Powered By Blogger

शनिवार, 22 फ़रवरी 2020

बहुमंजिला कृषि से कम क्षेत्रफल में भरपूर उत्पादन एवं आमदनी

डॉ.गजेन्द्र सिंह तोमर
प्रोफ़ेसर (एग्रोनोमी)इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय,
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र,
महासमुंद (छत्तीसगढ़)

भारत में विश्व की 3 प्रतिशत भूमि एवं 4 प्रतिशत जल राशी किन्तु पूरे विश्व की 17 प्रतिशत आबादी है अर्थात हमारे देश में भूमि एवं जल संसाधन कम परन्तु जनसंख्या घनत्व बहुत अधिक है। देश में कृषि योग्य भूमि 14.3 करोड़ हेक्टेयर से अधिक बढ़ने की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में  बढती आबादी,घटते संसाधन को देखते हुए जनसँख्या का भरण पोषण एक चुनौती है।  भारत में खेती योग्य भूमि का क्षेत्रफल सीमित है और दिन प्रतिदिन शहरीकरण, उध्योगिकीकरण, मकान बनते जाने के कारण कृषि योग्य भूमि कम होती जा रही है।  तेजी से बढती जनसँख्या की खाद्यान्न आवश्यकता की पूर्ति के लिए प्रति इकाई क्षेत्रफल में भूमि की उत्पादकता बढ़ाने हेतु दो विकल्प मौजूद है।  पहला प्रतिवर्ष कृषि योग्य भूमि में दो या दो से अधिक फसलों को उगाया जाये परन्तु ऐसा करने के लिए सिंचाई का साधन होना अति आवश्यक है।  अभी भी भारत में सिर्फ 35-40 प्रतिशत क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा है और इसलियें भारत में फसल सघनता 137 प्रतिशत है अर्थात एक फसली क्षेत्रफल अधिक है। अब दूसरा विकल्प बचता है कि एक साथ एक ही क्षेत्रफल पर कई फसलें  उगाकर बढ़ती हुई जनसंख्या के भोजन एवं खान-पान की अन्य वस्तुओं की पूर्ति की जा सकें। दूसरे विकल्प को सफल बनाने के लिए बहुपयोगी वृक्ष एवं खाद्यान्न और सब्जी फसलों में से चुनकर उन्हें इस  प्रकार से उगाया जाता है जिससे विभिन्न फसलों की उपज विभिन्न ऊंचाइयों से प्राप्त की जा सकती है।  इस प्रकार की बहुउद्देशीय खेती को बहुमंजिला अथवा बहुस्तरीय कृषि कहा जाता है। हमारे देश में 80 प्रतिशत से अधिक किसान सीमान्त एवं लघु कृषकों की श्रेणी में आते है।  ऐसे  किसान बहुस्तरीय खेती अपनाकर अपने सीमित क्षेत्र से अधिकतम उत्पादन एवं आमदनी अर्जित कर  आत्मनिर्भर बन सकते है।

