Powered By Blogger

बुधवार, 29 मार्च 2017

स्वास्थ्य के लिए घातक है खाद्य पदार्थो में कीटनाशक

डॉ.गजेंद्र सिंह तोमर
प्राध्यापक (शस्य विज्ञानं)
इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़)

खेतों में हरी-भरी ताजा तरीन सब्जियों की कटती फसलें हम सब को सुहावना और सुखद अनुभव कराती है। बाजार में इन तरकारियों और फलों के सुन्दर अम्बार को देख हमारा मन सहसा इन्हें पाने के लिए लालायित होने लगता है। शाकाहार प्रधान भारत के लोगों के भोजन में सब्जियों का उचित मात्रा में समावेश आवश्यक होता है क्योंकि इनसे ही उन्हें आवश्यक प्रोटीन, विटामिन्स, खनिज लवण और ऊर्जा प्राप्त होती है। एक तरफ तो अधिक उत्पादन प्राप्त करने की होड़ में किसान कीट-रोग नियंत्रित करने तथा सब्जी फलों की त्वरित वृद्धि हेतु अत्यंत जहरीले रसायनों का इस्तेमाल धड़ल्ले से कर रहे है। किसान के खेत से चलकर तथाकथित विचौलियों  के  माध्यम से बाजार पहुंची सब्जियों को  खतरनाक रसायनों  वाले जल से स्नान करवाया जाता है जिससे उनका रूप और रंग ज्यादा आकर्षक हो जाये। जो दिखता है वही बिकता है वाली उक्ति को चरितार्थ करते हुए हम लोग भी रंग-रूप में आकर्षित और लुभावनी सब्जियों को खरीदने में अपनी शान समझते है। उपभोक्ता और आम आदमी जाए भाड़ में, व्यापारियों को तो  इनकी बिक्री से प्राप्त बेहतरीन मुनाफे से ही सरोकार है। इस छदम व्यवसाय में संलग्न व्यापारी और कुछ किसानों द्वारा जाने-अनजाने में जान सामान्य के स्वास्थ्य के साथ जो खिलवाड़ किया जा रहा है उसके परिणामस्वरूप आज हमारे देश के नागरिकों  में कैंसर, हार्ट अटेक, किडनी ख़राब होने जैसी  समस्याएं बढ़ती जा रही है। कीटनाशकों के जहर का कहर और बदहाल पर्यावरण की वजह से पंजाब में कैंसर के मरीजों को बड़े-बड़े अस्पतालों में इलाज के वास्ते उनके आवागमन हेतु एक  विशेष ट्रेन का परिचालन किया जा रहा है।

आमतौर पर सब्जी उत्पादक किसान कीटनाशक का छिडकाव के बाद निर्धारित अवधि (सारिणी-1 अनुसार) की प्रतीक्षा किये बगैर ही सब्जियां काट कर बाजार में बिक्री हेतु भेज देते है। जबकि आवश्यक है कि कीटनाशक के प्रयोग के उपरान्त निर्धारित अवधि के बाद ही स्वयं के उपभोग अथवा बाजार में बेचने हेतु सब्जिओं की तुडाई करें। निर्धारित अवधि के पहले तोड़ी गई सब्जिओं के उपभोग से उपभोक्ता के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। देश विदेश वे हुए शोध परिणामों से ज्ञात होता है की किसान की अनभिज्ञता से अत्यधिक मात्रा में इस्तेमाल होने वाले कीटनाशको के अंश सब्जिओं में देखे गए है।  मौसम के अंत में बंद गोभी, टमाटर और फूल गोभी में सर्वाधिक कीटनाशक का इस्तेमाल किया जाता है. शुरूआती मौसम में पालक, मैथी आदि पत्तेदार सब्जिओं में कीट नाशक का प्रयोग अधिक होता है।

                                             सब्जिओ में कीट नाशकों का उपयोग एवं प्रतीक्षा अवधि

कीटनाशी का नाम
सब्जी
प्रतीक्षा अवधि
कीटनाशी का नाम
सब्जी
प्रतीक्षा अवधि
मेलथिआन 50 ईसी
भिन्डी, तोरई
3
डाईक्लोरवास 76% ईसी
तोरई
भिन्डी
7
3

प्याज
6
साइपरमेथ्रिन 10 % एवं 25 % ईसी
भिन्डी
पत्ता गोभी
4
6

टमाटर
3-5
फेनवलरेट 20% ईसी
भिन्डी, पत्ता गोभी
9

हरी मिर्च
2
डेल्टामेथ्रिन 2.8 %
भिन्डी
पत्ता गोभी
1
2
कार्बारिल 5 % चूर्ण या 50 % डब्लू.पी.
बैगन, तोरई,टमाटर,पत्तागोभी,फूलगोभी
7
अल्फ़ामेथ्रिन 10 % ईसी
भिन्डी, गोभी
2
गामा लिंडेन 20%ई. सी.
भिन्डी
प्याज
6
9  
लेम्डा साइहेलोथ्रिन5 % ईसी  
भिन्डी,गोभी
3
मिथाइल पेरथिओन 2% चूर्ण, या 50 % ई.सी.
पत्ता गोभी
10
क्युनालफ़ॉस 25% ईसी
पत्ता गोभी
15
डाईमेथोएट 30 % ईसी
तोरई
पत्ता गोभी
10
15
फेनीट्रोथियान 5 %  चूर्ण व 50% ईसी
भिन्डी,पत्ता गोभी
फूल गोभी, तोरई
15
10
फेंथाएट 50% ईसी
पत्ता गोभी
भिन्डी
15
21
फोजेलान 50 % ईसी
पत्ता गोभी
10

