Powered By Blogger

रविवार, 9 दिसंबर 2018

खरपतवार भी बन सकते है अतिरिक्त आमदनी का साधन-II

                                        


डॉ.गजेंद्र सिंह तोमर,प्रोफ़ेसर (एग्रोनोमी),
इंदिरा गाँधी कृषि विश्व विद्यालय,
राज मोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र,
अंबिकापुर (छत्तीसगढ़)

हमारे देश में प्रचलित औषधीय पादपों की कुल अवास्श्य्कता का केवल 25 प्रतिशत का उत्पादन किया जाता है एवं शेष वनस्पतियों को वनों, बागानों, खेतों, बंजर भूमियों, सड़क एवं रेल पथों के किनारे से एकत्रित किया जाता है।  खरपतवार के रूप में उगने वाली इन वनस्पतियों को वैद्य विशारद और आयुर्वेद दवाइयों के निर्माता अनेक वर्षो से एकत्रित करवाते आ रहे है।  इनके विविध औषधीय गुणों से अनभिज्ञ किसानों और ग्रामीण भाइयों को इन बहुमूल्य पौधों  को एकत्रित करने के एवज में थोड़ी से मजदूरी से ही संतोष करना पड़ता है।   बहुत सी बहुपयोगी वनस्पतियाँ बिना बोये फसल के साथ स्वमेव उग आती है, उन्हें हम खरपतवार समझ कर या तो उखाड़ फेंकते है या फिर  शाकनाशी दवाओं का छिडकाव कर नष्ट कर देते है।  जनसँख्या दबाव,सघन खेती, वनों के अंधाधुंध कटान, जलवायु परिवर्तन और रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से आज बहुत सी उपयोगी वनस्पतीयां विलुप्त होने की कगार पर है।  आज आवश्यकता है की हम औषधीय उपयोग की जैव सम्पदा का सरंक्षण और प्रवर्धन करने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागृति पैदा करें ताकि  अपनी परम्परागत घरेलू चिकित्सा (आयुर्वेदिक) पद्धति में प्रयोग की जाने वाली वनस्पतियों को विलुप्त होने से बचाया जा सकें। विभिन्न रोगों के निदान में वनस्पतियों/जड़ी-बूटियों के उत्पादों के बढ़ते उपयोग और बाजार में इन पौधों की बढती मांग को देखते हुए अब आवश्यक हो गया है की हमारे किसान भाई और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार नौजवान प्रकृति प्रदत्त औषधीय वनस्पतियों को पहचाने और रोग निवारण में उनकी उपादेयता के बारे में समझें।  खेत, बाड़ी, सड़क किनारे अथवा बंजर भूमियों में प्राकृतिक रूप से उगने वाली इन वनस्पतियों को पहचान कर उनके  शाक, बीज और जड़ों को एकत्रित कर आयुर्वेदिक/देशी दवा विक्रेताओं को बेच कर किसान भाई और ग्रामीण जन अच्छा मुनाफा अर्जित कर सकते है।  हमारें ग्राम, खेत खलिहान और आस-पास उगने वाली  वनस्पतियों की पहचान एवं उनके औषधीय उपयोग पर पिछले  ब्लॉग का शेष भाग अग्र  प्रस्तुत  है। 

सागरगोटा पौधा फोटो साभार गूगल
1.सिसलपिनिया बोंडक (सागरगोटा),कुल-फावेसी
इस पौधे को कट करंज, लता करंज,  कंटकी, करंज, कुवेरक्षी, विटप करंज आदि अनेक  नामों से जाना जाता हैं यह  झाड़ीदार लता हैं जो अन्य वृक्षों से लिपटकर 25 से 30 फीट की ऊंचाई तक चढ़ जाती है। इसकी शाखा, पुष्‍पदंड एवं पत्रदंड पर सूक्ष्‍म एवं कठोर कॉंटे होते हैं। लता करन्ज पर बारिश के महीनों में हल्के पीले रंग के पुष्प शाखाओं के अग्र भाग पर मंजरियों में लगते  हैं।  इसके  पेड़ में शर्दियों में करंज की भांति परन्तु छोटी फलियां लगती है जिनकी बाहरी सतह पर तीव्र काँटे होते हैं. प्रत्येक फली में 1 से 2 बीज बनते है जो गोल अंडाकार होते है  निकलते हैं, जो स्लेटी, भूरे रंग के चिकने और चमकीले होते है  इस पेड़ के पूरे तने पर मुड़े हुए बहुत अधिक संख्या में कांटे होते हैं इस पौधे की पत्तियां, फूल, फल, जड़, छाल सहित पौधे के सभी अंग औषधीय गुणों से युक्त है यह कफ बात शामक, शोथहर, ज्‍वरध्‍न, गर्भाशयोत्‍तेजक, वेदना स्‍थापन, अनुमोलन, यकृत प्‍लीहोदर नाशक, श्‍वासहर,कुष्‍ठध्‍न विषम ज्‍वर निवारण हेतु कुनैन का प्रतिनिधि द्रव्‍य समझा जाता है। इस पौधे के विभिन्न भागों का उपयोग विभिन्न प्रकार की बीमारियों जैसे अंडकोषवृद्धी, अंडकोष या  शरीर के किसी भी भाग में पानी भर जाना, आधे सिर का दर्द, गंजापन, मिर्गी, आँखो के रोग, दांतों के रोग, खांसी, यकृत रोग, पेट के कीड़े, बवासीर, मधुमेह, वमन (उल्टी)सुजाक रोगपथरी, भगन्दर, चर्म रोग, कुष्ठ रोग, घाव, चेचक रोग, पायरिया आदि रोगों के इलाज के लिए इसका उपयोग वर्षो से होता रहा है ।
2.चिनोपोडियम एल्बम (बथुआ), कुल-चिनोपोडिएसी
बथुआ पौधे फोटो कृषि फार्म अंबिकापुर
इसे अंग्रेजी में गूजफूट, लैब्स क्वाटर्स तथा हिंदी में बथुआ कहते है, जो शीत ऋतु का प्रमुख एकवर्षीय खरपतवार है।  बथुआ मुख्यरूप से  गेंहू, सरसों, चना, मटर आदि के खेत में बहुतायत से उगता है।  इसकी नई पत्तियों पर भूरे-सफ़ेद रंग के रोयें होते है,  जो सफ़ेद कणों की तरह चमकते है।  तने के अग्रभाग एवं पत्तियों के अक्ष से डंठलयुक्त पुष्पक्रम (मंजरी) में छोटे-छोटे पुष्प गुच्छो में लगते है जिनमे हजारो की संख्या में सूक्ष्म बीज पैदा होते है।  इसकी पत्तियों में प्रोटीन, कैल्शियम,लोहा, फॉस्फोरस एवं विटामिन सी प्रचुर मात्रा में विद्यमान होने के कारण बथुआ का साग स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभप्रद होता है।  शीत ऋतु में बथुआ की भाजी बड़े चाव से खाई जाती है। इसका साग क्षुदावर्धक, रक्तशोधक, उदरकृमिनाशक एवं नेत्रों की ज्योति बढ़ाने वाला होता है।  फोड़ों-फुंसियों, नासूर, आग से जलने पर इसके मुलायम पत्तों का गर्म प्रलेप बाधने से आराम मिलता है।  पेशाब में जलन, प्लीहा की सूजन, पथरी रोग होने पर इसके पत्तों का काढ़ा लेने से लाभ होता है।   इसके बीजों का चूर्ण शहद के साथ सेवन करने से पीलिया एवं रक्तपित्त में लाभ होता है। 
3.सायनोडॉन डेक्टलोन (दूब  घास), कुल-
इसे अंग्रेजी में बरमूडा ग्रास और हिंदी में दूब घास, दूर्वा कहते है जो वर्ष पर्यंत पनपने वाला खरपतवार है।  भूमिगत भूस्तारी से पनपने वाली यह घास  फसलों के साथ एवं पड़ती भूमियों में बहुतायत में उगती है।  इसके तने की प्रत्येक गाँठ से जड़े निकलती है।  दूब घास की सफ़ेद पत्तियों वाली प्रजाति औषधि के रूप में अधिक उपयोगी होती है।  पेचिस, बवासीर में रक्तस्त्राव, गर्मी और दौरा पड़ने पर इसके पौधे का काढ़ा लाभकारी होता है।  शरीर में घाव, खरोंच, बवासीर तथा नाक से खून आने पर इसका रस या प्रलेप लाभकारी होता है।  मूत्राशय में जलन, मूत्र नाली में पथरी होने पर इसका काढ़ा फायदेमंद पाया गया है।  आँख आने पर एवं मोतियाबिंद में इसका अर्क लाभदायक होता है।
4.कोलिअस एम्बायनिकस (पत्थरचूर), कुल- 

           इस पौधे को इंडियन बोरिज़ तथा हिंदी में पथरचूर एवं पाषाण भेदी कहते है. यह बरसात में उगने वाला बहुवर्षीय पौधा है जो सडक और रेल पथ के किनारे एवं कंकरीली-पथरीली भूमियों में ज्यादा उगता है।  इसका तना एवं शाखाएं पीली हरी एवं रोमिल होती है।  इसकी पत्तियां मांसल, मुलायम एवं ह्र्दयाकार होती है।  इसकी शाखाओं से फरबरी-मार्च में लम्बी पुष्प मंजरी निकलती है जिनमें हल्के नीले या बैगनी रंग के छोटे-छोटे फूल खिलते है।  इसकी पत्तियों में कैल्शियम आक्जेलेट एवं ग्लूकोसाइड सुगन्धित तैलीय पदार्थ पाया जाता है।   इसका पौधा खाने में खट्टा और स्वाद में हल्का नमकीन और स्वादिष्ट होता है।  इसके पत्तों में भी जड़ का विकास हो जाता है।   इसके पौधों को गमलों में भी लगाया जा सकता है।  इसके पौधे में बहुत से औषधीय गुण विद्यमान होते है।  आयुर्वेद में पत्थर चटा को प्रोस्टेट ग्रंथि और किडनी स्टोन से जुडी समस्याओं के लिए रामवाण औषधि माना गया है।  इसे आंतरिक और बाहरी रूप से प्रयोग में लाया जाता है. सिर दर्द, खून बहने, घाव होने पर, फोड़े-फुंसी होने पर  एवं जलने पर पत्तियों को मसलकर लगाने से आराम मिलता है।  बच्चो में कफ, ब्रोंकाईटिस, पेट दर्द तथा मूत्र विकार होने पर इसका सुगन्धित अर्क शहद के साथ देने से लाभ होता है।  पेट में अल्सर होने पर इसके पत्ते लाभदायक माने जाते है। रक्तचाप कम करने में इसकी कन्दीय जड़ें उपयोगी होती है।