नारियल एवं पपीते के साथ बहुस्तरीय खेती फोटो साभार गूगल
क्या है बहुमंजिला कृषि 


बहुमंजिला खेती का मुख्य उद्देश्य  प्रति इकाई क्षेत्रफल एवं  समय पर विविध प्रकार की फसलों को इस प्रकार से उगाना है जिससे खेती के लिए आवश्यक प्राकृतिक संसाधनों यथा प्रकाश, जल, भूमि,जल तथा पोषक तत्वों का कुशल उपयोग हो और सीमित क्षेत्रफल से अधिक से अधिक पैदावार प्राप्त की जा सके। इसमें बहुपयोगी वृक्षों के साथ खाद्यान्न अथवा सब्जी वाली फसलों को उगाया जाता है।  एक वर्षीय फसलों में बहुफसली खेती की अच्छी संभावनाएं है परन्तु बहुवर्षीय पौधों के साथ मिश्रित खेती एक नई शुरुवात है।   वर्तमान में इस प्रकार की खेती दक्षिण भारतीय राज्यों यथा केरल, कर्नाटक, तमिलनाडू, महाराष्ट्र के कुछ भागों तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अधिक प्रचलित है।  लंबी अवधि तक वर्षा होने वाले इन क्षेत्रों की प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र में पौधे बहुमंजिला तरीके से व्यवस्थित होते हैं और अपनी प्रकृति के अनुसार अलग अलग ऊॅंचाई तक जाते हैं। इन पौधों के बीच जैव अजैव संबंधों और उर्जा के आदान प्रदान से सभी के सह-अस्तित्व के लिये आवश्यक प्राकृतिक संतुलन बनाने में मदद मिलती है। दक्षिण भारत के अलावा उत्तर  एवं मध्य भारत में भी बहुस्तरीय खेती सफलता पूर्वक की जाने लगी है। प्राकृतिक संसाधनों के सरंक्षण, टिकाऊ खाद्यान्न उत्पादन और प्रति इकाई किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए बहुस्तरीय कृषि को बढ़ावा देने की महती आवश्यकता है। 
बहुमंजिल कृषि के सिद्धांत
बहुमंजिला या बहु-स्तरीय खेती की सफलता इसके अंतर्गत उगाई जाने वाली फसलों का चुनाव एवं उनकी अग्र-प्रस्तुत विशेषताओं पर निर्भर करती है। 
1.   फसलों का चुनाव इस प्रकार से करना चाहिए कि उनमें प्रकाश,पोषक तत्व और जल के लिए आपस में प्रतिस्पर्धा कम से कम हो ताकि वह एक दूसरे को प्रभावित किये बिना स्वतंत्र रूप से वृद्धि कर सकें। 
2. पौधों का चयन इस प्रकार करें कि घरेलू स्तर की आवश्यकताओं यथा अनाजदालतिलहनफल एवं सब्जियों आदि की पूर्ति हो सकें। 
3.   सबसे ऊंचे स्तर के वृक्ष ऐसे होने चाहिए जिनसे कम से कम छाया हो जिससे उनके नीचे उगाई जाने वाली फसलों को पर्याप्त मात्रा में प्रकाश और हवा मिल सके। 
4.   ऊपर से नीचे वाली मंजिल में उगाये जाने वाले पौधों में कम प्रकाश में भी प्रकाश संश्लेषण करने की क्षमता होना चाहिए।  दूसरी मंजिल के पौधों की पत्तियां अधिक चौड़ी, बड़ी एवं पतली होना चाहिए।   
5.   सबसे नीचे वाली मंजिल की फसलें सीमित प्रकाश में अपना भोजन बनाने अर्थात प्रकाश संश्लेषण करने में सक्षम होना चाहिए अर्थात इस प्रकार की फसलें छाया चाहने वाली हो। इन फसलों की पत्तियां हरी,चौड़ी, बड़ी एवं पतली होना चाहिए। 
बहु-मंजिला  कृषि के लिए प्रादर्श 
लतायुक्त सब्जियों के साथ बहुस्तरीय कृषि फोटो साभार गूगल 
बहुस्तरीय कृषि के तहत ऊपरी मंजिल के लिए नारियल, सुपारीखजूर, यूकेलिप्टस, पोपलर, सहजन, पामआयल ट्री, काजू, बेर, चीकू  आदि उपयुक्त पाई गई है।इन पौधों की पत्तियां छोटी, बिरली और कटी होना चाहिए।  इसके अलावा इन वृक्षों में तेज प्रकाश को सहन करने एवं प्रकाश संश्लेषण करने की क्षमता होती है।  दूसरी मंजिल के लिए कॉफी,टेपियोका, पान,केला, पपीता आदि उपयुक्त फसलें हो सकती है।  निचली मंजिल पर हल्दी, अदरक,सफ़ेद मूंसली, जिमिकांदा, अरवी.लोबिया,लिली,गेंदा फूल आदि की खेती की जा सकती है।  इस प्रकार से विविध फसलों की प्रकाश, जल, पोषक तत्वों आदि की आवश्यकता भिन्न-भिन्न होने से वे एक दुसरे से प्रतिस्पर्धात्मक सहयोग करती है. पौधों को उनकी लम्बाई के बढ़ते क्रम में पूर्व से पश्चिम की ओर लगायें ताकि सभी को पर्याप्त धूप मिल सके।
बहुमंजिला  खेती सफल प्रादर्श 
श्रीफल अर्थात नारियल को फर्स्ट फ्लोर फसल कहा जाता है।  नारियल का पेड़ लगभग 70-80 साल तक उत्पादन देता रहता है. खेत में 6 x 6 मीटर की दूरी पर पोधे लगाये जाते है।  दो कतारों के बीच खली जगह (ग्राउंड फ्लोर) में सब्जी फसलें यथा आलू, फूल गोभी,टमाटर,प्याज व अन्य भाजियां लगाई जा सकती है।  इससे साल भर आमदनी प्राप्त की जा सकती है।  गर्मी के दिनों में कच्चे नारियल/पानी वाले नारियल 25-30 रूपये प्रति नग बिकते है।  बरसात में इनकी कीमत कुछ कम हो जाती है. एक पेड़ में साल में 350-400 नारियल फल प्राप्त हो जाते है।  इसके पत्तों से झाड़ू और नारियल खोल से कोकोपिट व अन्य उपयोगी सामग्री बनाई जाती है। 
धान उत्पादक राज्यों विशेषकर छत्तीगढ़ में धान की मेड़ें काफी चौड़ी होती है जिनपर बहुस्तरीय कृषि कर किसानों की आमदनी में काफी इजाफा किया जा सकता है।  कृषि विज्ञान केन्द्र अम्बिकापुर में खेतों की मेड़ों की बेकार पड़ी भूमि पर लौकीभिंडीसेममटरफूल गोभीपत्ता गोभीस्ट्राबेरी आदि फसलों की बहुस्तरीय खेती पर सफल प्रयोग किया गया है । इस तकनीक में धान खेत की मेडों पर एक साथ दो-तीन  फसलों की खेती की गई। इसके लिए मेड़ पर पांच फीट बांस का मचान बनाकर उस पर लौकी/सेम  की बेलों को चढ़ाया  गया और मंडप के नीचे मटरफूल गोभीपत्ता गोभीफ्रेन्चबीनस्ट्राबेरी आदि फसलों की  खेती कर बेहतर उत्पादन और आमदनी प्राप्त हुई । इस प्रणली के अंतर्गत  मेडों पर भिंडीगवारफल्लीगेंदारजनीगंधा लगाकर आकर्षक मुनाफा अर्जित किया गया है। इस प्रकार की बहु-स्तरीय कृषि क्षेत्र एवं प्रदेश के छोटे-मझोले किसानों में लोकप्रिय होती जा रही है। 
लघु एवं सीमान्त किसान अपने खेत में बांस,बल्ली की सहायता से एक मंडप तैयार कर कम लागत में बहुस्तरीय खेती को अपना सकते है।  मंडप के ऊपर 20-25 से.मी. पर रस्सियाँ बुनकर उस पर घास-फूस की परत बिछा दी जाती है अथवा टटिया बनाकर ऊपर रख देते है। ऐसा करने से बेल वाली फसलों को बढ़ने व् फलने-फूलने के लिए सहारा तथा  भरपूर प्रकाश उपलब्ध हो जाता है और नीचे वाली फसलों की तेज धूप-गर्मी से सुरक्षा भी हो जाती है।  इस मंडप के नीचे फरवरी-मार्च महीने में जमीन के नीचे अदरक, हल्दी, अरवी आदि फसलें लगाते हैं. इन फसलों की जड़ें 20-25 सेमी की गहराई पर स्थित होती है. अरवी, हल्दी आदि 60-70 दिन में अंकुरित होकर ऊपर बढ़ती है। इस दरम्यान कोई भी साग भाजी जैसे-मेंथीपालक, धनियां,चौलाई आदि (इनकी जड़ें 5-10 सेमी की गहराई तक ) की बुवाई कर 30-35 दिन में उपज ली जा सकती है ।  इसके बाद पत्तेदार सब्जियों की कटाई पश्चात इनके स्थान पर शकरकंद की बुवाई (बेल कलमों)  की जा सकती है।  इसके बाद शकरकंद की खुदाई के उपरान्त खेत में बांस-बल्ली की सहायता से मंडप बनाकर बेल बाली सब्जियां यथा कुंदरू, लौकी, तोरई, करेला आदि की बुवाई कर इनकी बेलों को मंडप पर चढ़ाकर उत्पादन लिया जा सकता है । इन फसलों की पत्तियां पतली और कटानयुक्त होती हैं जिससे नीचे की फसलों को पर्याप्त प्रकाश एवं हवा प्राप्त होती रहती है। इसके साथ ही  बीच-बीच में पपीता भी लगाया जा सकता हैं। इस प्रकार एक ही खेत से 4-5 प्रकार की फसलें आसानी से ली जा सकती है। 
बहुमंजिला कृषि में आम (दशहरी, आम्रपाली आदि) के साथ अमरुद और लोबिआ; आम के साथ बाजरा और ग्वारफली; अरहर के साथ तिल और मूंगफली; मक्का के साथ मूंग और मूंगफली; सहजन के साथ लालभाजी, भिंडी और अरवी; पपीता के साथ पालक और प्याज या लहसुन; गन्ना के साथ आलू और सरसों युकलिप्टस के साथ पपीता और चारे के लिए बरसीम, चारे के लिए हाथी घास के साथ लोबिआ और रबी में बरसीम  आदि को आसानी से अपनाया जा सकता है।    
बहुमंजिला खेती से लाभ
1.   बहुमंजिला खेती में प्रति  इकाई भूमि में विविध प्रकार की फसलों को एक साथ उगाकर कृषि आदानों (पानी एवं पोषक तत्व) का कुशल उपयोग करते हुए आकर्षक लाभ अर्जित किया जा सकता है। 
2.   कृषि पारिस्थितकी तंत्र में समय के साथ उत्पादन में गिरावट आती है, वहीँ बहुस्तरीय कृषि में समय के साथ उत्पादन की मात्र और विविधता बढती है। 
3.   इस प्रणाली के अनुशरण से वर्ष भर कुछ न कुछ आमदनी प्राप्त होती रहती है जिससे परिवार की खाद्यान्न,सब्जी, मसाले,फल आदि की आवश्यकता की पूर्ति हो जाती है.
4.   बहुमंजिला खेती भूमि की उर्वरा शक्ति कायम रखने, जैव विविधितता एवं पर्यावरण सरंक्षण में सहायक होती है। 
5. बहुमंजिला खेती से वर्ष पर्यन्त रोजगार के अवसर प्राप्त होने के अलावा जलवायु परिवर्तन के कारण फसल उत्पादन प्रभावित होने की संभावना कम रहती है। 
6. फसलोत्पादन में कीट-रोग और खरपतवार प्रकोप कम होता है जिससे इनकी रोकथाम में लगने वाले रासायनिकों पर खर्चा बच जाता है।    
भारत में तेजी से बढती जनसंख्या के कारण भूमि का बिखंडन होता जा रहा है जिससे कृषि जोत का आकार  सिकुड़कर अव्यावहारिक होता जा रहा  हैं. सीमित कृषि भूमि में  परंपरागत कृषि अलाभकारी हो रही है। ऐसे में लघु और सीमान्त किसानों के लिए बहुस्तरीय कृषि प्रणाली वरदान साबित हो सकती है। सामान्य कृषि की तुलना में बहु-स्तरीय कृषि में लागत 4  गुना कम और लाभ 8  गुना अधिक प्राप्त किया जा सकता है।  इसके अलावा परिवार की भोजन, सब्जी,फल आदि आवश्यकताओं की पूर्ति हो जाती है।  इससे परिवार को खाद्यान्न और पोषण सुरक्षा के साथ-साथ सुनिश्चित आमदनी भी प्राप्त होती रहती है।
कृपया ध्यान रखें:  कृपया इस लेख के लेखक ब्लॉगर  की अनुमति के बिना इस आलेख को अन्यंत्र कहीं पत्र-पत्रिकाओं या इन्टरनेट पर  प्रकाशित करने की चेष्टा न करें । यदि आपको यह आलेख अपनी पत्रिका में प्रकाशित करना ही है, तो लेख में ब्लॉग का नाम,लेखक का नाम और पते का उल्लेख  करना अनिवार्य  रहेगा। साथ ही प्रकाशित पत्रिका की एक प्रति लेखक को भेजना सुनिशित करेंगे।  लेख प्रकाशित करने की सूचना  लेखक के मेल  profgstomar@gmail .com  पर देने का कष्ट करेंगे। 