जाने अनजाने में हम सब विषाक्त सब्जियां खाने में इस्तेमाल कर रहे है।  सब्जियां पकाने से पहले उनका थोड़ा सा उपचार (देखिये सारिणी-2) कर लेने से कीटनाशकों का प्रभाव कम किया जा सकता है।  इसके अलावा हमें सिर्फ मौसम में उगाई जाने वाली सब्जिया ही इस्तेमाल करना चाहिए।  बेमौसम उगाई गई सब्जिओ में कीट रोग का प्रकोप अधिक होता है जिनकी रोकथाम के लिए कृषक अंधाधुंध मात्रा में जहरीले रसायनों का प्रयोग करते है। इनकी पैदावार कम होती है, जिससे इन्हें ऊंचे दामों में बेचा जाता है।  अतः जब हरी सब्जिया बाजार में कम मात्रा में उपलब्ध हो तो उन्हें कतई उपयोग में ना लावें। यहाँ पर किसान भाइयो से आग्रह है की पौध सरंक्षण के लिए आवश्यक रासायनिकों के प्रयोग के पश्चात इनकी प्रतीक्षा अवधि समाप्त हो जाने के बाद ही सब्जियों की कटाई करे और बाजार में विक्रय हेतु भेजे जिससे उपभोक्ताओं को स्वास्थ्य विष मुक्त सब्जियां और फल प्राप्त हो सकें। यहाँ पर फल और सब्जी विक्रेताओं से भी निवेदन है की वे थोड़े से मुनाफे के लिए सब्जियों के रख-रखाव, उन्हें पकाने और सरंक्षित करने के लिए अनावश्यक जहरीले रसायनों का प्रयोग ना करे।  इस तरह के कृत्य कानूनन अपराध की श्रेणी में आते है।  स्वास्थ्य समाज से ही स्वास्थ्य राष्ट्र की परिकल्पना को साकार करने में किसानों और विक्रेताओ से सकारात्मक व्यवसाय करने की उम्मीद की जा सकती है। 

सारिणी-2 साधारण प्रक्रिया द्वारा सब्जिओं में से कीटनाशी हटाने की विधियां

सब्जियां
कीटनाशी
2 % नमक के घोल से धोने और 15 मिनट पकाने पर (%निष्कासन )
धोने भाप में (प्रेशर कुकर में ) 15 मिनट तक पकाने पर (% निष्कासन )
सेम
मेलाथिआन
60
69

मोनोक्रोटोफास
42
47

कार्बेरिल
58
69
मिर्च
मोनोक्रोटोफास
28
30

क्युनेल्फास
22
29
टमाटर
कार्बेरिल
67
75

मोनोक्रोटोफास
31
32

क्युनेल्फास
29
30

 स्त्रोत : बुलेटिन ऑन पेस्टिसाइड कांटामिनेशन, एपीएयू, 1987

कृषि और उद्यानिकी फसलों की कीट, रोग और खरपतवारों से सुरक्षा करने के लिए रसायनों का प्रयोग करना अपरिहार्य होता है। परंतु पौध सरंक्षण के अन्तर्गत कीट, रोग और खरपतवार नियंत्रण के लिए वैज्ञानिकों द्वारा सुझाये गई दवाओं का प्रयोग निर्धारित मात्रा में सही समय पर ही करना चाहिए। इसके अलावा दवा के पॉकेट पर अंकित निर्देशों का भी भली  भांति पालन करना न भूले। अनावश्यक रूप से दुकानदार अथवा पडौसी के कहने पर दवाओं का इस्तेमाल कदाचित न करें। सब्जी और फल उपभोक्ताओं को इनके इस्तेमाल से पूर्व उपरोक्तानुसार उपचार करना चाहिए। 

नोट: कृपया इस लेख को लेखक की अनुमति के बिना अन्य किसी पत्र-पत्रिकाओं या इंटरनेट पर  प्रकाशित करने की चेष्टा न करें। यदि आपको यह लेख प्रकाशित करना ही है तो  ब्लॉगर को सूचित करते हुए लेखक का नाम और संस्था का नाम अवश्य दें एवं प्रकाशित पत्र-पत्रिका की एक प्रति लेखक को जरूर भेजें।

मंगलवार, 28 मार्च 2017

कचरे से कंचन बनाने की नायाब तकनीक है वर्मी टेक्नोलॉजी

डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर 
प्रोफ़ेसर (एग्रोनॉमी)
इंदिरा गाँधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर 

पर्यावरण सरंक्षण के लिए जितनी जरुरत धरती की हरियाली को बचाने और बढ़ाने की है, उतनी ही जरुरत कूड़े-कचरे के सही निष्पादन और प्रबंधन की भी है। शहरों में घरेलु कूड़ा-कचरा और गावों में कृषि अपशिष्ट पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे है। मिट्टी, पानी और बयार, इन पर करों ना अत्याचार।  यह एक नारा ही नहीं अपितु  आज समय की नज़ाकत भी है क्योंकि आज हमारे देश में प्रति व्यक्ति के हिसाब से करीब 500 ग्राम कचरा प्रति दिन पैदा किया जा रहा है  जो की मिटटी, पानी और बयार की सेहत ख़राब करने में अहम् भूमिका अदा  कर रहा है। आम आदमी थोड़ी-बहुत मात्रा में अपशिष्ट पदार्थ इधर-उधर फेंकता ही है। घरों में यह अपशिष्ट सब्जियों और फलों के छिल्के, बचा हुआ खाना-जूठन, अण्डों के छिल्के, कागज आदि के रूप में होता है और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं का मल-मूत्र, फसलों के अवशेष,पशुओं को खिलाया जाने वाला चारा-दाना, सूखी पत्तियां  आदि होते है।  इन अपशिष्ट के ढेर शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में बखूबी देखे जा सकते है। इन सभी पदार्थो के पुनःचक्रीकरण से एक ओर अपशिष्ट पदार्थो को यहाँ-वहां फेकनें की समस्या से निजात मिल सकती है, वही हम अपने आस-पास सुन्दर-स्वच्छ वातावरण का भी निर्माण कर सकते है। 


