कल्ले निकलते है। इसके बीज के ऊपर वाला छिलका जिसे भूसी कहते है इसी का ओषधीय दवा के रूप में प्रयोग किया जाता है। इसे ईसबगोल की भूसी कहा जाता है। इसकी भूसी में म्यूसीलेज होता है जिसमें जाईलेज, एरेबिनोज एवं ग्लेकटूरोनिक ऐसिड पाया जाता है। इसके बीजों में 17 - 19 प्रतिशत प्रोटीन होता हैै। इसके बीज में एक भेदावर्धक (पीला) तेल एवं एल्यूमिनस होता है। दरअसल, ईसबगोल के छिलके में एक लसलसा पदार्थ होता है जो अपने वजन से 10 गुना पानी सोखने की विलक्षण  क्षमता रखता है ।  इसका उपयोग पेट की बीमारियों, कब्जियत, अल्सर, बवासीर, दस्त, आॅव, पेसिच - दस्त में कारगर पाया गया है।  दवा के अलावा खाद्य प्रसंस्करण जैसे - आइसक्रीम उद्योग, रंग रोगन तथा चिपकाने वाले पदार्थ बनाने में भी इसका प्रयोग होता है। इसके पौधो के अर्क का प्रयोग होठों के फटने, फोड़े - फुंसियों, शरीर  के भागों व विषाक्त घावों के उपचार में किया जाता है। भारतीय बाजार में डाॅबर इंडिया द्वारा नेचर केयर ब्रान्ड के नाम से ईसबगोल का विक्रय किया जा रहा है, जिनमें जिलेकस, सिलेकस, सोना आदि ब्राण्ड प्रमुख है। ये सभी उत्पाद पावडर रूप में प्लेन व सुगंधित रूप से गुजरात से बनकर भारतीय व अन्तर्राष्ट्रीय बाजारों में विक्रय हेतु प्रस्तुत किए जा रहे है। इस प्रकार इसे एक बहुपयोगी एवं निर्यातोन्मुखी फसल की संज्ञा दी जा सकती है ।
आदर्श जलवायु
                ईसबगोल की खेती रबी फसल के रूप में की जाती है। इसके लिए शीतोष्ण जलवायु  की आवश्यकता होती है। बीजों के अंकुरण के लिए 20 डिग्री से 25 डिग्री सेंटीग्रेड तथा पकने के समय 30 डिग्री से 35  डिग्री सेंटीग्रेड  तापमान की आवश्यकता पड़ती है। इसकी बढ़वार व अच्छी उपज के लिए ठंडा एवं सूखा मौसम  अनुकुल रहता है। ईसबगोल की खेती के लिए 50 से 125 सेमी. वार्षिक वर्षा वाले क्षेत्र उपयुक्त रहते है। पकने के समय वर्षा या आर्द्रता फसल पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
भूमिका चयन 
                ईसबगोल की खेती सभी प्रकार की भूमियों में की जा सकती है जिनमें जल निकास की अच्छी सुविधा है। हल्की बलुई दोमट मिट्टी  से उर्वर दोमट भूमि जिसका पी. एच. मान 7.2 - 7.9 आदर्श माना  जाता  है। जल निकास की उचित सुविधा होने पर चिकनी दोमट मिट्टी में भी इसकी खेती की जा सकती है।
खेत की तैयारी
               खरीफ फसल काटने के बाद खेत की पहली जुताई मिट्टी पलटने वाले हल  से करते हैं, फिर 2 - 3 जुताइयाँ देशी हल या कल्टीवेटर से करनी चाहिए। इसके बाद पाटा चलाकर मिट्टी भुरभुरी और खेत समतल कर लेना चाहिए। इसके बाद खेत को 6 मी. लम्बी तथा 3 मी. चैड़ी क्यारियों में बाँट लेना चाहिए तथा सिंचाई के लिए नालियाँ भी बना लेनी चाहिए। क्यारियों का आकार खेत के ढाल के अनुसार कम या अधिक भी किया जा सकता है।
उन्नत किस्में
             ईसबगोल की फसल से अधिक उपज के लिए उन्नत किस्मों का प्रयोग करना चाहिए।जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्व विद्यालय, जबलपुर द्वारा विकसित जवाहर ईसबगोल - 4  ईसबगोल की एक उन्नत किस्में  है जो कि 116 - 120 दिन में पक कर तैयार हो जाती है। इसके पौधों की ऊँचाई 30 - 32 सेमी. होती है। इसमें सँकरी घनी एवं गहरी पत्तियाँ होती है, बीज हल्का गुलाबी रंग, कड़ा नथा नाव के आकार का होता है। बीजों का छिलका गुलाबी झिल्ली से ढँका होता है। इससे औसतन 18 - 19 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर उपज प्राप्त होती है।