गुरुवार, 20 फ़रवरी 2020

चमत्कारिक वृक्ष सहजन: रोजगार एवं आर्थिक समृद्धि का साधन

डॉ.गजेन्द्र सिंह तोमर,
प्राध्यापक (सस्य विज्ञान)
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय,
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, महासमुंद (छत्तीसगढ़)

            भारत दुनिया की तेजी से बढती अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है।  आज हम खाद्यान्न उत्पादन में सक्षम है और दुनिया में सबसे अधिक दूध उत्पादक, दूसरे सबसे अधिक सब्जी, फल एवं मछली उत्पादक देशों में शुमार है,  परन्तु देश की बहुसंख्यक आबादी गरीबी, भुखमरी और कुपोषण की शिकार है।  संयुक्त राष्ट्र के भोजन व कृषि संगठन की एक रिपोर्ट दुनिया में खाद्य सुरक्षा और पोषण की स्थिति-2019’ के मुताबिक़, दुनियाभर में सबसे ज्यादा 14.5 प्रतिशत यानी 19.44 करोड़ कुपोषित भारत में हैं।  संयुक्त राष्ट्र की वैश्विक पोषण रिपोर्ट-2018 के मुताबिक़ देश में हर दिन 3000 बच्चों की कुपोषण से जुड़ी बीमारियों के चलते मौत हो जाती है। देश में खाद्यान्न सुरक्षा के साथ-साथ बढती आबादी को पोषण सुरक्षा प्रदान करना भी आवश्यक है।  देश की बहुसंख्यक शाकाहारी आबादी की थाली में प्रोटीन और विटामिन से परिपूर्ण भोजन का अभाव  है। भूमिहीन,सीमान्त और लघु किसानों के लिए खेती अलाभकारी व्यवसाय बनता जा रहा है. ऐसे में देश में व्याप्त कुपोषण की समस्या को दूर करने एवं किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए कृषि में विवधीकरण लाते हुए सीमित भूमि एवं न्यनतम लागत में अधिकतम उत्पादन एवं आमदनी प्राप्त करने की कृषि तकनीकों का अनुशरण करना पड़ेगा। किसानों की आमदनी बढ़ाने एवं कुपोषण की समस्या से निजात पाने में खेत की मेंड़ों पर फलदार एवं सब्जी के लिए उपयोगी वृक्षों का रोपण अथवा खेती संग उद्यानिकी-वानिकी  प्रणाली कारगर सिद्ध हो रही है।  इसके लिए सहजन एक आदर्श वृक्ष है।  सहजन को मुनगा, मोरिंगा, ड्रमस्टिक के नाम से भी  जाना जाता है। सीमित लागत और कम समय में सहजन की वैज्ञानिक तरीके से खेती करने पर 14-15 लाख रूपये प्रति हेक्टेयर से अधिक का  आर्थिक लाभ अर्जित किया  जा सकता है। देश को कुपोषण की समस्या  से निजात दिलाने,  कृषि  को घाटे से उबारने और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए भारत में बहुपयोगी वृक्षों विशेषकर सहजन की खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।  
सहजन के फलदार वृक्ष फोटो साभार गूगल 
सहजन की खेती के फायदे
  1. सहजन एक बहुपयोगी एवं बहुउद्देशीय वृक्ष है जिसकी जड़, तना, छाल, गोंद, पत्तियां, फूल, फल और बीज  किसी न किसी रूप में मानव के लिए उपयोगी होते है। 
  2. सहजना की खेती सभी प्रकार की भूमियों एवं जलवायु में सहजता से की जा सकती है।  इसके वृक्षों से वर्ष में दो बार उत्पादन लिया जा सकता है। 
  3. सहजन की खेती वर्षाधीन और सिंचित क्षेत्रों में सफलतापूर्वक की जा सकती है।  इसके पौधों में सूखा सहने की क्षमता तथा कीट-रोग प्रतिरोधी होते है। 
  4. सहजन की पत्तियों, फूल एवं फलियों में मनुष्य के लिए आवश्यक पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाने के कारण, यह कुपोषण को समाप्त करने में अहम् भूमिका निभा सकता है। पौष्टिक एवं स्वास्थ्य के लिए उपयोगी होने के कारण सहजन की फलियाँ और पत्तियों की मांग बढती जा रही है। 
  5. सहजन के  तने से ईधन और कागज बनाने के लिए पल्प व टहनियों से रेशा प्राप्त किया जा सकता है, जो रस्सियां एवं अन्य सामग्री बनाने के काम आता है।  सहजन के टनों की कटाई छटाई करने के उपरान्त  उच्च गुणवत्ता वाला  गोंद  प्राप्त होता है, जिसका उपयोग रंगाई-छपाई उद्योगों  तथा औषधि निर्माण में किया जाता है ।
  6. सहजन की पत्तियों को काटकर हरी अवस्था में अथवा  छांया में सुखाकर, पीसकर चूर्ण तैयार कर बाजार में बेच कर अतिरिक्त मुनाफा कमाया जा सकता है। 
  7. सेंजना के बीजों को पीसकर पाउडर बनाकर पानी में डालने से पानी साफ हो जाता है । बीजों का पाउडर जल शुद्धिकरण के अलावा शहद  एवं चीनी का शुद्धिकरण करने में  उपयोग किया जाता है । इसके बीजों में 36-40  प्रतिशत खाने योग्य तेल पाया जाता है जो गुणवत्ता में जैतून के तेल के समतुल्य माना जाता है । इसका तेल सौन्दर्य प्रसाधनों तथा मशीनों में  चिकनाहट पैदा करने के लिए किया जाता है। 
  8. सहजन की पत्तियां एवं मुलायम टहनियां पशुओं के लिए पौष्टिक आहार के रूप में इस्तेमाल की जा सकती है. गर्मीं के समय पशुओं के लिए गुणवत्तायुक्त हरा चारा प्राप्त किया जा सकता है। 
  9. सहजन के वृक्षों से छाया कम होती है। अतः मिश्रित और अंतरवर्ती खेती के लिए यह बहुपयोगी वृक्ष है।  सहजन के साथ कम छाया चाहने वाली फसलें यथा हल्दी, अदरक, बेलदार सब्जियां आदि  सफलतापूर्वक उगाई जा सकती है।
  10. सहजन एक पर परागित फसल है।  वृक्षों में पुष्पन के समय मधुरस के लिए मधुमक्खियां भारी तायदाद में भ्रमण करती है. अतः सहजन की खेती के साथ साथ मधुमक्खी पालन का व्यवसाय आसानी  किया जा सकता है। सहजन का शहद उत्तम गुणवत्ता वाला होता है।  
                                        बहुपयोगी वृक्ष  सहजन की खेती ऐसे करें 
उपयुक्त जलवायु 