5.कास्सिया ऑक्सीदेन्तालिस (कसौंदी), कुल- सिसलपिनेसी
इसे अंग्रेजी में  कॉफ़ी सेना तथा हिंदी में कसौंदी व कासमर्द  कहते है। वर्षा ऋतु में खाली पड़ी जमीनों, सड़क किनारे तथा जंगलों में उगने वाला वार्षिक खरपतवार है।  इसके पौधे 3-4 फीट ऊँचे झाड़ीनुमा होते है जिनमे चक्रमर्द(चिरोटा) से कम दुर्गन्ध  होती है।  इसमें पीले फूल तथा फलियाँ 10-15 सेमी लम्बी लगती है।  इसके भुने बीजों  के पाउडर को कॉफ़ी की तरह प्रयोग करते है।  इसके सम्पूर्ण  पौधे एवं बीज  में औषधीय गुण पाए जाते है।  इसकी पत्तियों का अर्क अथवा काढ़ा पीलिया, बलगम युक्त खांसी, हिचकी, श्वांस रोग आदि में लाभप्रद होती है।  यह ज्वरनाशक एवं मूत्रवर्धक होता है।  बिच्छू दंश तथा अन्य विषैले कीड़ों के काटने पर इसकी ताज़ी जड़, नई कोपलें एवं फलियों का लेप डंक वाले स्थान पर लगाने से आराम मिलता है।  पूरे पौधे के काढ़े से कुल्ला करने पर मसूड़ों का दर्द और खून आना बंद हो जाता है।  त्वचा रोगों के निदान में इसकी पत्तियों एवं जड़ का काढ़ा फायदेमंद होता है।  पत्तियों का प्रलेप लगाने से चर्म रोगों में लाभ होता है।  ऐसा माना जाता है कि इसकी जड़ घर में रखने से सर्प आने का भय नहीं रहता है।
6.केसिया टोरा (चकवड़), कुल-फाबेसी
चकवड़ पौधा फोटो साभार गूगल
इस पौधे को अंग्रेजी में फतिड  केसिया तथा हिंदी में चकवड़, चिरोटा, चकोड़ा आदि नामों से जाना जाता है ।  यह वर्षा ऋतु में  खेत, बंजर भूमि, सडक एवं रेल पथ किनारे खरपतवार के रूप में समूह में उगता है।  इसकी पत्तियां सूर्यास्त होते ही जोड़े में एक दुसरे से चिपक जाती है और सूर्योदय पर फिर खुल जाती है।  इसके पत्तों में विशेष प्रकार की दुर्गन्ध होती है. इसके फूल पीले रंग के पत्ती के अक्ष से जोड़ो में निकलते है।  इसके सम्पूर्ण पौधे में औषधीय गुण पाए जाते है।  यह कृमिनाशी, दर्दहारी एवं दाद-खाज निवारक होता है।  सर्प दंश एवं ददोड़ों में ताज़ी जड़ का लेप लगाने से आराम मिलता है।  इसकी पत्तियों का काढ़ा ज्वर, मलेरिया, उदरकृमि एवं पेट साफ़ करने में लाभप्रद होता है।  शरीर में दाद,अकौता, चकत्ता, घमौरी आदि चर्म रोग होने पर चिरोटा के बीजों को पानी में पीसकर रोग ग्रस्त अंग पर  प्रलेप लगाने से राहत मिलती है।  फोड़ा न पकने पर पत्तियों एवं फूलों का गर्म प्रलेप बाँधने से फोड़ा फूट जाता है।  इसकी पत्तियों एवं बीज का काढ़ा देने से  पीलिया एवं डायबिटीस रोगों में लाभ होता है।  इसकी जड़ो के चूर्ण में नीबू का रस मिलकर दाद-खाज पर लगाने से आराम मिलता है।  पत्तियों एवं बीज को कुचलकर तैयार पेस्ट को बवासीर के घावों पर लगाने से राहत मिलती है। 
7.कालोट्रोपिस प्रोसेरा (आक), कुल-एस्कीपिडेसी
इस पौधे को अंग्रेजी में स्वालो वार्ट तथा हिंदी में अकौआ, मदार एवं आक के नाम से जाना जाता है।  इसके पौधे समस्त भारत में सड़क एवं रेल पथ के किनारे, बाग़-बगीचों, नालियों के आस-पास एवं खेतों की मेंड़ों पर उगता है। ये पेड़ दो प्रकार का सफेद एवं बैगनी रंग के फूल वाले होते है। सफ़ेद आक के फूल शिवजी को अर्पित किये जाते है।  सफेद फूल वाले आक का औषधीय महत्त्व अधिक होता है।  इसके पुष्प सुगन्धित एवं सफ़ेद रंग के होते है।  फल गोल अंडाकार तथा बीज काले रंग के होते है जो रुईदार आवरण से ढंके रहते है।  इस पौधे के सभी भागों को तोड़ने पर दूध जैसा सफ़ेद क्षीर निकलता है।  दंत पीड़ा, मिरगी, कर्णशूल, श्वास रोग, खांसी, अपच, पीलिया, मूत्र रोग, बांझपन, लकवा, गांठ एवं वात, दाद-खाज, पांव में छाले और अन्य तमाम रोगों में मदार का प्रयोग किया जाता है।पैर में मोच, संधि सोथ  आदि में आक के दूध में नमक मिलाकर लगाने से सूजन कम होती है। इसके दूध को हल्दी तथा तिल  के तेल के साथ गर्म करके मालिश करने से त्वचा रोग, दाद एवं  छाजन में लाभ होता है।  पैर में कांटा लगने पर  आक के दूध लगाने से कांटा बाहर आ जाता है। मदार के दूध को लगाने से बाल झड़ना बंद हो जाते है। आक  के दूध में हल्दी पीसकर रात में सोते समय चेहरे पर कुछ दिनों तक लगाने से कील मुहासे समाप्त हो जाते है।  मदार की जड़ो का लेप लगाने से फोड़े-फुंसी ठीक हो जाते है।
8.सेन्टेला एसियाटिका (मण्डूकपर्णी), कुल- एपियेसी
मंडूकपर्णी फोटो  साभार गूगल
इसे इंडियन पेनिवर्ट तथा हिंदी में मण्डूकपर्णी कहते है।  यह ब्राह्मी से मिलता जुलता शाक है जो छायादार एवं  नम स्थानों, दलदली भूमियों, धान के खेतों एवं सिंचाई नालियों में वर्ष भर  उगता है।  यह वनस्पति ब्रह्मी की भांति भू-स्तारी तनों से वृद्धि करती है।  इसकी पत्तियां गोल सूपाकार होती है. इसकी अन्य प्रजाति हाईड्रोकोटाइल एसियाटिका (ब्रहमण्डूकी) भी पाई जाती है।  इसके मुलायम तने की प्रत्येक गाँठ से बारीक़ जड़े निकलती है।  इसकी पत्तियों को सूघने से तीव्र गंध आती है।  ग्रीष्मकाल में इसमें नीले श्वेत या हल्के गुलाबी पुष्प गुच्छे में लगते है।  मंडूकपर्णी का सम्पूर्ण पौधा औषधि महत्त्व का होता है, जो  शक्ति वर्धक, पुनर्नवीकारक, रक्तशोधक, मूत्र वर्धक एवं शांतिकारक होता है।  यह तंत्रिका एवं रक्त विकारों, बवासीर, गठियावात में लाभदायक होता है. पुराना जुकाम, गर्मी, रक्तविकार, कुष्ठ रोग एवं अन्य चर्म रोगों में पूरे पौधों का काढ़ा लाभकारी पाया गया है। इसकी ताज़ी जड़ एवं पत्तियों का प्रलेप फोड़ें-फुंसी,खाज, मस्सा, हांथीपांव, लेप्रोसी, एवं तंत्रिका विकार में लाभदायक माना जाता है।  अल्सर,त्वचा में खरोंच, कुष्ठ धब्बे होने पर सूखे पौधे का प्रलेप लगाने से लाभ होता है।  शरीर का रंग साफ़ करने में, स्मरण शक्ति बढ़ाने एवं लम्बी आयु के लिए मंडूकपर्णी का चूर्ण दूध के साथ लेने से लाभ होता है। मण्डूकी के पौधों का काढ़ा मूत्र वर्धक एवं  टॉनिक होता है।  यह अतिसार और पेचिस में लाभकारी होता है।  ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पत्तियों को साग के रूप में खाया जाता है।
10.सिलोसिया अर्जेन्सिया (मुर्गकेश), कुल-
मुर्गकेश फोटो कृषि फार्म अंबिकापुर
इस खरपतवार को अंग्रेजी में कॉक्स काम्ब तथा हिंदी में मुर्गकेश एवं सरवारी के नाम से जाना जाता है, जो एकवर्षीय खरीफ ऋतु का खरपतवार है। इसके पौधे ज्वार, बाजरा,मक्का, तिल, मूंगफली आदि फसलों के साथ तथा खाली पड़ी भूमियों में बहुतायत में उगते है।  इसका पौधा सीधा, चिकना एवं लालाभ तनायुक्त होता है।  इसके तने एवं शाखाओं के सीमाक्ष से गुलाबी-सफ़ेद पुष्पक्रम सितम्बर-नवम्बर तक आते है जिनमे काले-भूरे रंग के छोटे-छोटे असंख्य बीज बनते है. आग में इसके बीज डालने से चट-चट आवाज के साथ फूटते है।  इसकी अक अन्य किस्म लाल मुर्गा (मयूर शिखा) अलंकृत वाटिकाओं और गमलों में लगाई जाती है।  इसके फूल स्तम्भक एवं पौष्टिक होते है जो  अतिसार और महिलाओं में अत्यधिक मासिक स्त्राव होने पर फायदेमंद होते है।  इसके बीज का काढ़ा अतिसार एवं रक्तविकार में उपयोगी होता है।  मुंह में छाले होने पर इसके काढ़ा सेवन से आराम मिलता है।   इसके बीज का तेल आँख की रौशनी बढ़ाने में लाभप्रद माना जाता है।
11.क्लाइटोरिया टरनेटिया (अपराजिता), कुल- फैबेसी
इसे अंग्रेजी में बटर फ्लाई  पी तथा हिंदी में अपराजिता, विष्णु कांता जो कि बाग़-बगीचों एवं खेत की मेंड़ों पर अन्य पौधों के सहारे बढने वाली लता है।  इसकी दो प्रजातियाँ  श्वेत एवं नीले पुष्पों वाली होती है।  इसकी फलियाँ मटर की फली जैसी परन्तु पतली  एवं चपटी होती है जिनमे काले चपटे बीज होते है।  सिर दर्द, सूजन एवं कर्ण शूल  में पत्तियों के प्रलेप से लाभ होता है.तपेदिक बुखार होने पर पत्तियों का अर्क अदरक के साथ लेने से लाभ मिलता है।  सर्पदंश में पौधे का लेप लगाने से विष प्रभाव कम हो जाता है। श्वास नली शोथ, कंठमाला, चेहरे पर झुर्रियां तथा सुजाक होने पर जड़ का लेप लगाने से आराम मिलता है।  बच्चों में शर्दी, खांसी तथा कब्ज होने पर बीजों का शूर्ण शहद के साथ देना लाभप्रद होता है।
12.क्लीओम विस्कोसा (पीला हुल-हुल), कुल- कैपारेसी
पीला हुल-हुल फोटो रायपुर
इसे स्टिकी सिलोम,वाइल्ड मस्टर्ड एवं हिंदी में पीला हुल-हुल या हुर-हुर एवं कनफुटिया  कहते है जो वर्षा ऋतु में उपजाऊ जमीनों एवं बंजर भूमियों में एकवर्षीय खरपतवार की भांति उगता है।  इसके पुष्प सरसों जैसे पीले होते है।  इसकी पत्तियों एवं फलियों पर चिपचिपा पदार्थ (विस्कोसिन क्षाराभ) पाया जाता है।  ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पत्तियों का साग बनाकर खाया जाता  है।  इसके पौधे कफनाशक,पेट के रोग, डायरिया एवं बुखार के उपचार में इस्तेमाल किया जाता है।  कान से मवाद आने एवं दर्द होने पर पत्ती का रस गर्म तेल के साथ डालने से आराम मिलता है. बच्चो में गोलकृमि होने पर बीजों का चूर्ण शहद के साथ देने से लाभ होता है।  जोड़ों के पुराने दर्द में इसकी पुल्टिस बाँधने से आराम मिलता है।  पत्तियों की लेई सर में लगाने से जुएं समाप्त हो जाते है।
13.कान्वाल्वुलस अर्वेन्सिस (हिरनखुरी), कुल-
इसे विंड वीड तथा हिंदी में हिरनखुरी कहते है. यह वर्ष भर बढ़ने वाली लता है जो शीत ऋतु की फसलों एवं अन्य पौधों से लिपटकर अथवा भूमि में रेंगकर बढती है।  इसकी पत्तियां हिरन के खुर जैसी दिखती है।  पत्तियों के अक्ष में लम्बे एवं पतले पुष्पवृंत युक्त कीप के अकार के गुलाबी पुष्प लगते है।  इसकी फली में छोटे-छोटे काले-भूरे रंग के अनेक बीज बनते है।  इसकी जड़ का चूर्ण या काढ़ा विरेचक एवं वातानुलोमक होने पर लाभप्रद होता है।  जलोदर एवं मलबंधता होने पर जड़ का उपयोग किया जाता है।  खुश्क त्वचा पर पत्तियों का प्रलेप लगाने से लाभ होता है।
14.कामेलाइना बेनघालेन्सिस (कैना), कुल- कामेलाइनेसी
इसे डे फ्लावर तथा हिंदी में कैना एवं कनकौआ कहते है।  यह वनस्पति वर्षा ऋतु की फसलों के साथ, जल भराव एवं नम भूमियों में खरपतवार के रूप में उगती है।    इसका तना मुलायम एवं मांसल होता है. इसका तना टूटकर जमीन में गिरने से नई जड़े निकल आती है।  इसके तने एवं पत्तियों के रस में चिपचिपाहट होती है।  तने के अग्र भाग पर पत्तियों के अक्ष से बैगनी-सफ़ेद पुष्प लगते है. इसका पौधा कटु, शीतल प्रकृति, दाहनाशक एवं कुष्ठनाशक होता है।  घमौरी, घाव एवं  फोड़ा-फुंसी होने पर पत्तियों का अर्क लगाने से लाभ होता है। बुखार एवं जलन होने पर जड़ का काढ़ा हितकारी होता है।  सर्प दंश में जड़ का प्रलेप लाभकारी पाया गया है।
15.कॉरकोरस एक्युटेंगुलस (पटुआ), कुल-
इसे ज्यूज मैली वीड तथा हिंदी में पटुआ व चेंच भाजी कहते है।  यह वर्षा ऋतु में बीज से उगने वाला एक वर्षीय खरपतवार है।   यह फसलों के साथ, सड़क किनारे एवं बंजर भूमियों पर उगता है. इसकी पत्तियों को मसलने एवं पानी से धोने पर लिसलिसाहट उत्पन्न होती है।  इसकी पत्तियां हल्की हरी, खुरदुरी एवं शिरों पर दांतेदार होती है।  मोटे पुष्पवृंत पर पीले  रंग के छोटे-छोटे पुष्प गुच्छे में आते है।  इसकी मुलायम पत्तियों का साग बनाया जाता है।  इसकी पत्तियां पौष्टिक,क्षुदावर्धक,ज्वर एवं  कृमिनाशक होती है. पेचिस, यकृतविकार एवं सुजाक में इसकी पत्तियों का काढ़ा लाभदायक होता है। बच्चों में बुखार, डायरिया,शर्दी-जुकाम चर्म विकार होने पर  इसकी सूखी पत्तियों का काढ़ा देना लाभप्रद होता है।  इसकी सूखी जड़ एवं अर्ध पकी फलियों का काढ़ा अतिसार एवं बुखार में हितकारी है. सूजन एवं फोड़ा-फुंसी में कच्ची फलियों का प्रलेप लाभकारी रहता है।  इसके बीज उदर रोग, अपच एवं न्युमोनिया में काफी फायदेमंद पाए गए है. पत्तियों को पानी में भिंगोने से लसदार पदार्थ बनता है जिसके सेवन से पेचिस एवं  आंत्रकृमि में लाभ होता है।
16.कोक्युलस हिरसुटस (जलजमनी), कुल- मेनिन्सपरमेसी
इसे अंग्रेजी में ब्रूम क्रीपर तथा हिंदी में फरीद बूटी एवं पातालगरुड़ी के नाम से जाना जाता है। यह वनस्पति एक बहुवर्षीय लता है जो  खेत खलिहानों, खेतों की बाड़, छायादार स्थानों और घरों के आस-पास वर्षा ऋतु आगमन के पूर्व स्वतः उगती है। इसकी जड जमीन में गहरी जाती है। इसकी लतायें पेडों पर चढ कर पेड़ों की चोटी पर घना कवर बना लेती हैं। इसके फूल एक लिंगीय, छोटे व हरे रंग के होते हैं, जो जुलाई-अगस्त में खिलते हैं। इसका फल पकने के बाद काले-बैंगनी रंग का रसीला व एक बीज वाला होता है। इसकी पत्तियों को कुचल कर पानी में मिलाने से पानी जम जाता है अर्थात पानी एक जैली की तरह हो जाता है और इसी वजह से इसे जलजमनी के नाम से जाना जाता है।  यह वनस्पति खून को साफ़ करने वाली एवं शक्ति वर्धक है।  ऐसी मान्यता है कि इस मिश्रण को यदि मिश्री के दानों के साथ प्रतिदिन लिया जाए तो पौरुषत्व प्राप्त होता है।इन  इसकी चार पत्तियों को सुबह शाम प्रति दिन चबाने से  मधुमेह नियंत्रित हो जाता है । रतौंधी रोग के उपचार में उबली पत्तियों का सेवन करने से लाभ होता है।  पत्तियों और जड़ को कुचलकार पुराने फोड़ों फुंसियों पर लगाने से आराम मिल जाता है। दाद- खाज और खुजली होने पर भी इसकी पत्तियों को कुचलकर रोग ग्रस्त अंगों पर लगाना से फायदा होता है। श्वेत प्रदर या रक्त प्रदर में इसकी पत्तियों का रस पानी में मिला कर उसमें थोड़ी मिश्री व काली मिर्च डालकर सेवन करने से लाभ होता है । नाक से ख़ून गिरता हो या जलन होती हो तो इसकी पत्तियों का रस या सूखा पाउडर एक-एक चम्म्च पानी के साथ लेने से लाभ मिलता है। फोड़े व फुंसियों, दाद, खाज और खुजली जोड़ों के दर्द में  इसकी पत्तियों या जड़ को कूचकर लगाने से लाभ होता है।
17.सायप्रस रोटन्ड्स (मोथा), कुल-
इसे परपल नटसेज या नट ग्रास तथा हिंदी में मौथा कहते है. यह वर्ष भर उगने वाला विश्व का सबसे खतरनाक खरपतवार है. इसकी पत्तियां चिकनी, चमकीली तथा सीढ़ी धारवाली होती है।  इसके तने के आधार के नीचे गोलाकार या अंडाकार भूमिगत सुगन्धित प्रकन्द पाए जाते है।   इसके प्रकन्दों का औषधि के रूप में इस्तेमाल किया जाता है जो कि तीक्ष्ण, सुगन्धित, मूत्रवर्धक, उदर दर्दहरी, कृमि नाशक, पेट साफ़ करने तथा घाव ठीक करने में लाभकारी होते है।  भूख की कमीं, अपच, अतिसार, एवं ज्वर होने पर इसका काढ़ा दूध के साथ लेने पर लाभकारी होता है. इसकी जड़ का चूर्ण या अर्क शहद के साथ लेने पर हैजा, बुखार, उदर रोग एवं आंत्र विकारों में लाभ होता है।
18.दतूरा अल्बा (धतूरा), कुल-सोलेनेसी
इस पौधे को अंग्रेजी में ग्रीन थार्न एपिल, संस्कृत में कनक, शिव शेखरं तथा हिंदी में धतूरा के नाम से जाना जाता है।  भगवान शिव को अतिप्रिय धतूरा छोटा झाड़ीनुमा शाकीय खरपतवार है, जो वर्षा ऋतु में पड़ती भूमियों, कूड़ा करकट के ढेरों पर, नालियों, सड़कों एवं रेल पथ के किनारे उगता है।   धतूरा की अनेक किस्मे होती है जिनमे से हरा धतूरा (डी.मेंटेल), धूसर धतूरा (डी. इनाँक्सिया)  एवं काला धतूरा (डी. स्ट्रेमोनियम) प्रमुख है।  काला धतूरा सर्वत्र पाया जाता है।  इसका तना खुरदुरा, सीधा एवं शाखाये रोमिल होती है।  पत्तियां त्रिकोणीय अंडाकार होती है. पुष्प एकल बड़े, सफ़ेद जो कीप के आकार के पत्ती के अक्ष से निकलते है।  इसका  फल अंडाकार हरा होता है जो   ऊपर से  छोटे-छोटे हरे कांटो से ढका होता है।   धतूरे की हरी-सूखी पत्तियों, पुष्पकलियों एवं बीज में औषधीय गुण पाए जाते है।  यह अत्यधिक नशीला एवं विषैला पौधा है, अतः इसके इस्तेमाल में विशेष सावधानी बरतनी आवश्यक है।  इसकी तजि हरी पत्तियों का गर्म प्रलेप दर्द भरी चोट, जोड़ों की सूजन, बवासीर, खाज, हाथ-पैरों की बिवाई के उपचार  में काफी असरकारक है।  पत्तियों का अर्क बालों में लगाने से जुएं मर जाते है।  पत्तियों एवं फूलों को जलाकर उत्पन्न धुआं या सूखी पत्तियों की सिगरेट बनाकर पीने से अस्थमा, ब्रोंकटाइटिस एवं कुकरखांसी में शीघ्र आराम मिलता है. पागल कुत्ता के काटने पर पत्तियों का अर्क गुड के साथ लेने और काटे हुए स्थान पर बीजों का महीन प्रलेप लगाने से विष का असर कम हो जाता है।  फलों का रस फोड़े-फुंसी एवं घाव के दाग मिटाने तथा बालों की रूसी खत्म करने में लाभकारी है।  छाती में दर्द भारी सूजन में इसका अर्क हल्दी के साथ लगाने से आराम मिलता है।  धतूरा के बीज  मदकारी होने के कारण केवल इनके वाह्य प्रयोग की संस्तुति है।  शरीर में अत्यधिक ऐंठन, बवासीर, व्रण, सडन,सूजन आदि में बीजों का प्रलेप लगाना फायदेमंद होता है।
19.इकाइनाप्स इकाइनेटस (कंटकटारा), कुल- एस्टरेसी
इस पौधे को अंग्रेजी में कैमल्स थिसिल/इंडियन ग्लोब थिसिल  तथा हिंदी में कंटकटारा, उतकंटा कहते है, जो वर्षा एवं शीत ऋतु की फसलों का खरपतवार है।  शुष्क भूमियों में यह पौधा अधिक पनपता है।  इसके  सम्पूर्ण पौधे में कांटे होते है।  इसके डंठल रहित पत्ते सत्यानाशी जैसे दिखते है।  इसकी पत्तियों पर श्वेत रोये तथा किनारों पर नुकीले कांटे होते है। इसकी टहनियों के अग्र हिस्से में काँटों के अक्ष से पीले सफ़ेद गोल गेंद नुमा फूल  निकलते है जिन पर पैने कांटे होते है।  फल कांटेदार धतूरे के फल जैसे होते है।  इसके पौधों में नवम्बर से जनवरी तक पुष्पन एवं फलन होता है। इस पौधे के सभी भाग औषधीय महत्त्व के होते है।  इसकी  पत्तियां स्वाद में कड़वी होती है। यह तंत्रिका बल्य, मूत्र वर्धक, कफ नाशक, ज्वर नाशक एवं प्रस्वेदहारी होता है।  कुकर खांसी,मधुमेह,श्वांस, कुष्ठ रोग, अकौता आदि रोगों के उपचार हेतु इसकी जड़ का अर्क लेना लाभकारी रहता है।  इसकी कांटेदार ताज़ी पत्तियों का अर्क शहद के साथ लेने से खांसी, स्वांस रोग में आराम मिलता है।  दाद-खाज खुजली एवं गल्कंठ होने पर इसके ताजे पत्तों को  सरसों के तेल में पकाकर प्रलेप लगाने से लाभ मिलता है।
20.इकलिप्टा एल्बा (भृंगराज), कुल-एस्टेरेसी
         इस पौधे को  अंग्रेजी में फाल्स डेजी तथा  हिंदी में भृंगराज, भंगरैया, भंगरा कहते है।  यह  बीज से उगने वाला वर्षा एवं शीत ऋतु का एकवर्षीय खरपतवार है।  इसके पौधे सम्पूर्ण भारत में नम स्थानों, तालाब के किनारे, बंजर भूमि, उपजाऊ जमीनों में पनपते है।  भृंगराज के  पौधों में एक विशेष प्रकार की गंध होती है।  इसके सम्पूर्ण पौधे में घने रोयें होते है।  इसकी पत्तियां पर्णवृंत रहित नुकीली एवं रोयेंदार होती है।  इसकी पत्तियों को मसलने से हरा रस निकलता है जो शीघ्र ही काला हो जाता है। पत्तियों के अक्ष से छोटे,चक्राकार सफ़ेद रंग के पुष्प निकलते है।  इसके पौधों में अक्टूबर से दिसंबर तक पुष्पन एवं फलन होता है।  इस पौधे के सभी भागों का औषधीय रूप में प्रयोग किया जाता है।  भृंगराज  अल्सर, कैंसर, चर्म रोग, पीलिया, यकृत विकार दांत एवं सिर दर्द में बहुत उपयोगी औषधिमानी जाती है. इसके पौधे का रस बलवर्धक टॉनिक होता है। यकृत वृद्धि, पुराने चर्म रोग,अतिसार, अपच, पीलिया दृष्टिहीनता, दृष्टिहीनता, बुखार आदि  रोगों में इसका काढ़ा लेने से आराम मिलता है।   हंसिया आदि से कटने पर किसान इसकी पत्तियों के रस को लगाते है। खांसी,  सिर दर्द, बढे हुए रक्त चाप, दांत दर्द में इसका अर्क शहद के साथ लेने से लाभ होता है। सिर में गंजापन, चर्म रोग, जोड़ों की सूजन होने पर तिल के तेल के साथ इसका प्रलेप लगाने से फायदा होता है।  बालों को काला करने, बालों के झड़ने की समस्या को दूर करने में इसका अर्क कारगर होता है।  इसके शाक से निर्मित तेल का हेयर ड़ाई के रूप में तथा मस्तिष्क को ठंडा रखने में प्रयोग किया जाता है।