कचरा पैदा करने में अव्वल है भारत  

हरित क्रांति की सफलता के उपरांत भारत भले ही अन्नोत्पादन में आत्म निर्भरता हासिल कर ली हो परंतु स्वंत्रता प्राप्ति के 67  वर्षो बाद भी देश में अमूमन सभी कृषि जिंसों की औसत उपज विश्व औसत और अनेको देशों से कम बनी हुई है।  यहाँ तक की अनेकों क्षेत्रों में कृषि उत्पादन या तो स्थिर हो गया है या फिर उसमें गिरावट दर्ज की जा रही है।  जलवायु परिवर्तन के कारण ही कई फसलों का  उत्पादन प्रभावित होने लगा है।  विश्व में सबसे अधिक मात्रा में कचरा उत्पन्न करने वाले देशों में   चीन और अमेरिका के बाद भारत का नाम सुमार है। भारत में प्रति  दिन लगभग 1,33,760 टन कचरा उत्पन्न किया जाता है।  इसमें से 91152  टन  कचरा प्रति दिन एकत्रित किया जाता है जिसमे से  मात्र 25884 टन प्रति दिन  कचरा नगर पालिकाओं द्वारा  ठीक से निष्पादित (उपचारित) किया जा सका था। सर्वाधिक कचरा उत्पन्न करने वाले राज्यो में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र,और तमिलनाडु राज्य आते है।  इस प्रकार निष्पादन के बाद प्रति दिन लगभग 1,07,876 टन कचरे के बदबू मारते  ढेर  शहरों-कस्बों के आस पास या  सड़कों  किनारे देखे जा  सकते है। समय रहते कचरे का वैज्ञानिक ढंग से निष्पादन नहीं किया गया तो आने वाले  वर्ष 2031 और 2050 तक देश में क्रमशः 165 और 436 मिलियन टन कचरा उत्पन्न होने का अनुमान लगाया गया है। जनसँख्या वृद्धि के साथ ही गांव, नगर, हाट और बाजार बढ़ रहे है जिसके अनुपात में कचरे का उत्पादन भी बढ़ रहा है।  एक समय बाद कचरे के ढेर इकट्ठा  करने के लिए शायद जमीं भी ना मिलेगी, मात्र कचरा जलाना ही एकमात्र विकल्प रह जाएगा, जिससे उठते जहरीले धुएँ और उड़ती विषैली धूलों से जान स्वास्थ्य को भारी क्षति उठानी पड़ सकती है। 

सरकारी योजनाओं और जनभागीदारी से संभव है कचरा निष्पादन 

उचित ढंग से कचरा प्रबंधन की खातिर ही  भारत सरकार ने पहले  निर्मल भारत अभियान और हाल ही में स्वच्छ भारत अभियान (क्लीन इंडिया मिशन) प्रारंभ  किया गया है। वास्तव में शहरों और कस्बों के आस-पास बढ़ते कचरे के पहाड़ो के कारण हमारे पर्यावरण को भारी क्षति हो रही है।  इनसे फैलती गंदगी से मच्छर और मच्छरों से मलेरिया और कचरे से उत्पन्न जहरीली गैसों से बढ़ते प्रदुषण से मनुष्य में  घातक  बीमारिया फ़ैल रही है।  कचरा प्रबंधन के निष्पादन का कार्य सिर्फ सरकार के भरोसे नहीं संभव है, इसके लिए देश के हर नागरिक  को सक्रीय भागीदारी और सहयोग की भावना से कार्य करना होगा। अपने आस पास और सार्वजानिक स्थानों में न कचरा फैलाये और न ही किसी को फ़ैलाने दें, इसका पक्का संकल्प हम सब को लेना होगा ।  ऐसा अनुमान है की एक व्यक्ति अपने भार से तीन गुना कचरा उत्पन्न करता है।  इसे तो आप और हम ही  मिलकर कम  कर सकते है। वास्तव में कचरे के उचित प्रबंधन से बड़ी मात्रा में बिजली पैदा की जा सकती है और इससे बेहतरीन जैविक खाद बनाई जा सकती है।   इस दिशा में देश की कई नगर पालिकाएं और कुछ स्वयं सेवी संस्थाए  सराहनीय कार्य कर रही है।  छत्तीसगढ़ राज्य की धमतरी नगर पालिका ने कचरे से जैविक खाद तैयार करने का वीणा उठाया है, जिससे वहां के किसानों को जैविक खाद सुगमता से मिलना प्रारम्भ हो गया है।  इससे  वहां का वातावरण शुद्ध हो रहा है और नगर पालिका को अच्छी  आमदनी भी हो  रही है।  देश के अन्य शहरों में भी इस प्रकार के मॉडल प्रारम्भ करने की महती आवश्यकता है। 

कचरे  से कंचन-वर्मी टेक्नोलॉजी

घर और गांव के कूड़े-करकट (अवशिष्ट) को जैविक खाद के रूप में परिवर्तित करने में केंचुओं की महती भूमिका होती है। केचुएं सड़े-गले पदार्थो तथा कूड़े-करकट (रबर, प्लास्टिक,कांच, लोहा, कंकड़-पत्थर रहित कचरा) को अपना आहार बनाकर मिट्टी में उनका पुनः चक्रीकरण कर देते है। ऐसा अनुमान किया गया है की 1000 टन गीले कार्बनिक कचरे को केंचए 300 टन अति उत्तम जैविक खाद में तब्दील कर देते है। परीक्षणों से यह भी ज्ञात हुआ है की केंचुए सड़ने-गलने योग्य कचरे को मात्र 35 दिनों में  उपयोगी खाद में परिवर्तित कर देते है। इस प्रकार फसलोत्पादन के लिए बेह्तरीन जैविक खाद प्राप्त होने के साथ-साथ शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदुषण फैला रहे कचरे के अम्बार के निबटान की समस्या से भी शीघ्र मुक्ति मिल जाती है।  यही नहीं केंचुओं द्वारा कार्बनिक कूड़े-कचरे को जैविक खाद में परवर्तित करने की प्रक्रिया में हाइड्रोजन सल्फाइड, कार्बन डाई ऑक्साइड जैसे तेज दुर्गन्ध पैदा करने वाले योगिकों का निर्माण नहीं होने पाता है जो इस प्रक्रिया का सबसे बड़ी विशेषता है। यही कारण है की देश विदेश के कई महानगरों में शहरी कचरे के निष्पादन हेतु वर्मी टेक्नोलॉजी को अपनाने की मुहीम चल रही है। मानव जनसँख्या के अनियंत्रित विस्तार और विकास की रफ़्तार में सबसे आगे निकल जाने की होड़ के चलते हमारा पर्यावरण पहले ही काफी  प्रदूषित  हो गया है और अब कचरे से भी वातावरण  जहरीला होता जा रहा है। स्वच्छ, स्वस्थ और सुन्दर शहर और गाँव बनाने में केंचए महत्वपूर्ण किरदार   की भूमिका निभा सकते है जो हर प्रकार के जैविक कचरे को  तीव्र गति से अमूल्य खाद में तब्दील कर देते है। अतः घरेलू कार्यो, कृषि कार्यों और उद्योगों से उत्पन्न बेकार जैविक कचरे से जैविक खाद (वर्मी कम्पोस्ट) तैयार करके वर्तमान प्रदूषण में काफी कमीं लाई जा सकती है, साथ जैविक खाद के प्रयोग से अपनी कृषि को भी समोन्नत करने में मदद कर सकते है।
केंचुआ का परिचय: केंचुआ फाइलम एनिलिडा, आर्डर आलिगोकीटा,कुल लंब्रीसाइडी तथा वंश आईसेनिया के अन्तर्गत आता है। इसकी दो जाति-लम्ब्रीकस टेरेस्ट्रिस और आईसेनिया फोटिडा प्रसिद्ध है।  केंचुआ खंडित शरीर का एक लंबा कृमि है। इनमे आँखे और श्रवणेन्द्रियाँ नहीं होती है। ये उभयलिंगी होते है। ये भूमि के अंदर रहते है तथा इनको अँधेरा प्रिय होता है। गर्मियो में ये नमीं की खोज में नीचे चले जाते है।  केंचुए भूमि में ऊपरी सतह से 30-40 सेमी तक की गीली कचरे युक्त भूमि में रहना पसंद करते है। ये बिना रुके निरंतर मिट्टी और कचरे को खाते रहते है और भूमि की ऊपरी सतह पर कास्ट (दानेदार खाद) इकठ्ठा करते रहते है। लाल रंग के केंचुए वर्मी कल्चर के लिए अधिक उपयुक्त पाए गए है। सादे गले पदार्थों को जैविक खाद में परिवर्तित कर देने की केंचुओ में अदभुत क्षमता होती है।  केंचुओ की सहायता से कचरे से खाद तैयार करना ही वर्मी कल्चर कहलाता है। केंचुओ के मल को वर्मी कम्पोस्ट कहते है।  