            सहजन  की खेती शुष्क व गर्म जलवायु में आसानी से की जा सकती है ।  इसके पौधे प्रकाश एवं ताप प्रिय होते है अर्थात पर्याप्त धूप एवं गर्म वातावरण पौधों के विकास के लिए उपयुक्त रहता है । कम तापमान और पाला सहजन पौधों के लिए हानिकारक है।  पौधों की वृद्धि एवं विकास के लिए 25-35  डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त होता है लेकिन इसके पौधे ग्रीष्मकाल में कुछ समय तक  45  डिग्री तापक्रम को सहन कर लेते है। अधिक तापमान पर इसके फूल झड़ने लग जाते हैं। 
भूमि का चुनाव एव खेत की तैयारी 
         सहजन के पौधों की खेती हेतु उचित जलनिकास वाली  गहरी बलुई से बलुई दोमट व लैटेराइट मृदा उपयुक्त होती है। भूमि का पी एच मान 6.5-8.5   उचित रहता है।  इसकी खेती जलभराव एवं ख़राब जल निकासी वाली भूमि में नही करना चाहिए क्योंकि जलभराव की स्थिति में इसके पौधे नष्ट हो जाते है।  सहजन का बगीचा लगाते समय खेत को  अच्छी तरह तैयार करने के लिए मिट्टी पलटने वाले  हल से गहरी  जुताई  करने के बाद हैरो या कल्टीवेटर से 2-3 जुताई करने के उपरान्त भूमि को समतल कर लेना चाहिए । खेत तैयार होने के उपरान्त निष्चित दूरी पर पौधा लगाना चाहिए।
उन्नत किस्में
         मुनगा की देशी प्रजातियां बहुवर्षीय प्रकृति की होती है जिनमें जिनमें पुष्पन एवं फलन विलम्ब से होता है। इसके अलावा बहुवर्षीय वृक्षों की ऊंचाई भी अधिक होती है जिसके कारण फलियां तोड़ने में कठिनाई होती है।  अब 5-7 माह में अधिक उत्पादन देने वाली उन्नत किस्मों का विकास होने के कारण सहजन की व्यवसायिक खेती होने लगी है। सहजन की बहुवर्षीय प्रजातियों से 8-10 वर्ष तथा वार्षिक किस्मों से 3-4 वर्ष तक आर्थिक रूप से लाभकारी खेती की जा सकती है . सहजन की प्रमुख देशी एवं  उन्नत किस्मों के गुणधर्म अग्र प्रस्तुत है  ।
जाफना मोरिंगा : यह एक बहूवर्षिय अधिक उत्पादन देने वाली किस्म जिसकी फलियों की औसत लम्बाई 60 से 90 से.मी. होती है । फलियाँ मुलायम व ताजा होती तथा फलियों का रंग हरा होता है । प्रति पौधा 350-400 फलियाँ प्रतिवर्ष प्राप्त होती है ।
चैवाकाचेरी मुरिंगा: यह सेंजना की बहुवर्षिय  किस्म है जो वर्ष भर फलियाँ देती है । इसकी फलियों  की लम्बाई 90 से 100 से.मी. होती है । इनकी फलीयाँ अचार बनाने के लिए अधिक उपयुक्त मानी जाती है । फलियों में अधिक गूदा होता है जो स्वादिष्ट होता  है ।
येजपानाम मुरिंगा: इस किस्म की फलियों का रंग गहरा हरा होता है । फलियों की लम्बाई 60 से 90 से.मी. तथा मोटी, मुलायम और स्वादिष्ट होती  है । पौधों का आकार अधिक फैलाव वाला होता है ।
पाल मुरंगईः इस किस्म के पौधे 6 महीने की आयु में फलियाँ करने लगते है । इस किस्म की फलियाँ लम्बी व पतली अधिक स्वादिष्ट होती है । प्रति पौधा फलियाँ 350-400 प्रतिवर्ष उत्पादन देती है ।
रोहित-1: सहजन की ये किस्म पौध रोपण के लगभग 5-6 महीने बाद ही पैदावार देना शुरू कर देती है।  इसका पौधा वर्ष में दो बार पैदावार देता है।  इस किस्म के एक पौधे से 40-125 फली  प्राप्त की जा सकती है।  इसका पौधा लगभग 8-10  साल तक पैदावार दे सकता है।  इस किस्म की फलियां हरे रंग की 40-60  से.मी. लंबी,  गुदा स्वादिष्ट, मुलायम और उच्च गुणवत्ता वाला होता है।  इसकी फलियों की लम्बाई एक से सवा फिट के बीच पाई जाती हैं। 
सी.ओ. 1: यह किस्म तमिलनाडू कृषि विश्वविद्यालय, कोयम्बटूर विकसित की गई है । इसके पौधे  बीज व कटिंग द्वारा आसानी से तैयार किये जा सकते है । यह किस्म 6 महीने से फूल, फलियाँ देने लग जाती है । इस  किस्म से  प्रति पौधा 350-400 फलियों का प्रतिवर्ष उत्पादन होता है । फलियाँ मुलायम व स्वादिष्ट होती है ।
पी.के.एम.-1: यह  किस्म तमिलनाडू कृषि विश्वविद्यालय, उद्यान अनुसंधान केन्द्र, पैरीयाकुलम द्वारा विकसित की गयी ही । पौधे की ऊँचाई 4-6 मीटर होती है । इस किस्म में पौध रोपण के 8-9 माह पश्चात फलन प्रारंभ हो जाता है । प्रति पौधा प्रतिवर्ष 200-225 फलियाँ प्राप्त होती है । फलियों की लम्बाई 65-70 से.मी., 6.3 से.मी. मोटी  एवं 150 ग्राम वजन होता है । इस किस्म का पौधा 4 से 5 साल तक पैदावार देता है। 
पी.के.एम. 2: इस किस्म को उद्यान अनुसंधान केन्द्र, (तमिलनाडू कृषि विश्वविद्यालय), पैरीयाकुलाम द्वारा विकसित की गयी। इस किस्म की कच्ची फली हरे रंग की और बहुत स्वादिष्ट होती है, जिनकी लम्बाई 45  से 75 से.मी. तक पाई जाती है।  इसके एक पौधे से एक बार में 300 से 400 फलियां प्राप्त होती है।  सहजन की ये किस्म भी साल में दो बार ही पैदावार देती हैं
धनराजः यह एक बहुवर्षीय सेंजना किस्म है जो बीज द्वारा उगाई जाती है । फलियाँ लम्बी व हरे रंग की होती है । औसत  वार्षिक उत्पादन प्रति पौधा प्रतिवर्ष 400-600 फलियाँ प्राप्त होती है । इसकी फलियाँ आचार बनाने के लिए काम आती है ।
सहजन की बुवाई/रोपाई का समय: सहजन की बुवाई या रोपाई वर्षा आगमन के बाद जुलाई से लेकर अक्टूबर तक की जा सकती है। सिंचाई की सुविधा होने पर सहजन की पौध की रोपाई वर्ष पर्यन्त की जा सकती है। 
सहजन की बुवाई/रोपाई
सहजन की बहुवर्षीय प्रजातियों की प्रवर्धन वानस्पतिक विधि (कलम) से तथा वार्षिक किस्मों को बीज को सीधे तैयार खेत में अथवा बीज से पौध तैयार कर रोपा जा सकता है.