नोट : मानव शरीर को स्वस्थ्य रखने में खरपतवारों/वनस्पतियों के उपयोग एवं महत्त्व को हमने ग्रामीण क्षेत्रों के वैद्य/बैगा/ आयुर्वेदिक चिकित्स्कों के परामर्श तथा विभिन्न शोध पत्रों/ आयुर्वेदिक ग्रंथों एवं स्वयं के अनुभव से उपयोगी जानकारी उक्त वनस्पतियों के सरंक्षण एवं जनजागृति एवं किसान एवं ग्रामीण भाइयों के लिए आमदनी के अतिरिक्त साधन बनाने  के उद्देश्य से प्रस्तुत की है। अतः किसी वनस्पति का रोग निवारण हेतु उपयोग करने से पूर्व आयुर्वेद चिकित्सक से परामर्श अवश्य लेवें। किसी भी रोग निवारण हेतु हम इनकी अनुसंशा नहीं करते है। अन्य उपयोगी वनस्पतियों के बारे में उपयोगी जानकारी के लिए हमारा अगला ब्लॉग देख सकते है। 
कृपया ध्यान रखें: बिना लेखक/ब्लोगर  की आज्ञा के बिना  इस लेख को अन्यंत्र प्रकाशित करना अवैद्य माना जायेगा। यदि प्रकाशित करना ही है तो लेख में  ब्लॉग का नाम,लेखक का नाम और पता देना अनिवार्य रहेगा। साथ ही प्रकाशित पत्रिका की एक प्रति लेखक को भेजना सुनिशित करेंगे।