किसानों के मित्र और प्राकृतिक हलवाहे है केंचुए

सामान्यतौर पर एक जोड़ी केंचुआ एक वर्ष में 250 नए केंचए पैदा करता है और प्रतिदिन अपने भोजन की तलाश में अपने नुकीले सिरे से 16-20 सुरंगे यानि बिल बनाता है।  ये भूमि की ऊपरी सतह से लेकर 30-50 से.मी. की गहराई तक नमीं और तापमान के अनुरूप अपनी सक्रियता बनाये रखते है। अनुमान लगाया गया है की भूमि में सुरंग बनाने की प्रक्रिया में एक जोड़ा केंचुआ लगभग 4-9 किलोग्राम तक भूमि की निचली तह की उपजाऊ मिट्टी को बारीक़ अवस्था में भूमि की ऊपरी सतह पर पहुंचा देता है।  दरअसल ये मिट्टी खाते है और उसको ही सेवइयों के रूप में  भूमि की ऊपरी सतह पर फैला देते है। इससे भूमि की अच्छी जुताई हो जाती है और वह भुरभुरी हो जाती है जो की पौधों की वृद्धि के लिए महफ़ूज़ होती है।  इसलिए सुप्रसिद्ध प्राणी विशेषज्ञ चार्ल्स डार्विन ने केंचुओ को धरती को प्राकृतिक रूप से जोतने वाला कहा था जो बिना दाम के ही भरपूर जुताई करते है। उनके मतानुसार एक एकड़ भूमि में लगभग 10,000 केंचए रहते है जो साल भर में 14-18 टन मिट्टी भूमि के नीचे से लाकर सतह पर इकट्ठी कर देते है और भूमि की ऊपरी सतह पर मिटटी की 1/5 इंच मोटी  नई परत निर्मित कर देते है। केंचुओ के बिल खोदने के स्वभाव के कारण ही मिट्टी पोली और छिद्रित बन जाती है जिससे मिट्टी  में जल और वायु संचार सुगमता से होने लगता है। इससे पेड़-पौधों की जड़ों का विकास अच्छा होता है। केंचए जमीं की सतह फैली घांस और पत्तियों को भी मिट्टी के नीचे दबा देते है जिससे घांस-पत्तियां भी सड़कर खाद में परिवर्तित हो जाती है और मिट्टी में मिलकर उसकी उर्वरा शक्ति बढ़ाने में सहायक होती है। इसके अलावा केंचए मिट्टी की सतह के गहरे अवतलों में विद्यमान खनिज लवणों और कार्बनिक पदार्थों को भी भूमि की ऊपरी सतह पर लाने का भी कार्य करते है। इससे भी पेड़-पौधों को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध होते है। 

गोबर खाद से भी बेहतर है वर्मी कम्पोस्ट 

केंचुए जितनी अधिक मात्रा में जैविक अवशेष (कूड़ा-करकट और सड़े  गले पदार्थ) निगलते है उसका मामूली अंश ही उनके जीवन के लिए उपयोगी होता है। इनके शरीर से निकलने वाले मल (वर्मी कम्पोस्ट) में पौध पोषण के  लिए अनिवार्य  सभी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में बचे रह जाते है।  गोबर खाद की तुलना में वर्मी कम्पोस्ट में पोषक तत्व अधिक मात्रा में होते है।  गोबर खाद में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस और पोटाश की मात्राएँ क्रमशः 0.5, 0. 25, और 0.5 प्रतिशत होती है जबकि केंचुए की खाद में इनकी मात्राएँ  क्रमशः 1.5-2.5, 1.0-1.5 और 1.0-1.5 प्रतिशत से भी अधिक हो सकती है। इनके अलावा बहुत से सूक्ष्म पोषक तत्व भी वर्मी कम्पोस्ट में मौजूद होते है।  केंचुए मिट्टी में बी-2 अर्थात सायनेकोबेलेमिन की मात्रा सात गुना तक बढ़ा देते है जिससे पौधों में रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है।  