1.   बीज से बुवाई: सहजन की वार्षिक प्रकृति की उन्नत किस्मों को बीज से बोना लाभकारी होता है।  बीज को तैयार खेत में  सीधे बोया जा सकता है या बीज  से पौध तैयार कर रोपाई की जा सकती है।  एक हेक्टेयर में लगभग 650  ग्राम बीज की आवश्यकता होती है. आवश्यक बीज को रात भर पानी में भिंगोने के उपरान्त 100 ग्राम ऐज़ोस्पिरिलम कल्चर से उपचारित करने से अंकुरण शीघ्र होता है और पौधे स्वस्थ्य होते है।  बीजों की बुवाई 3 x 3 मीटर की दूरी पर 45 x 45 x 45 से.मी. के गड्ढों में 2.5-3.0 से.मी. की गहराई पर करना चाहिए। बीज बुवाई के समय मिट्टी में पर्याप्त नमीं होना चाहिए। बुवाई के 8-10 दिन में बीजों का अंकुरण हो जाता है। 
2.   बीज से पौध तैयार कर रोपण : सहजन के बीज से  नर्सरी/पौधशाला में  पौध तैयार कर खेत में तैयार गड्ढों में रोपाई की जा सकती है।  इसके लिए 20 x 10   से.मी. आकार के पॉलीथिन बैग  का  उपयोग किया जा सकता है।  पॉलिथीन बैग को दो भाग मिट्टी, एक भाग बालू (रेत) और एक भाग सड़ी  गोबर की खाद से भरने के उपरान्त प्रत्येक बैग में दो से तीन बीज डालने चाहिए। बीजों को रात भर पानी में भिंगोने के बाद बुवाई करने से बीज अंकुरण अच्छा  होता है। बीजों की बुवाई बाद प्रतिदिन हल्की सिंचाई करते रहना चाहिए।  बुवाई के बाद 8-10 दिन में बीज अंकुरित हो जाते है ।   पॉलिथीन बैग  में एक स्वस्थ पौधा छोड़कर बांकी को निकाल देना चाहिए।  अंकुरण के  30 से 40 दिन बाद  अथवा 60-90 से.मी. ऊंची पौध को थैली से हटाकर  निर्धारित दूरी पर तैयार गड्ढों में  रोपाई कर देना चाहिए।  पौध रोपण का कार्य मानसून आने के पश्चात जुलाई-अगस्त में करना चाहिए। 
3.   कलम रोपण: सहजन की बहुवर्षीय प्रजातियों का प्रबर्धन कलम से करना अधिक लाभकारी पाया गया है। कलम द्वारा तैयार पौधे अच्छी गुणवत्ता वाले होते है। सहजन वृक्ष से  1-2 वर्ष  पुरानी शाखाओं (कठोर लकड़ी) को कलम के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए । खेती में रोपाई अथवा पौध तैयार करने हेतु  45-100 से.मी. लंबी व 8-10  से.मी. गोलाई की शाखाएं  उपयुक्त होती है।  कलम को आई.बी.ए. के 50  पीपीएम के घोल में 24 घंटे डुबोकर लगाने से अंकुरण बेहतर होता है।  कलम को सीधे खेत में लगाया जा सकता है / कलमों को  नर्सरी या पोलीबैग  में लगाकर पौध तैयार कर मुख्य खेतों में रोपा जा सकता है । कलम  का एक तिहाई हिस्सा  मिट्टी  में दवाना चाहिए अर्थात कलम की लम्बाई 90 से.मी होने पर उसे 30 सेमी गहरा लगाना चाहिए। पौधशाला या पॉलीबैग में लगाई गई कलमों से 2-3 माह में पौधे रोपाई योग्य हो जाते है। कलमों को सीधे खेत में लगाना है तो गड्डों में हल्की रेतीली मिटटी और गोबर की खाद मिलाकर कलमों की रोपाई करना चाहिए।  
पौधरोपण का समय एवं विधि  
सहजन के बीज की बुवाई अथवा पौध रोपण का कार्य जुलाई-अगस्त मेंकरना   चाहिए । सहजन की वार्षिक किस्मों को 3 X 3 मीटर (1111 पौधे प्रति हेक्टेयर) तथा बहुवार्षिक प्रजातियों को 5 x 5 मीटर  की दूरी पर (400 पौधे प्रति हेक्टेयर) वर्गा कार विधि से लगाना चाहिए। पत्ती उत्पादन के उद्देश्य से सहजन की खेती करने के लिए कतार से कतार की दूरी 1 x 1 मीटर की दूरी पर बुवाई/पौध रोपण करना चाहिए।  कतारों में निर्धारित दूरी पर खूंटिया गाड़ कर 45 x 45 x 45 सें.मी. आकार के गड्ढे तैयार कर लेना चाहिए। यह कार्य मई-जून में करना चाहिये। खोदे गए गड्ढों की ऊपरी मिट्टी में 10-15 किलो गोबर की सड़ी खाद या कम्पोस्ट मिलाकर पुनः भर देना चाहिए। दीमक की संभावना होने पर मिट्टी व खाद के मिश्रण में 100 ग्रीम क्यूनालफ़ॉस  (1-5 प्रतिशत चूर्ण) दवा भी मिला देनी चाहिए। गड्ढों की वापिस भराई के पश्चात सभी गड्ढों  के केंद्र बिन्दु पर लकड़ी या लोहे की खूंटी गाड़ दे ताकि पौधे लगाने का केन्द्र बिन्दू ध्यान में रहें । वर्षा  होने के बाद तैयार गड्ढों में  पौधों की रोपाई कर आवश्यकता होने पर सिंचाई कर देना चाहिए।
अधिक उत्पादन के लिए जरुरी है  पौधों की कटाई-छंटाई   
          वार्षिक सहजन के पौधों की शाखाएं तेजी से ऊपर की ओर 10-12 मीटर ऊंचाई तक बढ़ती है। अधिक ऊंचे वृक्षों में शाखाएं कम बनने के कारण  कम उत्पादन प्राप्त होने के अलावा फलियों को तोड़ने में कठिनाई भी होती है।  अतः  सहजन के पौधों की ऊंचाई 75 से.मी. होने पर या बुवाई के 60 दिन बाद (वार्षिक किस्म) उनके शीर्ष (चोटी) को तोड़ देना चाहिए।  इससे पौधों में अधिक शाखाएं विकसित होती हैं।  सहजन की बहुवर्षीय प्रजातियों की शाखाओं की कटाई छंटाई  उनके शीर्ष से 70 से.मी. की लम्बाई तक करना चाहिए जिससे पुष्पन अच्छा होता है और फलिया अधिक बनती है।  कटाई-छटाई प्रति वर्ष अक्टुम्बर-नवम्बर में  करना लाभदायक होता है । छंटाई करते समय एक दूसरे से ऊपर से गुजरने  वाली तथा नीचे की ओर झुकी हुई शाखाओं को धारदार सिकेटियर से कटाई कर देनी चाहिए। इसके अलावा प्रत्येक साल में फल तोड़ने के बाद एक बार पौधे की कटाई-छंटाई करते रहने नई शाखाओं का विकास होता है जिससे पुष्पन व पैदावार में वृद्धि होती है।  इसी तरह सूखी हुई टहनियाँ तथा  रोगग्रस्त शाखाओं को समय- समय पर काटते रहना चाहिए।
संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन  
          सहजन की अच्छी वानस्पतिक बढ़वार एवं फलन के लिए खाद एवं उर्वरक देना आवश्यक है. सहजन के बीज की बुवाई/रोपाई हेतु तैयार गड्ढों में ऊपर की मिट्टी के साथ 125  ग्राम यूरिया , 75 ग्राम सिंगल सुपर फॉस्फेट और 50 ग्राम म्यूरेट ऑफ़ पोटास प्रति गड्ढे के हिसाब से मिला देना चाहिए।  इसके बाद बुवाई/रोपाई के तीन माह बाद 100 ग्राम यूरिया, 100 ग्राम सुपर फॉस्फेट तथा 50 ग्राम म्यूरेट ऑफ़ पोटाश प्रति पौधे की दर से थालों में मिलाकर सिंचाई कर देना चाहिए। पौधों में पुष्पावस्था के समय 100 ग्राम यूरिया प्रति पौधा देना लाभकारी होता है।  