    इसके अलावा गुजरात ईसबगोल - 1, गुजरात ईसबगोल - 2, ट्रांबे सेलेक्शन 1 - 10, निहारिका, मयूरी आदि उन्नत किस्में प्रयोग में लाई जा सकती है।
बोआई का समय
                  इसबगोल की बुआई मध्य अक्टूबर से लेकर मध्य दिसम्बर तक की जा सकती है। सामान्यतौर  पर नवम्बर के दूसरे तथा तीसरे सप्ताह में बोई गई फसल से अधिक उपज प्राप्त होती है। देरी से बोई गई फसल में बीज बनने व पकने के लिए पूरा समय नहीं मिल पाता है, क्योंकि मार्च में तापमान अधिक होने से बीज बिना पके ही सूखने लगते है जिससे पैदावार में अधिक गिरावट होती है।
बोआई तकनीक 
                    ईसबगोल  का प्रसारण  बीज द्वारा किया जाता है ।  इसके बीज 6 माह तक सुषुप्तावस्था में रहते है और  2 वर्ष में वे अंकुरण क्षमता खो  देते है । अतः अधिक पुराना बीज बुआई  हेतु उपयोग में नहीं लेना  चाहिए । बीज फफूँदनाशक दवा  बाविस्टीन द्वारा उपचारित कर बोना चाहिए। इसकी बोनी छिड़कवाँ व कतार विधि  से करते है। ईसबगोल का बीज बहुत छोटा होता है अतः बीज को बालू के साथ मिलाकर क्यारियों में छिटक देते हैं। फिर रेक की सहायता से मिट्टी में मिला देते है। पंक्तियों में बुआई करने हेतु कतार - से - कतार की दूरी 25 - 30 से. मी. रखी जाती है। बीज बोने की गहराई 1 सेमी. से अधिक नहीं होना चाहिए। प्रति हेक्टेयर 8 से 10 किलोग्राम बीज  पर्याप्त रहता है। खेत में नमी के अभाव में बुआई के तुरन्त बाद हल्की सिंचाई कर देनी चाहिए। बुआई के 6 - 10 दिन बाद अंकुरण प्रारम्भ हो जाता है।
खाद एवं उर्वरक
               ईसबगोल की अच्छी फसल के लिए खेत में जीवांश पदार्थ  का होना आवश्यक है। अतः खेत की अंतिम जुताई के समय 8 - 10 टन गोबर खाद अथवा कम्प¨स्ट मिलाना चाहिए। उर्वरकों की सही मात्रा का निर्धारण मृदा जाँच   के आधार पर करना चाहिए। यदि मृदा परीक्षण की सुविधा न हो तो नत्रजन 50 कि.ग्रा., स्फुर 40 कि.ग्रा. तथा पोटाश 25 कि.ग्रा. प्रति हेक्टेयर  देना लाभकारी रहता है। नत्रजन की आधी मात्रा तथा स्फुर एवं पोटाश की पूरी मात्रा बोआई के समय देना चाहिए तथा शेष 25 किलोग्राम नत्रजन खड़ी फसल में बुआई के एक माह बाद सिंचाई के समय देना चाहिए।
कब और कितनी सिंचाई
                     ईसबगोल की फसल से अच्छे उत्पादन के लिए 4 से 5 सिंचाई की आवश्यकता होती है। पहली सिंचाई अंकुरण हेतु तथा इसके बाद 15 - 20 दिन के अन्तर पर आवश्यकतानुसार सिंचाइयाँ करनी चाहिए। इसके बीजों का अंकुरण 8 से 10 दिन में प्रारम्भ हो जाता है। फसल में बाली आते समय,दूध बनने की अवस्था में तथा बीज भरने की अवस्था  में सिंचाई करना आवश्यकता रहता है। फूल खिलते समय खेत में अधिक पानी नही देना चहिए। खेत में पानी रूकने से फसल को हानी पहुँचती है, अतः सिंचाई के साथ - साथ खेत से जल निकासी का उचित प्रबन्ध करना आवश्यक है।
खरपतवार नियंत्रण
                 ईसबगोल की बुआई छिटकवाँ विधि से करने पर पौधे घने होते हैं जिससे खरपतवारों का प्रकोप कम होता है। बुआई के 20 - 25 दिन बाद पहली निराई करके खरपतवार उन्मूलन  करना चाहिए। फसल अवधि में 2 - 3 निराइयों की आवश्यकता होती है। खरपतवार नियंत्रण हेतु शाकनाशी दवाओं  का  प्रयोग भी किया जा सकता है । बुवाई से पहले  आइसोप्रोटयूरान 0.50 किग्रा. प्रति हेक्टेयर का  650 लीटर पानी में घ¨लकर छिड़काव करना चाहिए या फिर अंकुरण पूर्व भी यह छिड़काव किया जा सकता है ।