ऐसे बनायें वर्मी कम्पोस्ट पिट 

कचरे से केंचुआ खाद बनाने की दो पद्धतियां है: इनडोर (छायादार स्थान) और आउटडोर (खुले स्थान) पद्धति जिनका विवरण अग्र प्रस्तुत है.
1. इनडोर पद्धति : यह छायादार (ढंके हुए स्थानों) स्थानों पर खाद तैयार करने की व्यावसायिक पद्धति है। इसमें नालीदार चददरों अथवा एस्बेस्टस की चादरों से बड़े-बड़े शेड या ढंके हुए छप्पर तैयार किये जाते है। छप्पर की फर्श पर ईट, सीमेंट या पत्थर के टेंक या क्यारियां बनाई जाती है. पक्की क्यारियां प्रायः 10 फ़ीट लंबी, 3 फ़ीट चौड़ी एवं 2 फ़ीट ऊंची रखी जाती है। इस पद्धति में जैविक पदार्थ के रूप में शहरी व्यर्थ पदार्थ या कल कारखानों के व्यर्थ पदार्थों का उपयोग किया जाता है। 
2. आउटडोर पद्धति : यह एक खुले स्थानों में खाद बनाने की पद्धति है जिसका उपयोग बगीचों, खेतों, खलिहानों, पशुशाला या छायादार वृक्षों के आस-पास खाद बनाने के लिए किया जाता है। बड़ी मात्रा में व्यर्थ पदार्थो से खाद तैयार करने के लिए यह उत्तम विधि है क्योंकि व्यर्थ जैविक पदार्थ बहुत मात्रा में आसपास ही उपलब्ध हो जाते है  जिससे जैविक पदार्थो को लाने ले जाने में समय, श्रम और पैसा की वचत होती है तथा तैयार खाद को बेचने और उपयोग करने में सुगमता होती है। 

आसान है वर्मी कम्पोस्ट पिट भरने की विधि

  • केंचुआ क्यारियों में सबसे पहले तीन इंच (7-8 सेमी) मोटी गिट्टी या ईट के टुकड़ों अथवा बालू रेत की तह क्यारी के फर्श पर बिछा कर उसे पानी से भिंगो दें। 
  • पहली परत के ऊपर सूखे सख्त जैविक पदार्थ फसलों का भूसा, गन्ने की खोई या फिर लकड़ी का बुरादा आदि (जिन्हें सड़ने-गलने में ज्यादा समय लगता हो ) की तह बिछा कर उस पर पानी छिटककर गीला कर देंवे।  यह परत हार्ड बैड (बिछावन) कहलाती है। 
  • तीसरी परत में 2-3 इंच मोटी (5-7 सेमी) गोबर की सड़ी हुई खाद या कम्पोस्ट बिछा कर इसे भी पानी से गीला कर देवें। 
  • चौथी परत में केंचुओं सहित वर्मी कम्पोस्ट (जिसमें लगभग 1000 केंचुए हो)  की एक समान पतली तह बिछा देवें। औसतन 9 वर्ग मीटर में 1000 केंचुए मिलाना चाहिए। 
  • पांचवी परत में शीघ और आसानी से सड़ने वाले व्यर्थ पदार्थ जैसे सब्जियो-फलों के छिल्के और अवशेष, खरपतवार,गोबर या बॉयोगैस स्लरी आदि की 10-15 इंच (25-37 सेमी ) मोटी तह बिछाए या ढेर लगाएं। 
  • छटीं और अंतिम परत में सूखी घांस, पत्तों, भूसा या धान का पुआल आदि डालकर जुट के बोरे से उसे ढँक देते है ताकि नमीं सरंक्षित रहे और केंचुओं की सक्रियता के लिए उचित वातावरण कायम बना रहे। 
  • इस विधि में तली में बिछाई गई हार्ड बेड  विपरीत परिस्थितियों में भोजन के रूप में केंचुओं द्वारा उपयोग में ली जाती है। ऊपर की भोजन सामग्री समाप्त होने के उपरांत केंचुए नीचे की तह को खाते है।  नई खाद्य सामग्री (व्यर्थ जैविक पदार्थ) ऊपर डालने से केंचए पुनः ऊपर आ जाते है और खाद बनाने का कार्य करते रहते है। आवश्यकतानुसार 2-3 माह में एक बार क्यारियां खाली करके हार्ड बैड को नए सिरे से बिछा कर उपरोक्तानुसार अन्य परतें जमाकर खाद तैयार करते रहें।      
वर्मी कम्पोस्ट  तैयार करने के लिए दिशा निर्देश 
सभी प्रकार के बेकार जैविक पदार्थ जैसे रसोई घर का कचरा (सब्जियों और फलों के छिल्के,अंडो के छिल्के,, कागज, पत्तियां, सड़े-गले फल-फूल  सब्जियां, लकड़ी आदि), पशुपालन, मुर्गी पालन  से प्राप्त होने वाले बेकार पदार्थ, जानवरों और पक्षियों को खिलाया जाने वाला चारा, भूषा, दाना आदि) तथा कृषि अवशिष्ट से उत्तम श्रेणी का वर्मी कम्पोस्ट तैयार किया जा सकता है। केंचुआ खाद बनाते समय अधोलिखित बातों पर ध्यान देन चाहिए;
  • खाद बनाने में उपयोग में लाये जाने वाले जैविक पदार्थों में कांच,पत्थर, धातु के टुकड़े, प्लास्टिक आदि नहीं होना चाहिए। 
  • वर्मी कम्पोस्ट तैयार किये जाने वाली क्यारियों में झारे से प्रतिदिन पानी का छिड़काव करते रहना चाहिए। 
  • केंचुओ को अँधेरे और नम स्थान अधिक पसंद है अतः केंचुआ पालन का स्थान छाया दार (सघन पेड़ों की छाया अथवा खुले में छप्पर आदि) होना चाहिए क्योंकि केंचुए रोशनी से विकर्षित होते है। अधिक धूप और तेज गर्मी ये वर्दाश्त नहीं कर पाते है।    
  • केंचुआ घरों को गर्मी और वर्षा से सुरक्षा के लिए  उपयुक्त  व्यवस्था होनी चाहिए।  केंचुओं की अच्छी क्रियाशीलता के लिए न्यूनतम 7-8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25-30 डिग्री सेल्सियस तापमान उपयुक्त पाया गया है। 
  • केंचुआ घरों के आस-पास जल जमाव नहीं होना चाहिए अन्यथा केंचुए अन्य सूखे स्थानों की तरफ भाग सकते है।   केंचुआ घर हवादार (वायु संचार की पर्याप्त व्यवस्था) भी होना चाहिए।
  • केंचुओ को प्राकृतिक शत्रुओं जैसे छिड़ियां, सांप, मेढक, दीमक, चीटियां आदि से बचने के लिए समय-समय पर क्यारियों के चारोँ और नाली खोद कर उसमे क्वीनलफास या फालीडाल डस्ट डाल देना चाहिए। 
  • अनुकूल परिस्थितियों में केंचुए 35-45 दिनों के अंदर कचरे और गोबर को उत्तम खाद में परिवर्तित कर देते है। तैयार खाद के  क्यारियों में  ढेर बना दें जिससे ऊपर के केंचुए नीचे की तह  में चले जावें।  खाद निकालने का कार्य हाथ से करना चाहिए।
  • तैयार जैविक खाद को छायादार स्थानों में ढेर लगाकर रखना चाहिए तथा आवश्यकतानुसार खेत में उपयोग करें  और आवश्यकता से अधिक खाद दूसरे  किसानों को  बेच कर लाभ कमा सकते है ।