गुरुवार, 6 दिसंबर 2018

खरपतवारों को बनाएं रोजगार और समृद्धि का आधार-1


डॉ.गजेंद्र सिंह तोमर,प्रोफ़ेसर (एग्रोनोमी)
इंदिरा गाँधी कृषि विश्व विद्यालय,
राज मोहिनी देवी कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र,
                                                 अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) 
हमारे देश में प्रचलित औषधीय पादपों की कुल अवास्श्य्कता का केवल 25 प्रतिशत का उत्पादन किया जाता है एवं शेष वनस्पतियों को वनों, बागानों, खेतों, बंजर भूमियों, सड़क एवं रेल पथों के किनारे से एकत्रित किया जाता है।  खरपतवार के रूप में उगने वाली इन वनस्पतियों को वैद्य विशारद और आयुर्वेद दवाइयों के निर्माता अनेक वर्षो से एकत्रित करवाते आ रहे है।  इनके विविध औषधीय गुणों से अनभिज्ञ किसानों और ग्रामीण भाइयों को इन बहुमूल्य पौधों  को एकत्रित करने के एवज में थोड़ी से मजदूरी से ही संतोष करना पड़ता है।   बहुत सी बहुपयोगी वनस्पतियाँ बिना बोये फसल के साथ स्वमेव उग आती है, उन्हें हम खरपतवार समझ कर या तो उखाड़ फेंकते है या फिर  शाकनाशी दवाओं का छिडकाव कर नष्ट कर देते है।  जनसँख्या दबाव,सघन खेती, वनों के अंधाधुंध कटान, जलवायु परिवर्तन और रसायनों के अंधाधुंध प्रयोग से आज बहुत सी उपयोगी वनस्पतीयां विलुप्त होने की कगार पर है।  आज आवश्यकता है की हम औषधीय उपयोग की जैव सम्पदा का सरंक्षण और प्रवर्धन करने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागृति पैदा करें ताकि  अपनी परम्परागत घरेलू चिकित्सा (आयुर्वेदिक) पद्धति में प्रयोग की जाने वाली वनस्पतियों को विलुप्त होने से बचाया जा सकें। विभिन्न रोगों के निदान में वनस्पतियों/जड़ी-बूटियों के उत्पादों के बढ़ते उपयोग और बाजार में इन पौधों की बढती मांग को देखते हुए अब आवश्यक हो गया है की हमारे किसान भाई और ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार नौजवान प्रकृति प्रदत्त औषधीय वनस्पतियों को पहचाने और रोग निवारण में उनकी उपादेयता के बारे में समझें।  खेत, बाड़ी, सड़क किनारे अथवा बंजर भूमियों में प्राकृतिक रूप से उगने वाली इन वनस्पतियों को पहचान कर उनके  शाक, बीज और जड़ों को एकत्रित कर आयुर्वेदिक/देशी दवा विक्रेताओं को बेच कर किसान भाई और ग्रामीण जन अच्छा मुनाफा अर्जित कर सकते है।  हमारें ग्राम, खेत खलिहान और आस-पास उगने वाली  वनस्पतियों की पहचान एवं उनके औषधीय उपयोग इस ब्लॉग में प्रस्तुत  है।   परन्तु बगैर चिकत्सकीय परामर्श/आयुर्वेदिक चिकित्सक की सलाह लिए आप किसी भी रोग निवारण के लिए इनका  प्रयोग न करें। भारत के विभिन्न प्रदेशोंकी मृदा एवं जलवायुविक परिस्थितियों में उगने वाले कुछ खरपतवार/वनस्पतियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत है।