फसल चक्र
             ईसबगोल की फसल 120 दिन में पककर तैयार हो जाती है। इसकी खेती सोयाबीन, मक्का, ज्वार, मूँगफली, धान, बाजरा आदि के बाद एक वर्षिय फसल चक्रों में की जा सकती  है।
पौध संरक्षण
                    ईसबगोल की फसल में व्हाइट ग्रब, एफिड्स, दीमक आदि कीटों का प्रकोप हो सकता है। इन कीटों से  फसल सुरक्षा हेतु क्लोरपारीफास दवा 20 - 25 कि.ग्रा. प्रति हेक्टेयर की बुआई के समय मिट्टी में मिला देना चाहिए। इस फसल में विल्ट, डेम्पिंग आॅफ, पाउडरी मिल्डयू रोगों का प्रकोप हो सकता है।  विल्ट और पाउडरी मिल्डयू से बचाव के लिए डाइथेन एम-45 दवा  2 ग्राम प्रति लीटर पानी में घोलकर रोग के लक्षण दिखाई देते ही  छिड़काव करना चाहिए। डाउनी मिल्डयु रोग की रोकथाम के लिए बाविस्टीन 1 ग्राम प्रति लीटर पानी में घोलकर छिड़कना चाहिए ।
फसल कटाई एवं गहाई
                 ईसबगोल मे बोआई के लगभग 60 दिन बाद बालियां  निकलने का क्रम  शुरू हो जाता है तथा इसकी फसल मार्च - अप्रैल में (बुआई के 120-130  दिन में ) कटाई हेतु तैयार हो  जाती है। जब फसल की पत्तियाँ पीली पड़ने लगे व बाली का रंग मटमैला - लाल होने लगे तथा बालियाँ अंगुलियों के बीच में मसलने पर उनके दाने सुगमता से निकलने लगे तब फसल कटाई  हेतु परिपक्व  समझना चाहिए। कटाई सुबह के समय करना चाहिए क्योंकि इस समय ओस के कारण बीजों के झड़ने का भय नहीं रहता है। कटाई के समय अधिक तेज धूप होने से बीज झड़ने की संभावना रहती है जिससे उपज घट सकती है। कटाई के बाद फसल को खलिहान में रख देते है। गहाई के पूर्व फसल की ढेरियों पर थोड़ा पानी छिड़क देने से दाने आसानी से अलग हो जाते है। अच्छी तरह सुखाने के बाद बैलों द्वारा दाँय चलाकर गहाई की जाती है। ओसाई करके दानों से भूसे  को अलग कर लेते हैं। भूसे का प्रयोग चारे के रूप में किया जा सकता है।
कैसे निकाले इसबगोल की  भूसी (प्रसंस्करण)
                         मिलों में पेषण मशीनों द्वारा ईसबगोल की भूसी को बीज से पृथक करते है। यह कार्य एक क्रम में रखी 6 - 7 मशीनों द्वारा किया जाता है। शुरू की मशीनों से भूसी की अधिक मात्रा बीज से अलग होती है तथा बाद वाली मशीनों से कम भूसी निकलती है। प्रथम मशीन से निकली भूसी में कई प्रकार की मिलावट होती है। अतः इसे बाद में साफ किया जाता है। दूसरी व तीसर मशीन से निकली भूसी पूर्णतया शुद्ध तथा उच्च श्रेणी की होती है। इसके बाद भूसी की विभिन्न ग्रेड में छानकर छँटाई की जाती है। निर्यात हेतु भूसी का ग्रेड 70 मेस माना जाता है।
                     भूसी निकालने के पश्चात् बचे दानों को तीन श्रेणियों - लाली, गोला और खाको में बाँटा जाता है। लाली में भ्रूण  व बीज के छोटे - छोटे टुकड़ें होते है। गोला भूसी निकलने के बाद सम्पूर्ण बीज होता है और खाको भूसी के महीन चूरे एवं रेत या मिट्टी आदि की मिलावट युक्त होता है। इन सबको छलनियों से छानकर अलग कर लिया जाता है। लाली का बाजार भाव गोला से कुछ अधिक होता है। ये तीनों अवशेष पशुओं को दाने के रूप में खिलाए जाते है।
उपज एवं भंडारण