खेती किसानी के लिए वरदान है केंचुआ खाद 

वर्मी कम्पोस्ट के इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वरा शक्ति, पानी सोखने और वायु संचार की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।  सघन खेती से बिगड़ती मिट्टी की सेहत सुधारने में यह खाद बहुत उपयोगी है।  केंचुओ द्वारा तैयार यह जैविक खाद पेड़-पौधों, सब्जियों, फल-फूलों के लिए बेहतरीन प्राकृतिक एवं सम्पूर्ण खाद है। वर्मी कम्पोस्ट जैविक खाद का उपयोग विभिन्न फसलों में अलग अलग मात्रा में किया जाता है।  खेत की तैयारी के समय 2.5 से 3.0  टन प्रति हेक्टेयर की दर से उपयोग करें। खाद्यान्न फसलों में 5-6 टन प्रति हेक्टेयर तथा फलदार पेड़ों में 1-10 किलो प्रति पेड़ की दर से वर्मी कम्पोस्ट खाद का प्रयोग किया जा सकता है। किचन गार्डन तथा गमलों में 100 ग्राम प्रति गमला खाद का प्रयोग करें. सब्जी वाली फसलों में 8-10 टन प्रति हेक्टेयर की दर से इस खाद का प्रयोग लाभकारी रहता है। 
इस प्रकार से हम कह सकते है की कचरे से कंचन पैदा करने में वर्मी टेक्नोलॉजी पर्यावरण सौम्य और  बेहद उपयोगी तकनीक  है जिसके माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लग रहे कचरे के ढेरों का सुगमता से निपटान हो सकता है।  इस कार्य में न्यूनतम लागत में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बेरोजगार नौजवानों को आकर्षक  रोजगार मिल सकता है।  इस तकनीक के अपनाने से हम अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ, स्वस्थ और सुन्दर बना सकते है।

मशीनों की मदद से भी कचरे से कम्पोस्ट  

भारतीय पशु चीट्स अनुसन्धान संसथान, बरेली और भारतीय प्रौद्योगिकी संसथान , रुड़की ने घर के  कूड़े-कचरे से जैविक खाद तैयार करने के वास्ते एक मशीन का निर्माण किया है जिसे 'मैकेनिकल काऊ कम्पोस्टिंग' नाम दिया गया है। इस मशीन की सहायता से महज साथ दिन में बिना बदबू वाली उत्तम जैविक खाद तैयार की जा सकती है।  जबकि परम्परागत विधि से खाद तैयार करने में छह माह का समय लगता था। इस मशीन में  शुरुवात में प्रति दिन  देसी गाय का गोबर 40 दिन तक डालना पड़ेगा, ताकि उसमे सूक्ष्मजीवी पैदा हो सकें. इसके साथ ही हर दिन 100 किलो घर का जैविक कूड़ा-करकट भी डाला जा सकता है।  पहली बार में ४० दिन में खाद तैयार हो जाती है।  एक बार मशीन के अंदर सूक्ष्मजीवी जमा हो  जाने के बाद घर के जैविक कूड़े से साथ दिन में ही उत्तम जैविक खाद तैयार हो सकता है।  इस प्रकार की मशीनें शहरों के विभिन्न मुहल्लों और कालोनियो में स्थापित करने से वहां के  कचरे का निष्पादन सुगमता से किया जा सकता है।  इससे प्रदुषण से मुक्ति मिलेगी और स्थानीय निकायों की आमदनी में भी इजाफा हो सकता है।  
अतः कचरा निष्पादन के लिए ईमानदार पहल करते हुए हमारी सरकार और स्थानीय निकायों को जनभागीदारी की मदद से कुछ ठोस कदम उठाना पड़ेगें।  इस कार्य में बेरोजगार युवाओं को रोजगार भी मुहैया हो सकता है।  हमारे अन्नदाता  किसानों को कम कीमत उपयोगी जैविक खाद प्राप्त हो सकेगी और सबसे ऊपर हम अपने गांव, नगर, शहर, को स्मार्ट गांव, नगर और स्मार्ट शहर बनाकर भारत सरकार के निर्मल भारत और स्वच्छ भारत  अभियान की महत्वकांछी  परिकल्पना को साकार करने में अपना योगदान दे सकते है।  
नोट: कृपया इस लेख को लेखक की अनुमति के बिना अन्य किसी पत्र-पत्रिकाओं या इंटरनेट पर  प्रकाशित करने की चेष्टा न करें। यदि आपको यह लेख प्रकाशित करना ही है तो  ब्लॉगर को सूचित करते हुए लेखक का नाम और संस्था का नाम अवश्य दें एवं प्रकाशित पत्र-पत्रिका की एक प्रति लेखक को जरूर भेजें।

सम-सामयिक कृषि:चैत्र-वैसाख (अप्रैल) माह की कृषि कार्य योजना


डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर,
प्रोफ़ेसर (एग्रोनॉमी)
इंदिरा गाँधी कृषि विश्व विद्यालय, रायपुर (छत्तीसगढ़) 