सिंचाई एवं जल निकास   
         सहजन के पौधों में सूखा सहन करने की क्षमता होती है। वर्षा के आभाव अथवा सूखे की स्थिति में सहजन की बुवाई/रोपाई से पूर्व और बुवाई रोपाई के तीसरे दिन बाद सिंचाई करना चाहिए।  पौधों की रोपाई के प्रथम चार से छः माह में नियमित रुप से सर्दियों में 15 दिन तथा गर्मियों में 7-10 दिन के अन्तर पर सिंचाई करनी चाहिए। वृक्षों में फलियां विकसित होते समय सिंचाई करना आवश्यक होता है। व्यावसायिक खेती में सिंचाई की ड्रिप तकनीक का सहारा लिया जा सकता है जिसके तहत गर्मी के मौसम में प्रति पेड़, प्रतिदिन 6  लीटर पानी देने से उपज में दोगुनी बढ़ोत्तरी हो सकती है । वर्षा ऋतु में सहजन के खेती में जल निकास की पर्याप्त व्यवस्था कर लेना चाहिए।  जल भराव की स्थिति में सहजन के पेड़ क्षतिग्रस्त हो सकते है। 
सहजन के साथ अन्तरासस्य फसलें
सहजन को अंतरवर्ती फसल के रूप में चना, मटर,आलू, अदरक, प्याज, लहसुन, हल्दी, अरवी, शकरकंद,टमाटर आदि  फसलों की सहफसली खेती की जा सकती है. इनके अलावा सहजन के साथ दूसरे पौधें जैसें सहजन के साथ खाली स्थान पर एलोवेरा, सीताफल, आंवला,अमरुद,बेर आदि फलदार वृक्ष  लगा कर दौहरा लाभ अर्जित किया जा सकता है । सहजन केसाथ साथ  निम्बू घास,एलोवेरा आदि लगाने पर अतिरिक्त उपज के साथ-साथ भूमि का कटाव रुकता है व मृदा नमी सरंक्षित होती है । अंतरवर्ती खेती से सहजन में अधिक फूल व फलियाँ लगती है ।
                                        फलियों एवं पत्तियों की कटाई  
पत्ती  उत्पादन के उद्देश्य से सहजन की खेती की जा रही है तो पौधों की ऊंचाई 1.5 से 2.0 मीटर (उर्वरा भूमियों में बुवाई के 60-90 दिन बाद) होने पर भूमि सतह से 20-45 सेमी. छोड़कर करना चाहिए।  इसके बाद 35-40 दिन के अंतराल पर अन्य कटाइयां की जा सकती है। सहजन की वार्षिक प्रजातियों में वर्ष में दो बार पुष्पन एवं फलन होता है। अतः फलियों की तुड़ाई वर्ष में दो बार (फरवरी-मार्च और सितम्बर-अक्टूबर) में करना चाहिए। सहजन की हरी मुलायम फलियां  1-1.5 सेमी की मोटी होने पर पकने से पूर्व काट लेना चाहिए। फलन के समय पौधों की शाखाओं को बांस-बल्ली का सहारा देने से पेड़ों को गिरने और शाखाओं को टूटने से बचाया जा सकता है।      
                                                     सहजन की उपज  
        सहजन फसल की पैदावार मुख्य तौर पर जलवायु, भूमि  के प्रकार, किस्म और सस्य प्रबंधन पर निर्भर करती  है। सामान्यतौर पर  सहजन  के उत्तम सस्य प्रबंधन से औसतन 500-600 क्विंटल  हरी फली उपज तथा 600-700  क्विंटल  हरी पत्ती उपज प्रति हेक्टेयर प्राप्त की जा सकती है। तुड़ाई के बाद फलियों को समान आकार के बंडलों में बांधकर, श्रेणीकरण और टोकरियों आदि में पेकिंग करके बाजार में बेचने की व्यवस्था करना चाहिए। हरी पत्तियों की कटाई कर बाजार में बेचने की व्यवस्था करें अथवा उन्हें छाया में सुखाकर जूट के बोरों  में भरकर नमीं रहित स्थानों में सरंक्षित करें। पत्तियों का पाउडर बनाकर बेचने पर अच्छी कीमत प्राप्त की जा सकती है। सहजन की वार्षिक किस्में 3-4 वर्ष तक आर्थिक उपज देती है। इसके बाद इनके पौधों को काटकर अन्य फसलों की खेती करना चाहिए।  
                                         सहजन के खेती से आकर्षक आर्थिक लाभ 
          सहजन की खेती में  कम लागत और न्यूनतम रखरखाव में बहुत आकर्षक मुनाफा  जा सकता है । बैसे तो सहजन की फलियों की बिक्री स्थानीय बाजार में आसानी से हो जाती है परन्तु इसकी बड़े पैमाने पर व्यवसायिक खेती करने के लिए इसके उत्पादों को देश की अन्य सब्जी मंडियों में भेजने की व्यवस्था कर लेना चाहिए । सहजन की खेती में लगभग 1.5 से 2.0 लाख  रूपये प्रति  हेक्टेयर की  लागत अनुमानित है। सहजन  की हरी फलियां  बाजार में 3500-4000  रूपये प्रति क्विंटल के थोक भाव में  आसानी से बिक जाती है जो बाजार में इनकी आवक पर निर्भर करता हैएक हेक्टेयर में यदि 500 क्विंटल  फलियाँ प्राप्त होती है जिन्हें 3500  रूपये प्रति क्विंटल के  थोक भाव से बेचने पर कुल 17 लाख 50 हजार रुपये की आमदनी प्राप्त हो सकती है जिसमें से 2.5 लाख  रूपये की अधिकतम उत्पादन लागत घटाने पर 15 लाख रूपये प्रति हेक्टेयर का शुद्ध मुनाफा प्राप्त किया जा सकता है। सहजन की हरी पत्तियों को छाया में सुखाने के पश्चात उनका पाउडर बनाकर बेचने पर अतिरिक्त मुनाफा अर्जित किया जा सकता है। इस प्रकार से परिवार को सुपोषण तथा रोजगार के साथ सहजन की खेती से प्रति वर्ष आकर्षक  मुनाफा कमाया जा सकता है जो अन्य किसी व्यवसाय में संभव नहीं है।   
कृपया ध्यान रखें:  कृपया इस लेख के लेखक ब्लॉगर  की अनुमति के बिना इस आलेख को अन्यंत्र कहीं पत्र-पत्रिकाओं या इन्टरनेट पर  प्रकाशित करने की चेष्टा न करें । यदि आपको यह आलेख अपनी पत्रिका में प्रकाशित करना ही है, तो लेख में ब्लॉग का नाम,लेखक का नाम और पते का उल्लेख  करना अनिवार्य  रहेगा। साथ ही प्रकाशित पत्रिका की एक प्रति लेखक को भेजना सुनिशित करेंगे।  लेख प्रकाशित करने की सूचना  लेखक के मेल  profgstomar@gmail .com  पर देने का कष्ट करेंगे। 