              ईसबगोल की उन्नत सस्य विधियों से खेती करने पर प्रति हेक्टेयर 10 - 12 क्विंटल  बीज प्राप्त होता है। इसके बीजो में भूसी की प्राप्ति 20 - 30 प्रतिशत तक होती है।  फसल का बाजार भाव उचित न होने पर इसके बीज व भूसी को नमी सोखने से बचाने के लिए शुष्क स्थान में भंडारण करना चाहिए। नमी के प्रभाव में आने पर भूसी की गुणवत्ता पर बुरा प्रभाव पड़ता है जिससे बाजार भाव भी कम हो जाता है।
नोट-कृपया बिना लेखक की अनुमति के लेख को प्रकाशित ना करें। यदि लेख को अन्यंत्र किसी पत्र -पत्रिका में पुनः प्रकाशित करना चाहते है तो लेखक की आज्ञा लें तथा लेखक का नाम भी प्रकाशित करने का कष्ट करें। 

सेहत और पौष्टिकता में मसहूर दाल : मसूर की खेती फायदा देती

                                                                         डॉ. गजेन्द्र सिंह तोमर 
                                                          प्रोफेसर (एग्रोनॉमी ), कृषि महाविद्यालय,
                                                       इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, कृषकनगर,
                                                                         रायपुर (छत्तीसगढ़)                                                   
मसूर फसल का आर्थिक महत्व  
                  दलहनी वर्ग  में मसूर सबसे प्राचीनतम एवं महत्वपूर्ण फसल  है । प्रचलित दालों  में सर्वाधिक पौष्टिक होने के साथ-साथ इस दाल को खाने से पेट के विकार समाप्त हो  जाते है यानि सेहत के लिए फायदेमंद है ।  मसूर के 100 ग्राम दाने में औसतन 25 ग्राम प्रोटीन, 1.3 ग्राम वसा, 60.8 ग्रा. कार्बोहाइड्रेट, 3.2 ग्रा. रेशा, 68 मिग्रा. कैल्शियम, 7 मिग्रा. लोहा, 0.21 मिग्रा राइबोफ्लोविन, 0.51 मिग्रा. थाइमिन तथा 4.8 मिग्रा. नियासिन पाया जाता है अर्थात मानव जीवन के लिए आवश्यक बहुत से खनिज लवण और विटामिन्स से यह परिपूर्ण दाल है । रोगियों के लिए मसूर की दाल अत्यन्त लाभप्रद मानी जाती है क्योकि यह अत्यंत पाचक है। दाल के अलावा मसूर  का उपयोग विविध  नमकीन और मिठाईयाँ बनाने में भी किया जाता है। इसका  हरा व सूखा चारा जानवरों के लिए स्वादिष्ट व पौष्टिक होता है। दलहनी फसल होने के कारण इसकी जड़ों में गाँठे पाई जाती हैं, जिनमें उपस्थित सूक्ष्म जीवाणु वायुमण्डल की स्वतन्त्र नाइट्रोजन का स्थिरीकरण   भूमि में करते है जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ती है । अतः फसल चक्र  में इसे शामिल करने से दूसरी फसलों के पोषक तत्वों की भी कुछ प्रतिपूर्ति करती है ।इसके अलावा भूमि क्षरण को रोकने के लिए मसूर को आवरण फसल  के रूप में भी उगाया जाता है।मसूर की खेती कम वर्षा और विपरीत परस्थितिओं वाली जलवायु में भी सफलतापूर्वक की जा सकती है। 
           मसूर मध्य एवं उत्तर भारत के बारानी (वर्षा आश्रित ) क्षेत्रों में आसानी से उगाई जा सकती है। मध्य प्रदेश में लगभग  0.53 मिलियन हैक्टर क्षेत्र में मसूर की खेती प्रचलित है जिससे 505 किग्रा. प्रति हैक्टर औसत उपज के मान से अमूमन 0.27 मिलियन टन उत्पादन लिया जा रहा है । छत्तीसगढ़ में मसूर करीब 23.24 हजार हेक्टेयर में उगाई जा रही है।  इसकी औसत उपज 414 किग्रा. प्रति हैक्टर है जो कि राष्ट्रीय औसत से काफी कम है। मसूर की उपज कम होने के प्रमुख कारण है-
1 . चयन की गई किस्मों का क्षेत्र विशेष के अनुकूल ना होना
2. उन्नत किस्मों का गुडवत्तायुक्त बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध ना होना