         बसन्त ऋतु का माह अप्रैल यानी चैत्र-वैशाख को  शरद तथा  ग्रीष्म ऋतु का संधिकाल भी कहा जाता है। इस समय वातावरण का तापक्रम अधिक और  नमीं की मात्रा कम हो जाती है। औसतन  अधिकतम एवं न्यूनतम तापक्रम क्रमशः 38 एवं 22 डिग्री सेन्टीग्रेड संभावित  है।  वायु की गति भी तेज (लगभग  8.2 किमी प्रति घंटा)  हो सकती है। धूंल भरी आधियाँ आने की संभावना रहती है। बैशाखी त्यौहार के  लिए मशहूर इस माह खेतों  में लहलहाती सुनहरी फसलें कटाई के  लिए तैयार होती है। शादी-विवाह के इस मौसम  में किसान खुशहाल दिखाई देते है। विक्रम संवत की चैत्र शुक्ल की पहली तिथि से न केवल  नवरात्रि में दुर्गा व्रत पूजन का आरंभ होता  है, बल्कि राजा रामचन्द्र का राज्याभिषेक, युधिष्ठर का राज्याभिषेक, सिख परंपरा के  द्वितीय गुरू अंगदेव का जन्म हुआ। मान्यता है कि ब्रम्हाजी ने  चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से ही सृष्टि की रचना शुरू की थी। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा तिथि से ही सतयुग का प्रारंभ माना जाता है जो  हमें सतयुग की ओर निरंतर  बढ़ने की प्रेरणा देती है। इस महिने बैसाखी का पर्व भी धूमधाम से मनाया जाता है। बैसाखी पर ही किसान अपनी फसल की कटाई करते है। अखंड भारत के समय से भारत की संस्कृति से जुड़ा यह पर्व एकता, भाईचारे और उन्नति का सूत्र रहा है। चैत्र-वैसाख में संपन्न किये जाने वाले प्रमुख कृषि कार्यों पर यहाँ विमर्श प्रस्तुत है।  

                                                                     इस माह के मूलमंत्र 

1.फसल चक्र योजना बनाएंः  किसान भाइयों को अपनी आवश्यकतानुसार आदर्श  फसल चक्र योजना  बनाकर खेती करना चाहिए जिससे समय पर खाद, बीज और  अन्य आदानों  की व्यवस्था करने में आसानी हो  और  फसल उत्पाद को  उचित भाव पर बाजार या मंडी में बेचा जा सके। उपयुक्त फसल चक्र अपनाने से मंहगे आदानों  का कुशल उपयोग, कीट-रोगों का प्रभावी  नियंत्रण और  दलहनी फसलों के  खेती में समावेश से मृदा स्वास्थ्य बना रहता है । कुछ उपयोगी  फसल चक्रों के  उदाहरण है- धान या मक्का-आलू-ग्रीष्मकालीन मूंग, धान-आलू,-सरसों -सूरजमुखी, ग्रीष्मकालीन मूंगफली-धान-सरसों, सोयाबीन-चना-तिल, धान-आलू-गेंहू, हरी खाद-धान, मक्का-गेंहू आदि।
2.मिट्टी का स्वास्थ्य परीक्षणः ग्रीष्मकाल  में खेत खाली होने  पर मिट्टी परीक्षण हेतु खेत से मिट्टी के  नमूने लें। कम से कम तीन वर्ष में एक बार अपने खेत की मिट्टी का परीक्षण अवश्य ही कराएं जिससे मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों  यथा नत्रजन, स्फुर, पोटाश, जिंक आदि की मात्रा, भूमि की क्षारीयता व अम्लता का पता चल जाता है। इससे फसलों के  लिए आवश्यक पोषक  तत्व व उर्वरकों  की सही एवं संतुलित मात्रा का आंकलन किया जा सकता है। 
3.मृदा सूर्यीकरण  : खरपतवार नियंत्रण की यह एक कारगर पद्धति है।  खेत की जुताई कर उसे समतल करने के उपरान्त हल्की सिचाई करें. खेत में ओल आने पर पॉलीथिन से अच्छी प्रकार ढँक कर कम से कम एक माह के लिए छोड़ दें।  इससे मृदा का तापमान बढ़ने से खेत में उगने वाले खरपतवारों के बीज और पौधे नष्ट हो जाएंगे। ऐसा करने से आगामी फसल में खरपतवार समस्या कम हो जाती है। 