1.अबुटिलांन इन्डिकम (कंघी) कुल- मालवेसी

कंघी फोटो साभार गूगल
इस खरपतवार को अंग्रेजी में इंडियन मेलो तथा हिंदी में कंघी/ककई/अफरा के नाम से जानते है। यह खरीफ में बंजर भूमियों, सड़क एवं रेलपथ के किनारे, बगीचों में उगने वाला मालवेसी कुल का काष्ठीय झाड़ीनुमा खरपतवार है। सम्पूर्ण भारत में फसलों के साथ और बंजर भूमियों में बीज से उगता है। इसकी शाखाओं के अग्र भाग पर जुलाई से दिसम्बर तक पीले रंग के एकल पुष्प शाम के समय खिलते है। सम्पूर्ण पौधा उपयोगी विशेषकर पत्तियां और जड़. इसके तने,जड़ एवं पत्तियों में एस्परेजिन नामक क्षाराभ एवं श्लेश्मक पाया जाता है. इसकी पत्तियां शीतल प्रकृति की होती है।  इसका काढ़ा आंवयुक्त दस्त, स्वांस रोग, मुत्र्नाली शोथ, बुखार में लाभदायक होती है. दांत एवं मसूड़ों के दर्द में इससे कुल्ला करने पर आराम मिलता है। इसकी पत्तियों का साग पकाकर खाने से खुनी बवासीर में फायदा होता है। इसकी जड़ों का पाउडर कफ, मधुमेह, बुखार, ल्यूकोडर्मा एवं लेप्रोसी के निदान में लाभदायक होता है।

2.अमरैन्थस स्पाइनोसस (कंटीली चौलाई), कुल- अमरेन्थेसी

काँटा चौलाई फोटो साभार गूगल
इस पौधे को अंग्रेजी में स्पाइनी अमरेंथ तथा हिंदी में कंटीली चौलाई कहते है। यह वर्षा एवं शरद ऋतु का प्रमुख खरपतवार है जो फसलों के साथ तथा खाली पड़ी बंजर भूमि में बीज से उगता है। इसकी पौधे एवं पत्तियों के डंठल के आधार पर कांटे होते है।  इसकी मुलायम पत्तियों एवं कोमल टहनियों की भाजी पकाई जाती है।  इसकी पत्ती के अक्ष से अगस्त से जनवरी तक मंजरी निकलती है जिन पर सफ़ेद रंग के छोटे पुष्प लगते है। फलों में काले चमकीले बीज बड़ी मात्रा में बनते है।  इसकी पत्तियों में ऑक्जेलिक अम्ल तथा ल्यूटिन पाया जाता है। चौलाई भाजी क्षुदावर्धक, कफ नाशक, मृदुरेचक तथा मूत्रवर्धक गुणों से परिपूर्ण होता है। इसकी भाजी स्वास्थ के लिए विशेषकर गर्भवती माताओं के लिए बहुत फायदेमंद होती है। प्रदर रोग, अनियमित मासिक स्त्राव, अतिसार,उदरशूल आदि में पूरे पौधे का काढ़ा लाभप्रद होता है। स्त्रियों में रक्ताल्पता, योनी विकार आदि में इसका रस बहुत लाभकारी होता है. चर्म रोगों, अस्थमा, लैप्रोसी आदि में पत्तियों का ताजा रस लाभप्रद होता है।  सर्पदंश, जलने एवं कटने पर इसकी जड़ों का प्रलेप लगाने से लाभ होता है।


3.एनासाइक्लस पाइरेथ्रम (अकरकरा), कुल- कम्पोजिटी
अकरकरा फोटो कृषि फार्म अंबिकापुर


इस पौधे को अंग्रेजी में पेलिटरी रूट तथा हिंदी में अकरकरा के नाम से जाना जाता है जो एक बहुपयोगी बहुवर्षीय शाक है। वर्षा ऋतु प्रारंभ होते ही उपजाऊ पड़ती भूमि, सडक एवं रेल पथ किनारे यह खरपतवार के रूप में पनपता है। इसका तना रोएंदार और ग्रंथियुक्त होता है। इसकी जड़ और छाल का स्वाद चरपरा और मुंह में चबाने से गर्मी महसूस होती है। इसके पौधों में छोटे छोटे स्वेत बैगनी एवं पीले रंग के पुष्प मुंडक आकर में लगते है। इसके फूलों एवं पत्तियों का स्वाद भी तिक्त चरपरा होता है। इसका सम्पूर्ण पौधा औषधीय गुणों से परिपूर्ण होता है। आयुर्वेद के अनुसार अकरकरा रस में कटु एवं गुण में उष्ण प्रकृति का,बलकारक और कफ-वात का शमन करने वाला होता है। इसके अलावा यह रक्तशोधक, मुख दुगंधनाशक, दन्त रोग, ह्रदय की दुर्बलता, तुतलाहट, हकलाहट, रक्त संचार बढ़ाने में गुणकारी है। अकरकरा सिर दर्द,कंठशूल, ज्वर,उदर रोग,पक्षाघात एवं दन्त रोगों के उपचार में भी इस्तेमाल किया जाता है। इसकी जड़ को पीसकर माथे पर हल्का गर्म लेप करने से सिर दर्द समाप्त होता है। इसकी जड़ एवं फूल चबाने से अथवा काढ़े से कुल्ला करने से दांतों का दर्द एवं मुंह के छाले समाप्त होते है।  अधिक मात्रा में इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक भी हो सकता है।

4.एण्ड्रोग्रेफिस पैनिकुलेटा (कालमेघ), कुल- अकेन्थेसी

इस पौधे के अंग्रेजी में किंग ऑफ़ बिटर,द क्रेट तथा हिंदी में कालमेघ, किरायत के नाम से पहचाना जाता है। यह एक सीधा बढ़ने वाला शाकीय खरपतवार है, जो ग्रामीण क्षेत्रों, पड़ती भूमियों एवं वनों में पेड़ों के नीचे बहुतायत में उगता है। यह सीधा बढ़ने वाला मिर्च के पौधे जैसा 1-3 फीट ऊँचा पौधा होता है। बागानों में बाढ़ के रूप में भी इसे लगाया जाता है। इसके पत्ते दोनों किनारे पर नुकीले होते है।  इसके पौधे के पुष्पक्रम पर सितम्बर से लेकर नवम्बर तक सफ़ेद रंग के पुष्प खिलते है। कालमेघ के बीज छोटे पीले व भूरे रंग के होते है. इसका सम्पूर्ण पौधा औषधीय गुणों से परिपूर्ण होता है जिसमे कालमेगिन एवं एण्द्रोग्राफ़ोलाइड नामक कटु क्षाराभ पाया जाता है. इसकी पत्तियां कडवी होती है। इसका पौधा ज्वरनाशी, कृमिनाशी, क्षुदावर्धक होता है। यकृत विकार,भूख की कमी, पेट में गैस बनने, पेचिस, अतिसार, रक्त विकार,मलेरिया, ज्वर आदि में पत्तियों का रस अथवा चूर्ण सेवन करने से लाभ होता है। इसका रस देने से पेट के कीड़े बाहर निकल जाते है।  चर्म रोग,घमोरियों तथा कीड़ों के काटने पर पत्तियों का लेप फायदेमंद होता है।  मलेरिया बुखार, पेचिस तथा कमजोरी होने पर पत्तियों का काढ़ा पीने से लाभ मिलता है।


5.अकेलिफा इण्डिका (कुप्पी), कुल- यूफोर्बियेसी

कुप्पी फोटो साभार गूगल
इस पौधे को अंग्रेजी में इंडियन एकेलिफा तथा हिंदी में हरित कुप्पी, खोकली के नाम से जाना जाता है,जो युफ़ोर्बिएसी कुल का सीधे बढ़ने वाला वार्षिक शाक है। यह पौधा वर्षा ऋतु में फसलों के साथ, बंजर भूमि, सड़क एवं रेल पथ के किनारे विशेषकर छायादार स्थानों पर खरपतवार के रूप में बीज से उगता है। पत्तियां एकांतर,अंडाकार तीन शिराओं युक्त किनारों पर दांतेदार होती है।  पुष्प व फल-जून से सितम्बर तक होता है. पुष्पन के समय सम्पूर्ण पौधा औषधीय गुणों से परिपूर्ण होता है। इसमें एकेलिफिन क्षाराभ एवं सायनो जेनेटिक ग्लूकोसाइड प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। इसका सम्पूर्ण पौधा औषधीय गुणों से परिपूर्ण होता है.यह कफनाशक, मूत्र वर्धक होता है। ब्रोंकाइटिस, दमा, गठियावात में इसका चूर्ण लाभकारी होता है। इसका प्रलेप लगाने से सर्पदंश और कीड़ों का विष प्रभाव कम हो जाता है। पुराने घाव एवं अल्सर में पत्तियों का पेस्ट लगाने से आराम मिलता है।  पत्तियों के रस को तेल में मिलाकर लगाने से आर्थराइटिस में लाभ मिलता है। पत्तियों का रस कान दर्द में भी प्रयोग किया जाता है।