3. मसूर की फसल में उर्वरकों का असंतुलित प्रयोग करना
4. समयानुसार सिचाई , खरपतवार, कीट रोग नियंत्रण पर ध्यान ना देना



             बाजार में मसूर की बढ़ती मांग को देखते हुए इसकी औसत पैदावार बढ़ाना नितांत आवश्यक है। प्रति इकाई मसूर की उपज बढ़ाने के लिए निम्न  वैज्ञानिक तकनीक का अनुशरण करना चाहिए।
फसल के लिए उपयुक्त जलवायु
                 मसूर शरद ऋतु की फसल है जिसकी खेती रबी में की जाती है। पौधों की वृद्धि के लिए ठण्डी जलवायु परन्तु फसल पकने के समय उच्च तापक्रम की आवश्यकता होती है। मसूर की फसल वृद्धि के लिए 20 से 30 डिग्री सेंटीग्रेड तापमान उपयुक्त  रहता है।  जहाँ 80 - 100 सेमी. तक वार्षिक वर्षा होती है, मसूर की खेती बिना सिंचाई के भी बारानी परिस्थिति (वर्षा नमी सरंक्षित) में की जाती है। अधिक वर्षा, अधिक गर्मी तथा पाला-कोहरा  प्रभावित क्षेत्रों  में मसूर की खेती नहीं की जाती हैं। गर्म आद्र स्थानों में इसकी उपज अच्छी नहीं आती है।
कैसी हो भूमि 
            मसूर की खेती के  लिए हलकी दोमट तथा दोमट मिट्टी अधिक उपयुक्त रहती है। उत्तरी भारत में मैदानो  की अलूवियल मिट्टी, मध्य प्रदेश में कपास की काली मिट्टी तथा दक्षिण भारत की लाल लेटेराइट मिट्टी में मसूर की खेती अच्छी प्रकार से की जा रही है । छत्तीसगढ़ की डोरसा तथा कन्हार भूमि में मसूर की खेती की जाती है। अच्छी फसल के लिए मिट्टी का पी. एच. मान 5.8 - 7.5 के बीच होना चाहिये।
खेत की तैयारी

           खरीफ फसल काटने के बाद 2 - 3 आड़ी - खड़ी जुताइयाँ देशी हल या कल्टीवेटर से की जाती है जिससे मिट्टी भुरभुरी एवं नरम हो  जाए । प्रत्येक जुताई के बाद पाटा चलाकर मिट्टी बारीक और समतल कर लेते है। भारी मटियार मिट्टी  में हलकी दोमट  की अपेक्षा अधिक जुताईयाँ करनी पड़ती है ।
उन्नत किस्मों का चयन 
              देशी किस्मो की अपेक्षा उन्नत किस्मो के प्रमाणित बीज का उपयोग करने से अन्य फसलों की तरह मसूर से भी अधिकतम उपज (20 से 25 प्रतिशत अधिक) ली जा सकती है। भारत के विभिन्न क्षेत्रों  के लिए मसूर की नवीनतम अनुमोदित किस्में निम्नानुसार है-
उत्तर पश्चिम मैदानी क्षेत्र : एलएल-147, पन्त एल-406, पन्त एल-639, सपना (एलएच 84-8), एल-4076(शिवालिक), पन्त एल-4, प्रिया (डीपीएल-15), पन्त लेंटिल-5, पूसा वैभव,  डीपीएल-62
उत्तर पूर्व मैदानी क्षेत्र : डब्लूबीएल-58, पन्त एल-406, डीपीएल-63, पन्त एल-639, मलिका (के-75), केेलएस-218, एचयूएल-67
मध्य क्षेत्र : जेएलएस-1, सीहोर 74-3, मलिका (के-75), एल-4076, जवाहर लेंटिल-3, नूरी, पन्त एल-639,आई पी एल -81 

मसूर की प्रमुख उन्नत किस्मो  की विशेषताएं

नरेन्द्र मसूर-1 (एनएफएल-92): यह किस्म 120 से 130 दिन में तैयार होकर 15-20 क्विंटल  उपज देती है । रस्ट रोग प्रतिरोधी तथा उकठा रोग सहनशील किस्म है ।
पूसा - 1: यह किस्म जल्दी पकने (100 - 110 दिन) वाली है। इसकी औसत उपज 18 - 20क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है। 100 दानो का वजन 2.0 ग्राम है। यह जाति सम्पूर्ण म. प्र. के लिए उपयुक्त है।
पन्त एल-406:यह किस्म लगभग 150 दिन में तैयार होती है जिसकी उपज क्षमता 30-32क्विंटल  प्रति हैक्टर है ।रस्ट रोग प्रतिरोधी किस्म उत्तर, पूर्व एवं पस्चिम के मैदानी क्षेत्रों  के लिए उपयुक्त पाई गई है ।