                                                       फसलोत्पादन में इस माह के प्रमुख कार्य 

गेंहूँ एवं जौः इन फसलों के पकने पर समय से कटाई करना सुनिश्चित करें । कटाई पश्चात दोनों फसलों  की गहाई की व्यवस्था करें।   उपज को  अच्छी प्रकार सुखाकर साफ कर पक्की कोठियों  में भंडारित करें ।आज कल कटाई-गहाई कार्य कंबाइन हार्वेस्टर से आसानी से हो जाती है।   भंडारण के  समय दानों  में नमीं की मात्रा 9-10 प्रतिशत तक रखें जिससे कीट आक्रमण नहीं होगा । पशुओं  खिलाने के  लिए भूषे को  भी नमीं रहित स्थान  या फिर  कूप बनाकर भंडारित करें।
चना एवं मटरः दाना पकने की अवस्था में फसलों की समय से कटाई कर लें। 
उर्द एवं मूंगः ग्रीष्म कालीन उर्द व मूंग में बुवाई के 25-30 दिन बाद सिंचाई करें। पीला चित्त वर्ण (मौजेक) रोग, थ्रिप्स एवं एफिड कीट से बचाव के लिये फाॅस्फोमिडान 85 ई.सी. 250 मि.ली. या मिथाइल डिमेटान 25 प्रतिशत 1.0 लीटर प्रति हैक्टेयर की दर से आवश्यक पानी में घ¨लकर छिड़काव करें। यह छिड़काव 10-15 दिन के अन्तराल पर आवश्यकतानुसार पुनः करना चाहिए। पत्र दाग रोग की रोकथाम के लिये कार्बेन्डाजिम दवा 500 ग्राम को आवश्यकतानुसार पानी में मिलाकर छिड़काव करें। वैशाखी मूँग की बुवाई इस माह के मध्य तक अवश्य कर दें।
सूरजमुखी : इसमें :फूल निकलते समय खेत में पर्याप्त नमी होना आवश्यक है। सामान्यतः 10-15 दिन के अन्तर पर सिंचाई की आवश्यकता होती है। पहली सिंचाई के बाद एक निराई-गुड़ाई करना आवश्यक है। यूरिया की टापड्रेसिंग के बाद दूसरी गुड़ाई के समय 10-15 से.मी. मिट्टी चढ़ा देनी चाहिए। 
सरसों: इस फसल की कटाई मड़ाई यदि पूरी नहीं हुई है तो तुरन्त कर लें। दानों को  अच्छी तरह सुखाकर उचित जगह पर भण्डारण करें।
मूंगफलीः  अप्रैल के  प्रथम सप्ताह तक ग्रीष्मकालीन मूंगफली की ब¨नी संपन्न करें। गत माह लगाई गई फसल में फूल निकलते समय एवं नस्से (पेग) जमीन में घुसते समय एवं फलियों  में दाना भरते समय खेत में सिंचाई का विशेष ध्यान रखें। फूल व फल बनने के  पहले निराई गुड़ाई कर सिंगल सुपर फॉस्फेट  खाद देकर  पौधों पर मिट्टी चढाने का कार्य करें।  
मक्काः वर्षा ऋतु के  प्रारंभ में भुट्टे प्राप्त करने हेतु  इस समय मक्का लगा सकते है । दीमक प्रभावित क्षेत्रों  में क्लोरपायरोफास  1.5 प्रतिशत चूर्ण 25 किग्रा. प्रति हैक्टेयर की दर से खेत में मिलाएं।
गन्नाः समय पर बोये गन्ने में अंधी गुड़ाई, सिंचाई आदि समय पर करें। प्रत्येक सिंचाई के बाद निराई-गुड़ाई करनी चाहिए। नौलख गन्ने का अंकुरण पूर्ण होने पर लगभग 65-85 किग्रा. यूरिया तथा पेड़ी में 110-125 किग्रा. यूरिया टापडेªसिंग के रूप में प्रयोग करें। देरी से बोई जाने वाली गन्ने (गेंहू कटाई बाद लगाई जाने वाली फसल) की बुवाई  कार्य 15 अप्रैल तक संपन्न  कर लेवें ।  गन्ना की दो कतारों के  बीच सह-फसल के  रूप में मूंग,उड़द, ग्वार की खेती कर अतिरिक्त लाभ कमाया जा सकता  है। गन्ने की पेड़ी फसल में तनाबेधक कीट का प्रकोप होने  पर फोरेट  10 जी दानेदार दवा का 10 किग्रा. प्रति हैक्टेयर की दर से प्रयोग  करें।
कपासः कपास के बीज अंकुरण के  लिए 21-27 डिग्री तापक्रमसर्वोत्तम  रहता है। गेंहू कटाई पश्चात कपास बोनी की तैयारी करें। क्षेत्र के लिए उपयुक्त उन्नत किस्म के बीज की व्यवस्था करें। संकर किस्मो  का बीज (रोये रहित) 1.5 किग्रा. तथा देशी किस्मों का  बीज 3-5 किग्रा. को  5 ग्राम एमीसान, 1 ग्राम स्ट्रेप्टोसायक्लिन, 1 ग्राम सक्सीनिक एसिड को  10 लीटर पानी के घोल में 2 घंटे रखें। दीमक से बचाव के  लिए 1 लीटर पानी में 10 मिली. क्लोरोपायरीफास दवा  मिलाकर बीज पर छिड़क दें तथा 30-40 मिनट छाया में सुखाकर बुवाई करें। यदि जडगलन की समस्या है तो  2 ग्राम बाविस्टीन प्रति किग्रा. बीज की दर से सूखा बीज उपचार किया जा सकता है। कपास को  कतार में 60 सेमी. व पौधों  के  बीच 30 सेमी. का अंतर रखकर 5 सेमी. की गहराई पर बोना चाहिए । अच्छी उपज के लिए प्रति हैक्टेयर 50 हजार पौधे स्थापित होना चाहिए ।
बेबी काॅर्नः   आज कल शिशु मक्का का प्रचलन होटलों  में सलाद, सब्जी, सूप, पकोड़े बनाने  में किया जा रहा  है। इसकी फसल 60 दिन में तैयार हो जाती है। इसके  बगैर बीज के  हरे शिशु भुट्टे उपयोग  में लाये जाते है। इसकी संकर प्रकाश व कंपोसिट केसरी किस्में है जिन्हे 16 किग्रा. बीज प्रति हेक्टेयर की दर से 30 सेमी. की दूरी पर कतार में लगाया जाता है। पौधों के  मध्य 20 सेमी. का अन्तर रखा जाता है। बुवाई के  समय आधा बोरा  यूरिया, डेढ़  बोरा सिंगल सुपर फॉस्फेट  एवं एक तिहाई बोरा  म्यूरेट आॅफ पोटाश प्रति हेक्टेयर कतार में  देना चाहिए। फसल में आवश्यकतानुसार निराई-गुड़ाई व सिंचाई करते रहें।
मूंग और तिल : सिंचित क्षेत्रों में ग्रीष्मकालीन मूंग और तिल की बुआई इस माह संपन्न कर लेवें। इन फसलों की शीघ्र तैयार होने वाली उन्नत किस्मों के बीज का प्रयोग करें। 
चारा फसलेंः  बरसीम, रिजका एवं जई आदि चारे वाली फसलो  में आवश्यकतानुसार पानी लगायें तथा 20-25 दिन के  अन्तराल पर चारा  कटाई करें। बीज के  लिए छोड़ी  गई फसल से अवांछित पौधे  निकालें एवं सिंचाई करते रहें। चारे के  लिए ज्वार, बाजरा, सुडान घास लोबिया तथा संकर हाथी (नैपियर) घास आदि की बुवाई गत माह की भांति संपन्न करें। संकर हाथी घास की कलमों की रोपाई खेत में नमी हो तो गत माह की भांति करे। पूर्व में लगाई गई चारा फसलों में आवश्यकतानुसार सिंचाई करें। फरवरी के द्वितीय पखवाड़े में बोई गई चारे वाली मक्का फसल में 30 किग्रा. नत्रजन प्रति हैक्टेयर की दर से कतारों में टॉपड्रेसिंग के  रूप में प्रदान करें।

नोट: कृपया इस लेख को लेखक की अनुमति के बिना अन्य किसी पत्र-पत्रिकाओं या इंटरनेट पर  प्रकाशित करने की चेष्टा न करें। यदि आपको यह लेख प्रकाशित करना ही है तो  ब्लॉगर को सूचित करते हुए लेखक का नाम और संस्था का नाम अवश्य दें एवं प्रकाशित पत्र-पत्रिका की एक प्रति लेखक को जरूर भेजें।