6.एकाइरेन्थस एस्पेरा (अपामार्ग), कुल- अमरेन्थेसी

अपामार्ग फोटो साभार गूगल
इस खरपतवार को अंग्रेजी में प्रिकली चैफ फ्लावर, रफ शैफ, हिंदी में चिरचिटा,उल्टेकाँटा, लटजीरा तथा संस्कृत में अपामार्ग के जाना जाता है। अपागार्ग अर्थात चिरचिटा एक झाड़ीनुमा पौधा होता है जो समूर्ण भारत में बारानी क्षेत्र, बंजर भूमि, सड़क एवं रेलपथ के किनारे, जंगलों में वृक्षों के नीचे एवं खेतों की मेड़ों पर वर्षा ऋतु के समय खरपतवार के रूप में उगता है। यह एक वर्षीय पौधा है जिसकी उंचाई 50 सेमी से लेकर एक मीटर के आस-पास होती है। इसका तना धारीदार हल्का हरा अथवा गुलाबी रंग का रोयेदार होता है. पत्तियां लम्बाई लिए हुए अंडाकार, नोकदार एवं चिकनी होती है। इसके लम्बे पुष्पक्रम पर डंठल रहित छोटे सफ़ेद नुकीले फूल होते है. इसमें सितम्बर से दिसंबर तक पुष्पन एवं फलन होता है.इसके पौधों से सटकर चलने से पुष्प/फल कपड़ों से चिपक जाते है। इसके सम्पूर्ण पौधे एवं जड़ में औषधीय गुण विद्यमान है। इसका पौधा मूत्रवर्धक, पाचक एवं विषहारी होता है। इसकी जड़ एवं पत्तियों का काढ़ा एवं अर्क उदर विकार, चर्म रोग, पेचिस, गठिया वात आदि में उपयोगी रहता है। इसकी जड़ को पानी में घोलकर पिलाने से पथरी रोग में लाभ होता है। चोट, रक्त स्त्राव अथवा घाव से रक्त बहने पर पत्तियों को पीसकर लगाने से खून बहना बंद हो जाता है तथा दर्द में आराम मिलता है. बर्र,ततैया,बिच्छू तथा सर्प के काटने पर इसकी ताज़ी जड़ को पीसकर डंक लगने वाले स्थान पर लगाने से जहर का असर कम हो जाता है। पौधे की राख शहद के साथ लेने से अस्थमा, पेट दर्द एवं खांसी में लाभदायक होती है। इसकी मोटी जड़ एवं टहनियों से दातून करने से दाँतों की सडन, दांतों का हिलना, मसूड़ों की कमजोरी एवं मुंह की दुर्गन्ध एवं पायरिया की शिकायत दूर होती है। अपामार्ग के बीजों की खीर मष्तिष्क रोगियों के लिए गुणकारी औषधि मानी जाती है। इसके सम्पूर्ण पौधे को जड़ सहित फल आने से पूर्व उखाड़कर एकत्रित कर लें एवं छाया में सुखा लेवें। बीज एकत्रित करने के लिए पौधे परिपक्व होने पर उखाड़ना चाहिए। इसके बाद पौधो को सुखाकर बीज अलग कर साफ़ कर बाजार में बेच सकते है. इसके पौधे एवं बीज बाजार में 15-20 रूपये प्रति किलो की दर से विक्रय हो जाते है।

7.अकंथोस्पर्मम हिसपिडम (छोटा धतूरा), कुल- एस्टेरेसी

छोटा धतूरा फोटो साभार गूगल
इस पौधे को अंग्रेजी में ब्रिस्ली स्टारबर एवं गोट हैड तथा हिंदी में छोटा धतूरा एवं गोखुरू कहते है। यह पौधा हल्की भूमियों में अधिक पनपता है परन्तु भारी भूमियों में भी फसलों के साथ वार्षिक खरपतवार के रूप में उगता है। ऊपरी उपजाऊ जमीनों के अलावा यह पौधा सड़क किनारे, रेल पथ एवं बंजर भूमियों में पनपता है। इसके तने पर रेशे पाए जाते है। इसमें जुलाई से नवम्बर तक पुष्पन एवं फलन होता है। पुष्प पीले रंग के होते है। इसके फल चपटे एवं त्रिकोड आकर के कांटे दार रोयें से ढंका होता है। इसके फल कपड़ों एवं जानवरों के शरीर में चिपक जाते है। इसकी पत्तियों में औषधीय गुण पाए जाते है। इसकी पत्तियां कफ, अस्थमा, सिर दर्द, पेट दर्द, मधुमेह,चर्म रोग, बुखार, पीलिया, पेट के कीड़े मारने आदि के उपचार में प्रयुक्त की जाती है। इसका काढ़ा शरीर में रोगप्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है। पत्तियों के तेल में जीवाणु नाशक एवं एंटी फंगल गुण पाए जाते है।

8.अनागेलिस अर्वेन्सिस (कृष्ण नील), कुल-प्रिमुलेसी
इस पौधे को अंग्रेजी में कॉमन पिम्परनेल तथा हिंदी में कृष्णनील और जोंकमारी के नाम से जाना जाता है। यह शीत ऋतु में फसलों के साथ, बाग-बगीचों एवं पड़ती भूमियों में पनपता है। इसके पौधे नम भूमियों में तेजी से जमीन पर फैलकर अथवा सीधे बढ़ते है। कृष्णनील का तना मुलायम तथा बिन्दुदार ग्रंथियों युक्त होता है। इसके पौधों में अक्टूबर से मार्च तक फूल और फल लगते है. इसकी दो प्रजातियाँ होती है जिन्मेस से एक में नीले और दूसरी प्रजाति में नारंगी लाल रंग के पुष्प लगते है। इसके बीज त्रिकोडीय एवं भूरे रंग के होते है। कृष्णनील के सम्पूर्ण पौधे में औषधीय गुण होते है। इसका पौधा ग्रंथिवात, लेप्रोसी, मिरगी, पागलपन एवं सर्पदंश में उपयोगी है। पागल कुत्ते के काटने से होने वाले रोग, मिरगी की दौरे, लैप्रोसी एवं गठिया वात होने पर पौधे का ताजा रस सेवन करने से लाभ होता है। कुष्ठ रोग, ग्रंथिवात एवं सर्पदंश में जड़ का प्रलेप लगाने से आराम मिलता है।

9.अल्टरेंथेरा सेसिलिस (गरुंडी साग), कुल- अमरेंथेसी
           
गरुंडी फोटो साभार गूगल
इस खरपतवार को अंग्रेजी में सेस्सिल जॉय वीड तथा हिंदी में गरुंडी साग, कांटेवाली संथी एवं फुलनी के नाम से जाना जाता है। इसके पौधे नम एवं उर्वरा भूमियों में अधिक पनपते है। धान के खेतों की मेंड़ों, चारागाह,नहरों, नालियों के किनारे तथा फसलों के साथ खरपतवार के रूप में जमीन में फैलकर अथवा अन्य पौधों के सहारे सीधे से बढ़ते है।  इसके पौधे बहुशाखीय होते है जिनमे वर्ष भर छोटे सफ़ेद फूल आते रहते है। नीचे की शाखाओं में जड़े फूटती है। फुलनी की मुलायम पत्तियों एवं कोमल टहनियों की भाजी बनाई जाती है। इसके पौधे में प्रोटीन,रेशा एवं खनिज तत्व पर्याप्त मात्रा में पाए जाते है।  इसके सम्पूर्ण पौधे में औषधीय गुण पाए जाते है। इसके पौधे मूत्रवर्धक. शीतल टॉनिक और रेचक गुण वाले होते है। इसकी पत्तियों का ताजा रस अथवा काढ़ा अस्थमा, कफ, बुखार,आँखों के रोगों और रतौंधी रोग के उपचार में लाभकरी होता है। इसके 3-4 ताजे फूल सुबह चबाने से आँखों की रौशनी बढती है एवं रतौंधी की रोकथाम होती है। खुनी उल्टी होने पर जड़ों के काढ़े में नमक मिलाकर देने से लाभ होता है।  इसके पौधों का एक चम्मच काढ़ा प्रति दिन खाली पेट लेने से बवासीर एवं पीलिया रोग में आराम मिलता है. इसकी पत्तियों के रस को गाय के दूध में मिलाकर पीने से शरीर में उर्जा एवं स्फूर्ति आती है। इसके अलावा औषधीय केश तेल और काजल बनाने में पत्तियां एक घटक के रूप में इस्तेमाल की जाती है।  जानवरों को इसका चारा खिलाने से दूध उत्पादन बढ़ता है।
10.एटीलोसिया स्कारबायोइड्स (जंगली तुअर), कुल            
इस पौधे को अंग्रेजी में वाइल्ड पिजन पी तथा हिंदी में वनतुअर/जंगली अरहर कहते है। यह समस्त भारत में पड़ती भूमियों एवं खेतों की मेड़ों पर खरपतवार के रूप में उगने वाली वार्षिक/बहुवर्षीय शाक है. इसके बीज छोटे एवं काले होते है।  पौधों में सितम्बर से दिसंबर तक फूल और फल बनते रहते है।  इसके सम्पूर्ण पौधे का औषधि रूप में प्रयोग किया जाता है।  इसके पौधे का इस्तेमाल पैरो के दर्द, बुखार, जलने पर, घाव, चेचक, दस्त एवं सर्पदंश के उपचार में किया जाता है. जानवरों में पोकनी रोग होने पर इसके पौधों को पीसकर उन्हें खिलाया जाता है।
11.अल्हागी कैमेलोरम (जवासा), कुल-
             इस पौधे को अंग्रेजी में केमल्स थार्न तथा हिंदी में जवासा एवं दुर्लभा कहते है।  यह शीत एवं ग्रीष्म ऋतु में भूमिगत प्रकंदों एवं जड़ों से उगने वाला बहुवर्षीय खरपतवार है। उर्वर भूमियों एवं बंजर रेतीली भूमियों में यह पौधा अधिक उगता है। इसके पौधे में कठोर कांटे होते है। इसके कांटो के अक्ष से लाल रंग के पुष्प फरबरी से अप्रैल तक निकलते है। इसका पौधा मूत्रवर्धक एवं रेचक गुणों से युक्त होता है। मुत्रअवरोध में इसका ताजा रस देना लाभकारी होता है। पत्तियों एवं फूल का प्रलेप शिर दर्द, बवासीर में उपयोगी होता है। इसका काढ़ा खांसी में लाभप्रद है. इसकी पत्तियों एवं तना से निकलने वाले स्त्राव को मूत्रवर्धक एवं मलभेदक माना जाता है।