टाइप - 36: यह किस्म 130 - 140 दिन में पककर तैयार हो जाती है। औसत उपज 20 से 22क्विंटल  प्रति हेक्टेयर होती है। इसके 100 दानो का वजन 1.7 ग्राम है। यह किस्म केवल सतपुड़ा क्षेत्र को छोड़कर सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के लिए उपयुक्त है।
बी. 77: यह किस्म 115 - 120 दिन में पककर तैयार हो जाती है एवं औसत उपज 18 - 20 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर आती है। इसके 100 दानों का वजन 2.5 ग्राम है। यह किस्म सतपुड़ा क्षेत्र (सिवनी, मण्डला एवं बैतुल) के लिए उपयुक्त है।
एल. 9-12: यह किस्म देर से पकने (135 - 140 दिन) वाली है। इसकी औसत उपज 18 - 20क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है। 100 दानों का वजन 1.7 ग्राम है। यह किस्म ग्वालियर, मुरैना तथा भिंड क्षेत्र के लिये उपयुक्त है।
जे. एल. एस.-1: यह बड़े दानो वाली जाति है तथा 120 दिन में पककर तैयार हो जाती है । औसतन उपज 20 - 22 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर होती है। इसके 100 दानों का वजन 3.1 ग्राम है। यह किस्म सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह एवं रायसेन जिले तथा सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए उपयुक्त है।
जे. एल. एस.-2:
यह किस्म 100 दिन मे पककर तैयार होती है एवं औसतन उपज 20 - 22क्विंटल  प्रति हेक्टेयर होती है। इसका दानला बहुत बड़ा है। 100 दानों का वजन 3.1 ग्राम है। यह म. प्र. के सीहोर, विदिशा, सागर, दमोह एवं रायसेन जिलों तथा सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए उपयुक्त है।
नूरी (आईपीएल-81):
यह अर्द्ध फैलने वाली तथा शीघ्र पकने (110 - 120 दिन) वाली किस्म है। इसकी औसत उपज 12 - 15क्विंटल  प्रति हेक्टेयर है। 100 दानों का वजन 2.7 ग्राम है। यह किस्म छत्तीसगढ़ के मैदानी क्षेत्र तथा सम्पूर्ण म. प्र. के लिए उपयुक्त है।
जे. एल. - 3: यह 100 - 110 दिनों में पककर तैयार होने वाली किस्म है जो 12 - 15क्विंटल  औसत उत्पादन देती है। यह बड़े दानो वाली (2.7 ग्रा/100 बीज) एवं उकठा निरोधी जाति है। मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ के लिए उपयुक्त है।
मलिका (के -75): यह 120 - 125 दिनों मे पकने वाली उकठा निरोधी किस्म है। बीज गुलाबी रंग के बड़े आकार (100 बीजों का भार 2.6 ग्राम) के होते है। औसतन 12 - 15क्विंटल /हे. तक पैदावार देती है। छत्तीसगढ़ के लिए उपयुक्त है।
सीहोर 74-3:
मध्य क्षेत्रों  के लिए उपयुक्त यह किस्म 120-125 दिन में तैयार ह¨कर 10-15क्विंटल  उपज देती है । इसका दाना बड़ा ह¨ता है तथा 100 दानों  का भार 2.8 ग्राम होता है ।
सपनाः यह किस्म 135-140 दिन में तैयार होती है तथा औसतन 21क्विंटल  उपज देती है । उत्तर पश्चिम क्षेत्रों  के लिए उपयुक्त पाई गई है । दाने बड़े होते है । रस्ट रोग प्रतिरोधी किस्म है ।
पन्त एल-234: यह किस्म 130-150 दिन में तैयार होती है तथा औसतन  उपज क्षमता 15-20 क्विंटल  प्रति हैक्टर है । उकठा व रस्ट रोग प्रतिरोधी पाई गई है ।
बीआर-25: यह किस्म 125-130 दिन में पकती है जिसकी उपज क्षमता 15-20क्विंटल  प्रति हैक्टर ह¨ती है । बिहार व मध्य प्रदेश के लिए उपयुक्त पाई गई है ।
पन्त एल-639: भारत के सभी मैदानी क्षेत्रों  के लिए उपयुक्त यह किस्म 130-140 दिन में पककर तैयार ह¨ती है । इसकी उपज क्षमता 18-20 क्विंटल  प्रति हैक्टर होती है । रस्ट व उकठा रोग प्रतिरोधी किस्म है जिसके दाने कम झड़ते है ।