मंगलवार, 11 फ़रवरी 2020

सहजन से पोषण सुरक्षा और स्वास्थ्य रक्षा सुनिश्चित

                                                                    डॉ.गजेन्द्र सिंह तोमर 
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय,
कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र,महासमुंद (छत्तीसगढ़)

प्रकृति ने मानव को नाना प्रकार के उपहार दिए है। वायु, जल, प्रकाश, खनिज पदार्थ, खाद्यान्न फसलें, दलहन, तिलहन, रेशेदार फसलें, फलदार वृक्षों के अलावा औषधियों के काम आने वाले अनेक वनस्पतियां हमें वरदान स्वरूप मिली है। उन्हीं उपहारों में एक बहुपयोगी झाडी/वृक्ष है-सहजन यानि सह + जन यानि सबके जन के साथ और सहज उपलब्ध  । इसे सहजन इसलिए भी कहा जाता है क्योंकि यह एक ऐसा वृक्ष है जो सर्व सुलभ, सर्व स्वीकार्य और सहजता से उग जाता है।  इसकी फलियों एवं पत्तियों को  सदियों से मनुष्यों द्वारा भोजन एवं औषधि के रूप में उपयोग लाया जा रहा है।  सहजन (मोरिंगा ओलीफेरा) मोरिंगेसी कुल का सदस्य है जिसे हिंदी में मुनगा, सेंजना, संस्कृति में शोभांजन व दंशमूल तथा अंग्रेजी में ड्रमस्टिक प्लांट के नाम से जाना-पहिचाना जाता है।  सहजन को परंपरागत रूप से घरों के पिछवाड़े बाड़ी या बगीचे में लगाया जाता है।  यह 10-12 मीटर ऊंचाई में तेजी से बढ़ने वाला, सूखा सहनशील, सदाबहार, पर्णपाती पौधा है।  इसका तना सफेद-भूरे रंग का होता है जो मोटी छाल से ढंका रहता है. इसके फूल थोड़े पीले-क्रीमी सफेद और मधुर सुगंध वाले होते है।  इसके फल हरे रंग के छड़ीनुमा 20-45 से.मी. लम्बे और 2-2.5 से.मी. चौड़े होते है।  फली के अन्दर मांसल गूदा और मटर के आकार के  15-20 गहरे हरे रंग के बीज होते है।