12.एबेलमोसस मोस्कैटस (मुश्कदाना), कुल मालवेसी
               इस पौधे को अंग्रेजी में मुश्क मेलो तथा हिंदी में मुश्क दाना एवं कस्तूरी भिन्डी के नाम सी जाना जाता है। मुश्क दाना का पौधा एक वर्षीय/बहुवर्षीय क्षुप है जो बंजर भूमि, बाग़-बगीचों तथा कभी कभी फसलो के साथ वर्षा ऋतु में उगता है। इसके पौधे भिन्डी के पौधे जैसे दिखते है। पौधों में पुष्पन एवं फलन अक्टूबर-नवम्बर से फरवरी तक होता रहता है। इसके पुष्प पीले तथा मध्य में बैगनी-लाल रंग के होते है जो एकल पुष्पक्रम में लगते है। इसमें भिन्डी के समान परन्तु कम लम्बे एवं मोटे होते है. इसके दानों में सुगन्धित तेल पाया जाता है जिसकी सुगंध कस्तूरी मृग की नाभि में पाए जाने वाली कस्तूरी की सुगंध से मिलती जुलती है. इसके सम्पूर्ण पौधे एवं बीज में औषधीय गुण पाए जाते है। मुश्कदाना के बीज के छिलके में बहुमूल्य उड़नशील तेल पाया जाता है जिसका उपयोग बहुत से खाने वाले पदार्थो (पान मशाले, बेकरी, आइसक्रीम, पेय पदार्थ आदि) को सुगन्धित बनाने में किया जाता है। औषधि की रूप में यह ह्रदय रोग के लिए कारगर माना जाता है। इसके बीज उत्तेजक, उदर शूल नाशक, शक्ति वर्धक, टॉनिक, कफ वात नाशक, प्यास को शांत करने वाला होता है। बीजों का प्रयोग आंत्र की गड़बड़ी,मूत्र विसर्जन तंत्रिका तंत्र एवं चर्म रोगों के उपचार में किया जाता है। बीज का काढ़ा गठिया वात, बुखार, सर्पदंश एवं दमा रोग में लाभदायक माना गया है।  मुश्कदाना की जड़ों का चूर्ण सूजन कम करने के लिए पुल्टिस के रूप में प्रयोग करते है. मुश्कदाना के पौधों को कुचलकर गुड़ बनाते समय उसे साफ़ करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। 
13.एकोरस कैलमस (बच), कुल
                 इस पौधे को अंग्रेजी में स्वीट फ्लैग रूट तथा हिंदी में घोड़ा बच, सफ़ेद बच के नाम से भी जाना जाता है जो एक सगंधीय और औषधिय महत्त्व का झाड़ीनुमा पौधा है। घोडा बच के पौधे अधिक ऊंचे (2-4 फीट) यह नम एवं दलदली भूमि, तालाबों,नदी-नालों के किनारे, धान के खेतों में प्राकृतिक रूप से उगता है, परन्तु आयुर्वेद में इसकी महत्ता को देखते हुए आज कल बच की खेती भी की जाने लगी है। इसके राइजोम भूमिगत, लम्बे, सफ़ेद एवं तीव्र गंध वाले होते है। बच की पत्तियां हल्के हरे रंग की चपटी, लम्बी, मोटी, रेखाकार एवं मध्य शिरायुक्त सुगन्धित होती है। इसके पौधों के पुष्पक्रम (बाली) में हल्के पीले रंग के पुष्प लगते है। इसके फल गोल आकार एवं लाल रंग के होते है। बच की पत्तियों, कंद एवं मूल से बहुपयोगी उड़नशील तेल प्राप्त होता है.विभिन्न प्रकार की औषधि निर्माण में बच (तेल) का इस्तेमाल किया जाता है।  बच अधिक गंधयुक्त, चटपटा-तीखा, शक्तिवर्धक है। यह मूत्र विकारों, वात रोग, कफ, दर्द नाशक, मिरगी एवं अफरा को दूर करने वाली औषधि है। विभिन्न प्रकार के द्रव्यों को सुवासित करने में इसके तेल का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी कन्दो के सूखे चूर्ण का इस्तेमाल पेट के कीड़े मारने एवं स्वांस -दमा रोग के उपचार में किया जाता है।

14.अजरेटम कोनीज़ोइड्स (महकुआ), कुल-एस्टेरेसी
इस खरपतवार को अंग्रेजी में गोटवीड तथा हिंदी में मह्कुआ,सरहन्द और अजगंध के नाम से जाना जाता है, जो एस्टेरेसी कुल का सीधे बढ़ने वाला वार्षिक पौधा है। यह पौधा खरीफ फसलों के साथ, खाली पड़ी बंजर भूमियों, सड़क एवं रेल पथ के किनारों विशेषकर शुष्क क्षेत्रों में बीज से पनपता है।  इसकी शाखाओं में छोटे एवं मुलायम रोयें पाए जाते है। इसके पौधों में अगस्त से मार्च तक हल्के नीले या सफ़ेद रंग के पुष्प बनते है। इसके पौधे एवं फूलों में तीक्ष्ण दुर्गन्ध होती है। मह्कुआ की जड़ों, पत्तियों, फूल एवं बीज में औषधीय गुण पाए जाते है।  इसकी पत्तियों एवं टहनियों का गर्म प्रलेप खाज-खुजली, खुष्ठ रोग एवं अन्य चर्म रोगों में लाभदायक होता है। शरीर पर खरोंच एवं घाव होने पर पत्तियों का लेप लगाने से खून बहना रुकता है एवं घाव शीघ्र भरता है। इसके पौधे का काढ़ा अतिसार एवं उदरशूल में उपयोगी होता है।  इसके अर्क का उपयोग मूत्राशय एवं किडनी आदि की पथरी रोग में उपयोगी है। आदवासी एवं वनवासी इस पौधे से अनेक रोगों जैसे सफेद दाग, शरीर में सुजन, बवासीर, मूत्र विकार, चर्म रोग एवं सर्पदंश के उपचार में करते है।

15.आर्जीमोन मेक्सिकाना (सत्यानाशी), कुल-
             इस खरपतवार को अंग्रेजी में प्रिकली पॉपी, मैक्सिकन पॉपी तथा हिंदी में सत्यानाशी, कटेली, पीलाधतुरा के नाम से जाना जाता है। यह शीत ऋतु की फसलों का प्रमुख एक वर्षीय खरपतवार है। शुष्क क्षेत्रों की उपजाऊ भूमियों, सड़क एवं रेल पथ के किनारे भी यह पौधा उगता है। इसमें डंठल रहित हल्की नीली पत्तियां तने से चिपकती हुई बहार की ओर बढती है। पत्तियों के किनारे पर असमान कटाव एवं नुकीले कांटे पाए जाते है. इसके पौधे को तोड़ने पर पीले रंग का रस निकलता है। पोधों में पीले रंग के पुष्प शाखाओं के सीमाक्ष पर निकलते है। पौधों में पुष्पन एवं फलन जनवरी से जून तक होता है। इसके बीज सरसों के बीज जैसे काले-भूरे या पीले रंग के होते है। सत्यानाशी में बरबेरिन तथा प्रोटोपाइन नामक क्षाराभ पाया जाता है। इसका तेल जहरीला होता है. इसके पौधे का पीला अर्क मूत्रवर्धक तथा पुनर्नवीकरण गुण वाला माना जाता है जो चर्म रोग एवं सुजाक में उपयोगी होता है. अल्सर, वात दर्द और घमोरी में इसका प्रलेप लाभकारी होता है. इसका काढ़ा मूत्र रोग, पथरी रोग एवं चर्म रोग में फायदेमंद होता है. कफ, खांसी, अस्थमा एवं फेफड़ों से सम्बंधित समस्याओं में नियंत्रित मात्रा में बीज का चूर्ण लेने से आराम मिलता है। इसके तेल अथवा सरसों के तेल में इसकी मिलावट वाले तेल के सेवन से ड्रापसी रोग हो जाता है. इसके तेल के प्रलेप से खुजली एवं अन्य चर्म रोगों में लाभ मिलता है।
15.एरिस्टोलोचिया ब्रैक्टोलटा (कीड़ामार), कुल- एरिस्टोलोचियेसी
             इस पौधे को अंग्रेजी में वर्मकिलर, संस्कृत में धूमपत्र एवं हिंदी में कीड़ामार के नाम से जाना जाता है। यह बहुवर्षीय लता युक्त शाकीय खरपतवार है। यह पौधा बाग़-बगीचों और खेत की मेंड़ो, सडक और रेल पथ किनारों पर भूमि के सहारे फैलती है। इसकी पत्तियां ह्र्द्यकार, नीचे से चौड़ी एवं ऊपर नुकीली होती है। इसके पौधों में गोल सहपत्र वाले बैगनी रंग के एकल पुष्प पत्तियों के कक्ष से निकलते है. इसमें फल सम्पुटिका लम्बी एवं छः कोष्ठीय धारीदार होती है। बीज पतले एवं ह्र्द्यकार होते है। इसके सम्पूर्ण पौधे में औषधीय गुण विद्यमान होते है। इसका पौधा ज्वर नाशक एवं मृदुरेचक होता है। चर्म रोग में पत्तियों को पीसकर अरंडी के तेल में मिलकर लगाने से आराम मिलता है। कीड़ों के काटने से उत्पन्न घाव में पत्तियों का अर्क लगाने से लाभ होता है। ज्वर, गर्मी एवं सुजाक में पत्तियों का अर्क दूध के साथ लेने से फायदा होता है। बदहजमी एवं पेट दर्द में पत्तियों के चबाने से आराम मिलता है। पेट से गोलकृमि नष्ट करने के लिए इसकी जड़ को कारगर औषधि माना गया है. वात विकार, सुजाक एवं दमा में इसके फलों को दूध के साथ उबालकर खाने से राहत मिलती है।
16.अस्परेगस रेसिमोसस (सतावर), कुल-अस्परगेसी