कितना बीज
               अधिक उपज के लिए खेत में पर्याप्त पौध संख्या होना आवश्यक है। इसके लिए प्रमाणित किस्म का स्वस्थ बीज संस्तुत मात्रा में प्रयोग करना अनिवार्य है। बीज की मात्रा  जलवायु, बुआई  की विधि, बीज की अंकुरण क्षमता तथा किस्म पर निर्भर करती है । समय पर मसूर की बुआई हेतु उन्नत किस्मों का 30 - 35 कि. ग्रा. बीज प्रति हेक्टेयर की आवश्यकता होती है। विलम्ब से बुआई करने पर 40 किलो ग्राम बीज प्रति हेक्टेयर की दर से बोना चाहिए। मिश्रित फसल में प्रायः बीज दर आधी-आधी रखी जाती है ।
बिजाई से पहले करें बीजोपचार
                स्वस्थ बीजों को बुवाई के पूर्व थाइरम या बाविस्टिन 3 ग्राम प्रति किलो की दर से उपचारित करें। इसके उपरान्त बीजों को मसूर के राइजोबियम कल्चर तथा स्फुर घोलक जीवाणु (पीएसबी) कल्चर  प्रत्येक को  5 ग्राम  (कुल 10 ग्राम) प्रति किलो बीज की दर से उपचारित कर छायादार स्थान में सुखाकर बोआई सुबह या शाम को  करना चाहिए।
जरुरी है समय पर बोआई
                     मसूर की बुआई रबी में अक्टूबर से दिसम्बर तक होती है। परन्तु अधिक उपज के लिए मध्य अक्टूबर से मध्य नवम्बर का समय उपयुक्त है। ज्यादा विलम्ब से बोआई करने पर कीट व्याधि का प्रकोप अधिक होता है। देर से बोने पर यदि भूमि में नमी कम हो तो  हल्की सिंचाई करने के पश्चात् बीज बोना चाहिए।
बोआई वैज्ञानिक तरीके से
                    अच्छी उपज के लिए केरा या पोरा विधि से कतार बोनी करना ही उत्तम पाया गया है। हल के पीछे कूँड़ में बीज डालने के बाद खेत  में पाटा चलाया जाता है। इस क्रिया से खेत समतल होने के अलावा बीज भी ढंक जाते है । पोरा विधि में देशी हल के पीछे पोरा (चोंगा) लगाकर बोनी कतार में की जाती है । इसके लिए सीड ड्रिल का भी प्रयोग किया जाने लगा है । पोरा अथवा सीड ड्रिल से बीज उचित गहराई और  समान दूरी पर गिरते है । अगेती फसल की बोआई पंक्तियोेेें मे 30 से. मी. की दूरी पर करना चाहिए। पछेती फसल की बोआई  हेतु पंक्तियो की दूरी 20 - 25 से. मी. रखते है। मसूर का बीज अपेक्षाकृता छोटा होने के कारण  इसकी उथली (3-4 सेमी.) बुआई श्रेयष्कर  होती है । आजकल शुन्य जुताई तकनीक से भी (जीरो टिल सीड ड्रिल से ) मसूर की बुआई की जा रही है जिसमे खर्च कम आता है तथा समय की वचत भी होती है। 
फसल को मिले संतलुत पोषण
              दलहनी फसल होने के कारण मसूर को पिछली फसल में दी गई खाद के अवशेषों  पर उगाया जाता है परन्तु अच्छी उपज प्राप्त करने के लिए मृदा परीक्षण  के पश्चात् संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करना आवश्यक है। सिंचित अवस्था में 20 किग्रा. नत्रजन, 40 किग्रा. फॉस्फोरस, 20 किग्रा. पोटाश तथा 20 किग्रा. सल्फर प्रति हेक्टेयर की दर से बीज बुवाई करते समय डालना चाहिए। असिंचित दशा  में क्रमशः 15:30:10:10 किग्रा. नत्रजन, फाॅस्फोरस,पोटाश व सल्फर प्रति हेक्टेयर की दर से  बुआई के समय कूड़ में  देना लाभप्रद रहता है। फाॅस्फोरस को सिंगल सुपर फाॅस्फेट के रूप में देने से प्रायः आवश्यक सल्फर तत्व की पूर्ति भी हो जाती है। जिंक की कमी वाली भूमियों में जिंक सल्फेट 25 किग्रा./हे. की दर से अन्य उर्वरकों के साथ दिया जा सकता है। उर्वरकों को बोआई के समय कतारों में बीज लगभग 5 सेमी. की दूरी पर तथा बीज की सतह से 3 - 4 सेमी. की गहराई पर देना अच्छा रहता है।