सहजन की फलियां एवं पत्तियां फोटो साभार गूगल 
 सहजन का पोषकीय और औषधीय महत्व  
सहजन को दुनिया का सबसे उपयोगी पौधा माना जाता है।  इसके प्रत्येक भाग (जड़, छाल, तना, पत्तियाँ, फल-फूल, बीज, तेल तथा गोंद) किसी न किसी रूप में मानव के लिए उपयोगी है । अफ्रीकन देशों में इस पौधे को 'माताओं का सबसे अच्छा दोस्त' माना जाता है तो पश्चिमी देशों में इस पौधे को 'न्यूट्रीशियन डायनामाईट' के नाम से पुकारते है।  इसकी पत्तियों एवं फलियों में 300 से अधिक रोगों की रोकथाम के गुण विद्यमान है।  इसमें प्रोटीन, विटामिन्स,खनिज लवण,रेशा, एंटीओक्सिदडेंट्स पाए जाने के कारण कुपोषण और  एनीमिया (खून की कमीं) के खिलाफ जंग लड़ने में कारगर सिद्ध हो रहा है। ऐसा माना जाता है कि  सिकंदर की सेना को हराने के लिए प्रसिद्द मौर्य सेना प्रमुख खाद्य सप्लीमेंट के रूप में मोरिंगा (सहजन) का सेवन किया करती थी । प्राचीनकाल से भारत में सहजन की हरी और सूखी पत्तियों को भाजी/करी तथा हरी फलियों की जायकेदार सब्जी बनाकर चाव से खाया जा रहा है। पौष्टिक गुणों की भरमार, स्वास्थ के लिए बेहद उपयोगी और किसानों के लिए आर्थिक रूप से बेहद लाभकारी सहजन को आज इक्कीसवी शताब्दी का कल्पवृक्ष, जादुई वृक्ष और सुपर फ़ूड के रूप में  जाना जा  रहा है। उपरोक्त पोषक तत्वों के अलावा सहजन की पत्तियों एवं फलियों में जिंक,मैंगनीज,विटामिन बी-5,बी-9 भी प्रचुर मात्रा में पाए जाते है।प्रकृति प्रदत्त चमत्कारिक सहजन वृक्ष की पत्तियों, फलियों एवं पत्ती चूर्ण का  पोषक मान अग्र सारणी में प्रस्तुत है।
सारणी-1 सहजन की फलियों, हरी पत्तियों का पोषक मान (प्रति 100 ग्राम खाने योग्य भाग)
प्रमुख घटक
कच्ची फल्लियाँ
हरी पत्तियां
ऊर्जा (किलो कैलोरी)
37 
64 
कार्बोहाईड्रेट्स (ग्राम)
8.53
8.28
प्रोटीन (ग्राम)
2.10 
9.40 
वसा (ग्राम)
0.20 
1.4 
कोलेस्ट्राल (मि.ग्रा.)
0.0
0.0  
आहारीय रेशा (ग्राम)
3.2 
2.0 
कैल्शियम (मि.ग्रा.)
30
185 
मैग्नेशियम (मि.ग्रा.)
45 
147 
फॉस्फोरस (मि.ग्रा.)
50
112 
सेलेनियम (µg)
8.2  
0.9  
आयरन (मिग्रा.)
0.36 
4.0
जिंक (मि.ग्रा.)
0.45
0.60
सोडियम (मिग्रा.)
42 
9.0 
पोटेशियम (मि.ग्रा.)
461
337
विटामिन फोलेट्स (µg)
44
40
नियासिन (मि.ग्रा.)
0.680
2.220
पायरीडॉक्सिन (मि.ग्रा.)
0.120
1.200
रिबोफ्लेविन (मि.ग्रा.)
0.074
0.660
थायमिन (मि.ग्रा.)
0.053
0.257
विटामिन-ए (आईयू)
74
7564
विटामिन-सी (मि.ग्रा.)
141
51.7  
स्त्रोत: यू एस डी ए नेशनल न्यूट्रीएंट डाटा बेस       
पत्तियाँ  एवं फूलः संहजना की पत्तियाँ एवं फूलों में  विविध प्रकार के पोषक तत्व  प्रचुर मात्रा में पाये जाते  है । इनको भोजन के साथ पूरक रुप में  खाने पर यह बच्चों, गर्भवती स्त्रियों, नवजात शिशुओ की माताओं आदि के लिए  स्वास्थ्यवर्धक माना गया है । सहजन की पत्तियों में संतरे से 7 गुना अधिक विटामिन सी, गाजर से 4 गुना अधिक विटामिन ए, दूध से 4 गुना अधिक कैल्शियम, केले से 3 गुना अधिक पोटेशियम, एक अंडे जितना प्रोटीन, पालक से 3 गुना अधिक आयरन, बादाम से 3 गुना अधिक विटामिन ई के अलावा तमाम प्रकार के वृहद एवं सूक्ष्म तत्व, विटामिन्स, एंटीआक्सिडेन्ट्स तथा अमीनों  अम्ल भरपूर मात्रा में  पाये जाते है । इसके पोषक तत्वों को देखते हुए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने दक्षिण अफ़्रीका के कई देशों में कुपोषित लोगों के आहार में इसे शामिल करने की सलाह दी है।  सहजन की पत्तियों को छांया में सुखाकर, पीसकर चूर्ण तैयार कर इस  चूर्ण को सरंक्षित करके सूप, सॉस एवं सब्जियों में  उपयोग करने  से इनकी पौष्टिकता कई गुणा बढ़ जाती है । इसका चूर्ण भोजन के  साथ खिलाने से कुपोषण ग्रस्त मानव स्वस्थ हो सकते है । इसके फूलों से चटनी एवं सब्जी बनाई जाती है । सहजन के ताजे फूल हर्बल टॉनिक का काम करते है ।सब्जी-भाजी में फूलों के गुच्छो को मिलाकर पकाया जा सकता है।  सर्दी से बचने के लिए  इसके फूलों की चाय बनाकर पीना लाभदायक होता है ।
फलियाँ: सहजन के पेड़ से पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक फलियाँ प्राप्त होती है जिनसे स्वादिष्ट सब्जी और सूप बनाकर खाया जाता है. सहजन  की कच्ची हरी-मुलायम फलियाँ सब्जी के रूप में सर्वाधिक उपयोंग में लायी जाती है । इसकी फलियों में अन्य सब्जियों व फलों की तुलना में विटामिन, प्रोटीन, कैल्शियम, पोटेशियम, आयरन, एमीनो  एसिड व खनिज पदार्थ  अधिक होते है ।
बीजः सहजन के दाने में पौलीपेप्टाइड नामक तत्व पाया जाता है, जो खराब पानी का शुद्धिकरण करता है।  इसके बीजों को पीसकर पाउडर बनाकर पानी में डालने से पानी साफ हो जाता है । तालाबों, नदीयों,कुओं इत्यादि  के पानी को स्वच्छ करने के लिए पानी को सेंजना के बीजों द्वारा उपचारित किया जा सकता है । इसके बीजों में 36-38  प्रतिशत नहीं सूखने वाला  तेल पाया जाता है, जिसे बेन तेल के नाम से जाना जाता है । तेल सौन्दर्य प्रसाधनों तथा घडी आदि मशीनों में  चिकनाहट पैदा करने  के लिए किया जाता है । इसका तेल साफ, मीठा और गंधहीन होता है और कभी खराब नहीं होता है। इसी गुण के कारण इसका इस्तेमाल इत्र बनाने में किया जाता है। इसके तेल को खाध्य तेल के रूप में उपयोग किया जा सकता है, जो उपयोगिता एवं गुणवत्ता में जैतून (ओलिव) के तेल के समतुल्य एवं  स्वास्थवर्धक माना जाता है। 
तना: इसके तने से उच्च गुणवत्ता वाला गोंद प्राप्त होता है, जिसका उपयोग रंगाई-छपाई उद्योगों  तथा औषधि बनाने में किया जाता है । सेंजना से गोंद अप्रैल-मई में प्राप्त किया जाता है । गोंद का रंग भूरा -लाल होता है ।इसकी छाल से रेशा प्राप्त होता है जिससे रस्सियाँ आदि बनाई जा सकती है.
जड़ : जब पौधा 2 फीट का हा जाये तो उसे उखाड़कर जड़ को मसाले के रुप में काम लिया जाता है । इसकी जड़ का स्वाद तीखापन लिये  होता है । जड़ को मसाले के लिए उपयोग में लेने से पहले इसकी छाल हटा देनी चाहिए क्योकि इसमें मोरिन्जिनाइन नामक पदार्थ  पाया जाता है जो विषैला होता है । सेंजना की जड़ का अधिक सेवन नही करना चाहिए क्योंकि इसमें हानिकारक तत्व पाए जाते है ।
अन्य उपयोग : सेंजना की पत्तियों  एवं नई शाखाएं पशुओं के लिए पौष्टिक चारे के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।  इसकी पत्तियों का रस फसलों के लिए बेहतर टॉनिक का काम करता है। इसकी पत्तियों के रस के छिड़काव से फसल उत्पादन में आशातीत वृद्धि होती है। इसके पौधों को खेत में हरी खाद या कम्पोस्ट के रूप में मिलाकर मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढती है । शाखाओं से कम्पोस्ट तैयार कर मृदा की उर्वरा शक्ति बढती है।  चाय एवं कॉफ़ी बागानों में पौधों की बढ़वार के लिए सहजन  से प्राप्त वृद्धि हरमों का बागानों में छिडकाव किया जाता है. इसके अतिरिक्त तने से ईधन और कागज व टहनियों से रेशा प्राप्त किया जाता है । सहजन के पेड़ से छाया कम होती है अतः अंतरवर्ती खेती के लिए यह बहुउद्देशीय वृक्ष है।  
        सहजन के अतुलनीय पोषकीय, औषधीय एवं स्वास्थ्यवर्धक गुणों को देखते हुए इसे आज कलयुग का कल्पवृक्ष, जादुई वृक्ष और सुपर फ़ूड  की संज्ञा दी जाये तो कोई अतिशयोक्ति नहीं । विश्वव्यापी कुपोषण का प्रमुख कारण आमजन के भोजन में  प्रोटीन, खनिज लवण तथा विटामिन्स की कमीं है। कुपोषण की समस्या से निपटने में सहजन अपने उच्चस्तरीय पोषकीय एवं औषधीय गुणों के कारण अत्यंत लाभकारी तथा कारगर साबित हो सकता है। 
आर्थिक रूप से लाभकारी है सहजन की खेती 
         ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त गरीबी, बेरोजगारी और कुपोषण की समस्या से निजात पाने के लिए सहजन की खेती को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है. भारत ही नहीं पूरे विश्व में आज सहजन की पत्तियों एवं फलियों की मांग बढ़ती जा रही है  देश के लघु एवं सीमान्त किसानों के लिए सहजन की खेती वरदान सिद्ध हो रही है। खाद्यान्न एवं अन्य फसलों के साथ-साथ यदि किसान भाई सस्य वानिकी के रूप में अथवा खेतों की मेंड़ पर सहजन के वृक्ष लगा लें तो उन्हें दो से तीन गुना अधिक आमदनी हो सकती है. इसके वृक्षों से खेतों में छाया अधिक नहीं होती है, अतः पेड़ों के नीचे अन्य फसलों की खेती आसानी से की जा सकती है। इसके अलावा परिवा के सदस्यों एवं परिजनों को  सहजन की पत्तियां, फूल और फल  तोड़ने, प्रसंस्करण और विपणन में रोजगार और आमदनी के साधन उपलब्ध हो सकते है। 
कृपया ध्यान रखें:  कृपया इस लेख के लेखक ब्लॉगर  की अनुमति के बिना इस आलेख को अन्यंत्र कहीं पत्र-पत्रिकाओं या इन्टरनेट पर  प्रकाशित करने की चेष्टा न करें । यदि आपको यह आलेख अपनी पत्रिका में प्रकाशित करना ही है, तो लेख में ब्लॉग का नाम,लेखक का नाम और पते का उल्लेख  करना अनिवार्य  रहेगा। साथ ही प्रकाशित पत्रिका की एक प्रति लेखक को भेजना सुनिशित करेंगे।  लेख प्रकाशित करने की सूचना  लेखक के मेल  profgstomar@gmail .com  पर देने का कष्ट करेंगे।