इस पौधे को अंग्रेजी में अस्परेगस, संस्कृत में शतमूली एवं हिंदी में सतावर के नाम से जाना जाता है। यह बहुवर्षीय आरोही लतानुमा पौधा है जो बाग़-बगीचों एवं छायादार स्थानों में खरपतवार के रूप में उगता है। घर की बगियाँ में भी इसे अलंकृत लता के रूप में लगाया जाता है। इसकी लता लम्बी एवं कोमल, तना काष्ठीय एवं कांटेदार होता है। इसकी शाखाएं भूमि के सामानांतर निकलती है जिनमे अनेक उपशाखायें निकलती है. सतावर में पत्तियां नहीं होती है बल्कि हरी पत्तियों के समान कोमल गोल धागेनुमा सरंचनाये विकसित होती रहती है। इसमें जड़े प्रकन्द की भांति होती है जो जमीन के अन्दर समानांतर लम्बी बढती है। पुष्प छोटे सफ़ेद रंग के सुगन्धित होते है जो गुच्छों में आते है। फल छोटे हरे तथा पकने पर लाल रंग के (रसभरी जैसे) हो जाते है। सतावर की मांसल जड़ों में औषधीय गुण पाए जाते है। इसके प्रकन्द/जड़े शांतिप्रदायक, दाहनाशक,मुत्र्वर्धक, क्षुदावर्धक, बल वर्धक, कफनिस्सारक एवं नेत्रों के लिए हितकारी होती है। इसकी जड़ों का काढ़ा अतिसार, क्षय रोग, व्रणशोथ, मन्दाग्नि,लेप्रोसी,रतौंधी, वृक्क एवं पित्त विकारों में लाभदायक है। इसकी जड़ का चूर्ण दूध और शक्कर के साथ नियमित रूप से पीने से बल और बुद्धि का विकास तेज होता है। इसके मूल से सिद्ध तेल का बाह्य प्रयोग चर्म रोग, वात रोग, दौर्बल्य एवं शिरा रोग में गुणकारी माना जाता है।

17.बकोपा मोनिराई (ब्राह्मी), कुल- स्क्रोफुलैरिएसी          
इस पौधे को ब्राह्मी तथा सोम्यलता के नाम से जाना जाता है जो एक बहुवर्षीय शाक है। यह वनस्पति सम्पूर्ण भारत में नम एवं जल भराव वाले छायादार स्थानों, सिंचित क्षेत्रों, नदी, नालों एवं तालाबों के किनारे साल भर उगती है।  इसका पौधा मुलायम, चिकना एवं अत्यधिक शाखाओं युक्त होता है जो भूमि में रेंगकर बढ़ता है। इसकी पत्तियां पर्णवृन्त रहित, वृक्काकार होती है जिनकी निचली सतह बिन्दीदार होती है। इसके ताने की प्रत्येक पर्व से पतले धागे सदृश्य जड़े निकलती है। इसकी पत्तियों के अक्ष से छोटे नीले-श्वेत रंग के पुष्प बसन्त ऋतु में आते है। यह वनस्पति बुद्धिवर्धक, शीतल प्रकृति तथा तंत्रिकातंत्र के लिए बलवर्धक होती है। अनिद्रा, उच्चरक्तचाप, अस्थमा, मिरगी, गला बैठना तथा बुखार होने पर इसकी पत्तियों का रस पिने से आराम मिलता है.कफ, ब्रोंकाइटिस एवं वक्ष रोग होने पर पत्तियों का गर्म प्रलेप लाभकारी माना जाता है। गला बैठने पर इसकी पत्तियां चबाने से लाभ होता है। सूखी पत्तियों का चूर्ण अथवा काढ़ा खांसी, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस तथा कब्ज में लाभकारी होने के साथ-साथ मस्तिष्क टॉनिक के रूप में भी फायदेमंद होता है। इसकी पत्तियों का अर्क या काढ़ा प्रति दिन सेवन करने से बुद्धि एवं स्मरण शक्ति में वृद्धि होती है।

18.बर्लेरिया प्रिआनिटिस (पिया बासा), कुल-अकैंथेसी             इस वनस्पति को अंग्रेजी में बर्लेरिया, हिंदी में कटसरैया एवं पियाबासा तथा संस्कृत में कुरन्टक, कहते है. यह बहुवर्षीय सीधे बढ़ने वाला झाड़ीनुमा शाक है बाग़-बगीचों, खेतों की मेंड़ो एवं सड़क किनारे उगते है. इसकी अनेक प्रजातियाँ यथा श्वेत, नीला या बैगनी एवं पीले पुष्प वाली होती है. इसे गमलों में शोभाकारी पौधा के रूप में भी लगाया जाता है।  इसके पौधे क्षुप कांटेदार होते है.इसमें अनेक शाखाएं जड़ से निकलती है.इसकी पत्तियों और शाखाओं के बीच से काँटे जोड़े से निकलते है।  पुष्प छोटे, घंटाकर लालिमा युक्त पीले रंग के होते है।  इसकी कलियाँ, फल एवं बीज भी कांटोंयुक्त होते है। औषधीय प्रयोजन में पीले पुष्प वाली कटसरैया उपयोगी है. इसका पौधा कफ एवं वित्त नाशक, मूत्रल, शोथहर एवं विष के प्रभाव को कम करने वाला होता है. इसकी पत्तियों को चबाने अथवा पत्तियों के साथ उबले पानी से गरारे करने से दांत मजबूत होते है एवं दर्द में राहत मिलती है। त्वचा रोग, घाव, सूजन, चेहरे पर कील-मुंहासे में पत्तियों का प्रलेप लाभकारी है।  इसकी पत्तियों का अर्क बुखार, पेट दर्द के लिए हितकारी है। साइटिका, हाथ-पैरों की जकडन में इसकी पुल्टिस बाँधने से लाभ होता है. कफ-खांसी में पत्तियों का काढ़ा सेवन करने से आराम मिलता है। 

19.ब्लूमिया लासेरा (कुकरौन्दा), कुल- एस्टरेसी
           इस खरपतवार को कुकरौंधा या कुकड़छिदि के नाम से जाना जाता हैं। ये पौधा बरसात के दिनों में बहुतायत से उगता है। इसके पत्ते कासनी के पौधे से मिलते जुलते होते हैं। इसके पत्ते रोएंदार होते हैं। पत्तों का रंग गहरा हरा होता है। इसमें एक बहुत तेज़ गंध आती है। इसमें पीले फूल खिलते हैं. फूलों के बाद बीज रूई के रेशों के आकर में हवा में उड़ते हैं।  यह पौधा बरसात में उगकर मार्च अप्रैल तक रहता है. यह बवासीर के बड़ी दवा है। इसके पौधे को कुचलकर रस निकाल कर उसमें रसौत भिगो दें। रसौत के घुल जाने पर इसे धीमी आंच पर पकाएं और गोलियां बनाकर रख लें। ये गोलियां बवासीर में लाभकारी हैं। बर्ड फ्लू में भी कुकरौंदा लाभकारी है. इसके पत्ते पीसकर गोलियां बनाकर खिलाने से पक्षी ठीक हो जाते हैं.घावों पर इसकी पत्तियों का रस लगाने से घाव जल्दी भर जाते हैं। यह एंटीसेप्टिक का कार्य करता है। इसके अलावा यह त्वचा रोग में लाभकारी है।

20.बोरहैविया डिफ्यूजा (पुनर्नवा), कुल- निक्टाजिनेसी
            इस वनस्पति को अंग्रेजी में हॉगवीड और पिगवीड तथा हिंदी में पुनर्नवा, गदहपर्णी कहते है। यह बीज से पनपने वाला भूमि के सहारे बढ़ने वाला वर्षा ऋतु का खरपतवार है। यह पौधा फसलों के साथ, खली पड़ी भूमियों, सडक एवं रेल पथ किनारे उगता है। भारत में इसकी चार प्रजातियाँ होती है जिनमे से सफ़ेद और लाल पुनर्नवा प्रमुख है। सफ़ेद पुनर्नवा के पत्ते,डंठल एवं फूल सफ़ेद होते है।  लाल पुनर्नवा की टहनियां एवं फूल गुलाबी-लाल रंग के होते है. पुष्प पत्ती के अक्ष से गुच्छे में निकलते है। औषधीय के रूप में लाल प्रजाति का प्रयोग किया जाता है जबकि सफेद पुनर्नवा को भाजी के रूप में खाया जाता है। इसका साग, सब्जी अथवा काढ़ा स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी होता है। पुनर्नवा के सम्पूर्ण पौधे को औषधीय रूप में इस्तेमाल किया जाता है. इसे नव जीवन प्रदान करने वाली औषधि माना जाता है. पुनर्नवा खाने में ठंडी, सूखी एवं हल्की होती है।  कफ, पेट के रोग, जोड़ों की सुजन, एनीमिया, ह्रदय रोग, लिवर, पथरी, खांसी, मधुमेह, शरीर दर्द निवारण एवं शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में कारगर औषधि माना जाता है। इसकी पत्तियों का प्रलेप फोड़ा-फुंसी में लगाने से दर्द और सुजन में आराम मिलता है. बच्चो में पीलिया होने एवं बलगम बनने पर इसकी पत्ती एवं जड़ का रस देने से लाभ मिलता है। इस वनस्पति की जड़ सूखी खांसी, अस्थमा,कब्ज, पीलिया, उदरशूल,ब्रोंकटाइटिस आदि के निदान में उपयोगी है।  उदर कृमि,पेचिस तथा शिथिलता में जड़ का काढ़ा देने से लाभ मिलता है।  सर्पदंश में जड़ का प्रलेप घाव में लगाने से विष का प्रभाव कम होता है।
 
शेष भाग अगले ब्लॉग पर.........

नोट : मानव शरीर को स्वस्थ्य रखने में खरपतवारों/वनस्पतियों के उपयोग एवं महत्त्व को हमने ग्रामीण क्षेत्रों के वैद्य/बैगा/ आयुर्वेदिक चिकित्स्कों के परामर्श तथा विभिन्न शोध पत्रों/ आयुर्वेदिक ग्रंथों एवं स्वयं के अनुभव से उपयोगी जानकारी उक्त वनस्पतियों के सरंक्षण एवं जनजागृति एवं किसान एवं ग्रामीण भाइयों के लिए आमदनी के अतिरिक्त साधन बनाने के उद्देश्य से प्रस्तुत की है। अतः किसी वनस्पति का रोग निवारण हेतु उपयोग करने से पूर्व प्रतिष्ठित आयुर्वेद चिकित्सक से परामर्श अवश्य लेवें। किसी भी रोग निवारण हेतु हम इनकी अनुसंशा नहीं करते है। अन्य उपयोगी वनस्पतियों के बारे में उपयोगी जानकारी के लिए हमारा अगला ब्लॉग देख सकते है।

कृपया ध्यान रखें: बिना लेखक/ब्लोगर की पूर्व अनुमति के बिना इस लेख को अन्यंत्र प्रकाशित करना अवैद्य माना जायेगा। यदि यह आलेख या ब्लॉग की सामग्री प्रकाशित करना चाहते है तो लेख में ब्लॉग का नाम,लेखक का नाम और पता देना अनिवार्य रहेगा। साथ ही प्रकाशित पत्रिका की एक प्रति लेखक/ब्लागर को भेजना सुनिशित करेंगे।