सिंचाई कितनी और कब
                मसूर में सूखा सहन करने की क्षमता होती है। सामान्य तौर पर सिंचाई नहीं की जाती है। फिर भी सिंचित क्षेत्रों में 1 - 2 सिंचाई करने से उपज में वृद्धि होती है। पहली सिंचाई शाखा निकलते समय अर्थात् बुवाई के 30 - 35 दिन बाद तथा दूसरी सिंचाई फलियों में दाना भरते  समय बुवाई के 70 - 75 दिन बाद करना चाहिए। ध्यान रखें कि पानी अधिक न होने पावे। यथा संभव स्प्रिकलर से सिंचाई करें या खेत में स्ट्रिप बनाकर हल्की सिंचाई करना लाभकारी रहता है। अधिक सिंचाइयाँ मसूर की फसल के लिए लाभकारी नहीं रहती है। खेत में जल निकास का उत्तम प्रबन्ध होना आवश्यक रहता है।
खरपतवार नियंत्रण
                मसूर की फसल में खरपतवारों द्वारा अधिक हानि  होती है । यदि समय पर खरपतवार नियंत्रण पर ध्यान नहीं दिया गया तो उपज में 30 से 35 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।  अतः मसूर बुआई से 45 - 60 दिन तक खेत खरपतवार मुक्त  रहना आवश्यक है। बुवाई के 25 - 30 दिन एक निंदाई-गुड़ाई करने से उपज में वृद्धि होती है। रासायनिक खरपतवार नियंत्रण के लिए बुवाई के तुरंत  बाद परन्तु अंकुरण से पहले पेन्डीमेथालिन 30 ई.सी. का 1. 5 किग्रा सक्रिय तत्व प्रति हेक्टेयर की दर से 600 -700 लीटर पानी में घोलकर छिड़काव करें या फिर  फ्लूक्लोरालिन 45 % ई सी 1. 0 किग्रा.सक्रिय तत्व प्रति हेक्टेयर की दर से 600 -700 लीटर पानी में घोलकर बुआई से पहले खेत में सतही मिट्टी में अच्छी तरह मिलाने  के उपरांत मसूर की बोआई करें।  इन शाकनाशिओं के प्रयोग से  चौड़ी व संकरी पत्ती वाले खरपतवार नियंत्रण में रहते हैं।
फसल पद्धति
                मसूर की खेती खरीफ की फसलें (धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, कपास आदि) लेने के बाद की जाती है। मसूर की मिश्रित खेती  जैसे सरसों+मसूर, जौ+मसूर का भी प्रचलन है। शरदकालीन गन्ने की दो कतारों के बीच मसूर की दो कतारों (1.2) बोई जाती है। इसमें मसूर को 30 सेमी. की दूरी पर बोया जाता है।
कटाई एवं मड़ाई
              मसूर की फसल 110 - 140 दिन में पक जाती है। अतः बोने के समय के अनुसार मसूर की फसल की कटाई प्रायः फरवरी-मार्च में जाती है। जब 70 -80 प्रतिशत फल्लियाँ  भूरे रंग की हो जाएं और पौधे पीले पड़ने लगे पक जायें तो फसल की कटाई करना चाहिए। कटाई हँसिये द्वारा सावधानीपूर्वक करना चाहिए जिससे फलियाँ चटकने न पायें। काटने के बाद फसल को एक सप्ताह तक खलिहान में सुखाते हैं। इसके पश्चात् दाॅय चलाकर या थ्रेशर द्वारा दाने अलग कर हवा में साफ कर लिये जाते हैं।
उपज एंव भंडारण
              मसूर की उपज बोई  गई किस्म, बोने का समय और मिट्टी में नमी की उपलब्धता पर निर्भर करती है। मौसम अनुकूल होने पर तथा उपरोक्त नवीन उत्पादन तकनीक का अनुशरण करने पर मसूर दानों  की उपज 20 - 25 क्विंटल  तथा भूसे की उपज 30 - 35 क्विंटल  प्रति हेक्टेयर प्राप्त होती है। भण्डारण करने से पहले दानो को अच्छी तरह सुख लेना चाहिए।  दानों में 9 - 11 प्रतिशत नमी रहने तक सुखाने के बाद उचित स्थान पर इनका भण्डारण करना चाहिए।
नोट-कृपया बिना लेखक की अनुमति के लेख को प्रकाशित ना करें। यदि लेख को अन्यंत्र किसी पत्र -पत्रिका में पुनः प्रकाशित करना चाहते है तो लेखक की आज्ञा लें तथा लेखक का नाम भी प्रकाशित करने का कष्ट करें।